जशपुर

विधानसभा स्तरीय बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने साझा की पार्टी की संघर्ष गाथा
06-Sep-2023 3:25 PM
विधानसभा स्तरीय बैठक में भाजपा के वरिष्ठ  नेताओं ने साझा की पार्टी की संघर्ष गाथा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 6 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में मंगलवार को विधानसभा स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठजनों ने जशपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के संघर्षकाल के सफर को साझा किया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गणेश राम भगत ने कहा भारतीय जनता पार्टी का सफर राम राज्य पार्टी से शुरू हुआ था। इसके बाद जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। पुराने दिनों को याद करते हुए, उन्होंने बताया कि 1960 और 70 का दशक,राजनीतिक और सामाजिक,परिस्थिति के लिहाज से बहुत कठिनतम दौर था। क्षेत्र में कांग्रेस का एकछत्र राज हुआ करता था। 

कांग्रेस के खिलाफ अपनी पार्टी के प्रचार के लिए जब हम लोग जमीन में उतरा करते थे, तो लोग हमारी बातों को सुनने के लिए तैयार नहीं हुआ करते थे। संसाधनों की कमी भी थी। यह दौर समर्पित कार्यकर्ताओं की थी। लोग स्वयं के साधन से घोड़ा, बैलगाड़ी और साइकिल से ग्रामीण अंचल की दूरी तय किया करते थे। गांव में लगने वाले हाट बाजार में खड़े हो कर,प्रचार कार्य किया करते थे। जशपुर रियासत के पूर्व राजा विजय भूषण का स्मरण करते हुए उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए विजय भूषण सिंह साथ में रहा करते थे। ग्वालियर की राजमाता विजय राजे सिधिंया का जशपुर आगमन हुआ तो,कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा और पार्टी के पक्ष में महौल बनना शुरू हुआ। पार्टी के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री प्रभारी राम प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कार्यकर्ताओं की तपस्या और बलिदान के बल पर शून्य से शिखर तक का अभूतपूर्व सफर तय किया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने अंधेरा हटेगा,कमल खिलेगा का नारा दिया था। इस नारा ने कार्यकर्ताओं के मन में ऐसा उत्साह का संचार किया कि 1996 में भारतीय जनता पार्टी ने नया इतिहास रच दिया। पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा जशपुर जैसे वनांचल क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी आज जिस मजबूत स्थिति पर खड़ी हुई है,यह सब पार्टी कार्यकर्ताओं की देन है। 

दिलीप सिंह जूदेव,बलराम सोनी जैसे समर्पित  नेताओं ने इस पार्टी को अपने खून पसीने सींचा है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव, सामने खड़ा हुआ है। इस चुनाव में हम सबका एक ही लक्ष्य होना चाहिए जशपुर जिले के तीनों विधानसभा सीटो पर पार्टी की जीत तय करके,छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाना। हम सबकों को पार्टी और प्रदेश के हित के लिए संघर्ष करना है।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से पूर्व विधायक राजशरण भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत,  जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला प्रवक्ता ओमप्रकाश सिन्हा, देवेन्द्र गुप्ता, रूपेश सोनी, शोर्य प्रताप सिंह जूदेव, सुरेश राम भगत, शंकर गुप्ता, राजू गुप्ता, गोविंद भगत, उमेश प्रधान, राजकपूर भगत, रजनी प्रधान आदि उपस्थित थे।

उमेश प्रधान बने जिला कार्यकारिणी के सदस्य
सरकारी नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर भाजपा में शामिल हुए उमेश प्रधान को पार्टी ने जिला कार्यकारिणी का सदस्या बनाया है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने उमेश प्रधान को फूल माला पहना कर,उनका स्वागत किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news