जशपुर

जिला अस्पताल के घोटालेबाजों को बचाना कांग्रेस और विधायक को पड़ेगा भारी-भाजपा
25-Jul-2023 3:25 PM
जिला अस्पताल के घोटालेबाजों को बचाना कांग्रेस और विधायक को पड़ेगा भारी-भाजपा

धरना प्रदर्शन में भाजपाईयों के निशाने पर रहे विधायक विनय भगत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 25 जुलाई।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता से 36 झूठे वायदे करके,छल किया है। इसकी सजा, प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस को आने वाले विधानसभा चुनाव जनता सजा जरूर देगी। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य विष्णुदेव साय ने कही। वे जिला मुख्यालय जशपुर में आयोजित विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय धरना में जुटे लोगों को संबोधित कर रहे थे। 

इस कार्यक्रम में चुनावी मोड में आ चुके भाजपा के नेताओं ने प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार के साथ स्थानीय विधायक विनय भगत पर तीखा आक्रमण किया। सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत जशपुर की अध्यक्ष रायमुनि भगत ने कहा कि जशपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो चुका है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जशपुर विधानसभा की जनता पेंशन, राशनकार्ड जैसी छोटी छोटी समस्याओं के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहें हैं। लेकिन विधायक विनय भगत को नाचने से फुर्सत नहीं है। 

उन्होंने कहा कि जशपुर विधानसभा में जमीन की गड़बड़ी के मामले लगातार सामने आ रहें हैं। इससे सबसे अधिक आदिवासी और पहाड़ी कोरवा प्रभावित हो रहें हैं। लेकिन, जशपुर विधायक ने इस पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है। उन्होनें आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को अपनी उपलब्धि बता कर,प्रदेश सरकार और विधायक,झूठी वाहवाही लूट रहे हैं। 

पूर्व मंत्री गणेश राम भगत ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विधायक विनय भगत को घेरते हुए कहा कि जनता के स्वास्थ्य के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए 12 करोड़ रूपए का बंदरबांट हो गया। जांच में स्वास्थ्य घोटाले की पुष्टि भी हो गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर दोषियों को कुछ दिनों के लिए निलंबित करके,पुन: जिला चिकित्सालय में सरकार ने पदस्थ कर दिया है। यह सब किसके इशारे पर हो रहा है। 

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जशपुर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की जो कोशिश की जा रही है, इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। 80 और 90 के दशक में जिस प्रकार अधिकारियों को बंधक बना लिये जाने की घटनाएं हुआ करती थी, वह स्थिति फिर से बन सकती है। यह स्थिति आम जनता के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी बेहद चुनौतीपूर्ण बन जाएगी। 

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि जशपुर विधानसभा,कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल में 30 साल पीछे चला गया। विधायक विनय भगत,अपनी जिम्मेदारी निभाने की जगह,लोगों का मनोरंजन करके, मुद्दे से भटकाने की कोशिश कर रहें हैं। उन्होनें आरोप लगाया कि विधायक की शह पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का गोरखधंधा तेजी से फलफूल रहा है। 

जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल में उसका असली चेहरा सामने आ चुका है। झूठे वायदे करने वाली सरकार,अब अपने सामने खड़ी हुई हार को देख कर एक बार फिर बिदाई की बेला में झूठी घोषणाएं करके लोगों को बरगलाने को कोशिश कर रही है। लेकिन,जनता असलियत को जान चुकी है। अब वह बहकावे में नहीं आएगी।

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ के युवाओं के साथ जो छल किया है वह अक्षम्य है। बेरोजगारी भत्ता के नाम पर जो नियम और शर्तो का पहाड़ लादा गया है, वह बेरोजगारी से जूझ रहे युवा वर्ग के साथ क्रूर मजाक से कम नहीं है। इसकी भारी कीमत कांग्रेस को चुकानी होगी। 

धरना प्रदर्शन के दौरान,भाजपाईयों ने विधानसभा चुनाव 2018 के लिए कांग्रेस द्वारा जारी किये गए जनघोषणा पत्र की प्रतियां जला कर अपना कड़ा विरोध जताया। भाजपाईयों ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ का पुलंदा जारी कर,मतदाताओं को भ्रमित किया और सत्ता हथियाया है। धरना को विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, डीडीसी लालदेव भगत, गोविंद भगत, शारदा प्रधान, विजय आदित्य सिंह जूदेव, राजकपूर भगत, देवधन नायक, कृपा शंकर भगत, दीपक गुप्ता ने भी सम्बोधित किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान ने बताया कि धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से  प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, नगरपालिका उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, गोपाल राय, सुरेश राम भगत, देवेंद्र गुप्ता, रजनी प्रधान, रूपेश सोनी, नितिन राय, शरद चौरसिया, विक्रांत सिंह, संतोष सिंह, संजीव ओझा, सावित्री सिंह, अरविंद भगत, सज्जु खान, मुकेश सोनी, विकास सोनी, आकाश गुप्ता, दीपक अंधारे,  राधेश्याम राम, गंगा राम भगत, विनोद निकुंज, गणेश गुप्ता, राजा सोनी, आशु राय, सुषमा सिंह, सावित्री सिंह, शोभापति दीवान, अभिषेक मिश्रा, राहुल गुप्ता, अभ्युदय मिश्रा, ऋत्विक जैन, रिशु केसरी, गुड्डू सिन्हा, अभिषेक गुप्ता, नीतू गुप्ता, सावित्री निकुंज, बेंजामिन कुजूर सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news