राष्ट्रीय

असम : दो लोगों को मारने वाले जंगली भैंसे को किया गया ढेर
15-Jan-2021 8:39 PM
असम : दो लोगों को मारने वाले जंगली भैंसे को किया गया ढेर

गुवाहाटी, 15 जनवरी | अरुणाचल प्रदेश की सीमा से लगे उत्तरी असम के बिश्वनाथ जिले में दो लोगों को मारने वाले भैंसे को आखिरकार सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारकर ढेर कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भैंसे ने गुरुवार को बिश्वनाथ जिले में एक युवक को मार डाला था, जबकि भैंसे के हमले में एक अन्य व्यक्तिकी शुक्रवार को मौत हो गई। इसके अलावा जंगली जानवर ने उसी क्षेत्र में दो अन्य लोगों को घायल कर दिया।

वन और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, काजीरंगा नेशनल पार्क के जंगली भैंसे ने 55 वर्षीय एक ग्रामीण सुकुर अली पर हमला किया और दो अन्य को घायल कर दिया।

एक वन अधिकारी ने कहा कि भैंस के हमले में घायल हुए एक और व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस के कर्मी गांव पहुंचे।

वन अधिकारी ने मीडिया से कहा, "शुरुआत में जंगली भैंसे को हमने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में धकेलने की कोशिश की, क्योंकि हमारी पहली प्राथमिकता हमेशा जंगली जानवरों की रक्षा करना है। लेकिन इसने हमारा पीछा किया और हमारे पास इसे आत्मरक्षा में गोली मारने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।"

दोनों घायल व्यक्तियों को बाद में एक अस्पताल में भेज दिया गया।

जंगली जानवर ने गुरुवार को 43 साल के जयंत दास की हत्या कर दी, जिससे बिश्वनाथ जिले में लोगों का गुस्सा भड़क गया।

गुरुवार को बिश्वनाथ वन्यजीव प्रभाग के केंद्रीय रेंज कार्यालय और वन विभाग की एक कार पर सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने आगजनी की।

ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। गुस्साई भीड़ को शांत करने में पुलिस और वन अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। (आईएएनएस)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news