राजनांदगांव

विधायक ने किया घासिनबाई की प्रतिमा का अनावरण
23-Jun-2022 6:11 PM
विधायक ने किया घासिनबाई की प्रतिमा का अनावरण

स्वास्थ्य कार्यकर्ता को याद कर भावुक हुए ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जून।
छुरिया इलाके के ग्राम बम्हनी चारभाठा के उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ रही स्वास्थ्य कार्यकर्ता स्व. घासिनबाई की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। अल्पायु में स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान की याद में ग्रामीणों ने यह पहल की। इस प्रतिमा का अनावरण विधायक छन्नी चंदू साहू ने किया। इस दौरान ग्रामीणों की आंखें नम रही।

स्व. घासीन बाई कोरोना की दूसरी लहर में जिंदगी की जंग हार गई थी। दस नवंबर 2020 को 34 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। वे दिव्यांग थीं, बावजूद इसके वे क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए एक बड़ा सहारा बनी रही। कोरोना संक्रमण के शुरूआती दौर में भी उन्होंने खतरा मोल लेकर ग्रामीणों की सेवा की। पलायन कर चुके ग्रामीणों के वापस लौटने पर क्वारंटीन सेंटर में उनकी पूछ-परख, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करना जैसे कार्य वे करती रही। क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के लिए भी वे बड़ा सहारा रही। उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र में ही कई प्रसव कराए। वे संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत रही।

कार्यक्रम में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई व घासिनबाई को श्रद्धांजलि दी गई। सरपंच संघ छुरिया अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू व ग्रामीणों ने प्रतिमा बनवाकर गांव में त्योहार मनाकर घासिनबाई को याद कर श्रद्धांजलि  दी। खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने घासिनबाई के कार्यों को सराहते प्रतिमा अनावरण पर सरपंच धर्मेंद्र साहू व समस्त ग्रावासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति ही सभी को समुदाय व संस्कृति से जोड़े रखे हुए हैं। उनका समर्पण भाव सबसे अधिक है। इतिहास में कई महिला शक्तियों की गाथाएं अमर हैं। अब घासीन भी उनमें शुमार है। उन्होंने कहा कि ऐसे बेहद कम लोग ही होते हैं, जो अपने से परे दूसरों की चिंता और बेहतरी के लिए अपनी जान तक दाव पर लगा दें। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी,  मन्ना यादव, पंकज बांधव, राहुल तिवारी, प्रकाश, एकनाथ सिन्हा, भीखम देवांगन, अलाली राम यादव, कमलेश यादव, कन्हैया कोले, मदन नेताम व क्षेत्र के अन्य ग्रामों के सरपंच, पटेल, ग्राम विकास समिति के सदस्य व ग्रामवासी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news