जशपुर

भाजपा अध्यक्ष नड्डा 15 को परिवर्तन यात्रा शुरू करेंगे
11-Sep-2023 3:41 PM
भाजपा अध्यक्ष नड्डा 15 को परिवर्तन यात्रा शुरू करेंगे

प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने बैठक में चर्चा कर ली तैयारी की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 11 सितंबर।
जशपुर से शुरू होने वाली भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ अब 15 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। 
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने उक्त जानकारी दी। इस बैठक में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया और प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव को शामिल होना था। लेकिन,खराब मौसम के कारण वे नहीं पहुंच पाएं। जिला कोर कमेटी की बैठक प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में आहूत की गई। 

इस बैठक में प्रस्तावित परिवर्तन यात्रा की रूप रेखा पर गंभीरता से चर्चा की गई। महामंत्री शर्मा ने कोर कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों से प्रस्तावित आमसभा में जुटने वाली भीड़ के साथ परिवर्तन यात्रा के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इसके बाद, जिले के तीनों विधानसभा जशपुर,कुनकुरी और पत्थलगांव की कोर कमेटी की  बैठक आहूत की गई।

इस बैठक में प्रदेशमहामंत्री श्री शर्मा ने पदाधिकारियों से,परिवर्तन यात्रा को लेकर,अब तक की गई तैयारी की जानकारी ली और इसे समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होनें कोर कमेटी के सदस्यों को मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सामन्जय बना कर,काम करने का निर्देश दिया। कोर कमेटी के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए उन्होनें 2003 में जशपुर से शुरू हुई ऐतेहासिक परिवर्तन यात्रा का स्मरण दिलाते हुए, उत्साह बढ़ाया। उन्होनें कहा कि जिस तरह 2003 की परिवर्तन यात्रा ने तात्कालिन अजित जोगी सरकार को जड़ से उखाड़ कर,सुशासन की स्थापना की थी,उसी तरह से यह परिवर्तन यात्रा भी,छत्तीसगढ़ के राजनैतिक इतिहास में नया अध्याय लिखने वाली साबित होगी। 

बैठक में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य विष्णुदेव साय ने कहा कि भूपेश बधेल सरकार की झूठ,छलावा,भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग दुखी है। जरूरत है,भाजपा के कार्यकर्ताओं को मतदाता तक पहुंच कर,पार्टी के परिवर्तन के संदेश को बताने की। उन्होनें कहा कि कार्यकर्ताओं के बूते ही,छत्तीसगढ़ की सत्ता में भाजपा की शानदार वापसी होगी। 

परिवर्तन यात्रा के संयोजक मोती लाल साहू ने परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत झोंकने की अपील करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को सत्ता पाने के लिए,जनता को न्याय दिलाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को विश्व गुरू बनाने के सपने को साकार करने के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि बीते 5 साल में कांग्रेस की सरकार ने गरीब और किसानों के साथ सिर्फ छल किया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। राजनीतिक संरक्षण में रेत माफिया,कोल माफिया के हौसले इतने बुलंद है कि वे सरकारी अधिकारियों को कुचलने में भी नहीं डर रहें हैं। ऐसी सरकार को उखाडऩे के लिए ही परिवर्तन यात्रा निकाला जा रहा है।

बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, परिवर्तन यात्रा के संयोजक मोतीलाल साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, लोकसभा सांसद गोमती साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व मंत्री गणेश राम भगत, जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला प्रभारी रामकिशुन सिंह,  जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत, पूर्व विधायक राजशरण भगत, जागेश्वर भगत, भरत साय, शिवशंकर साय, सह प्रभारी भरत सिंह सिसोदिया, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, देवेंद्र गुप्ता, जिला महामंत्री द्वय भरत सिंह, मुकेश शर्मा, विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, हरपाल सिंह भाभरा, रकजकुमार अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, नाप उपाध्यक्ष राजू गुप्ता, कोषाध्यक्ष राम गर्ग, यशप्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, आनन्द शर्मा, विजय शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने परिवर्तन यात्रा के महत्व को बताते हुए,कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को,यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया। अरूण साव ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव की नगरी जशपुर से 2003 में कांग्रेस की आतातायी सरकार को बदलने का बिगुल फूंका गया था। इस बार भी परिवर्तन यात्रा के माध्यम से इतिहास को दोहराना है। इस ऐतेहासिक क्षण को सफल बनाने के लिए सबको एकजुट हो कर, काम करना होगा।

बैठक को जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने भी सम्बोधित किया। बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता ओमप्रकाश सिन्हा एवं जिला महामंत्री ओमप्रकाश सिन्हा ने किया। उक्त जानकारी जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान ने दी।

अमित शाह की सक्रियता से डरी हुई है कांग्रेस 

कोर कमेटी और शक्ति केन्द्र प्रभारियों की बैठक के बाद,पत्रकारों से चर्चा करते हुए, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ में चुनावी कमान सम्हालने से कृषी मंत्री रविन्द्र चौबे सहित कांग्रेसी भयभीत हं। इसलिए वे अर्नगल बयान दे रहें हैं। महंगाई पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत,लगातार सशक्त हो रहा है। पूरा विश्व,भारत के नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस लोगों का ध्यान हटाने के लिए महंगाई और रेल रोको आंदोलन कर रही है। लेकिन,छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की जनता कांग्रेस और उनके साथियों की असलियत को समझ चुकी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news