सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर,11 सितंबर। कल देर रात बुलेट सवार दो युवकों की सडक़ हादसे में मौत हो गई। मृतक दोनों युवक विश्रामपुर के थे, जो बुलेट से खाना लेने ढाबा जा रहे थे। बिश्रामपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिश्रामपुर निवासी शिवनंदनपुर भाजपा मंडल के भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष गगनदीप बग्गा अपने दोस्त गौरव के साथ बुलेट से रात 10.30 बजे के करीब छत्तीसगढ़ ढाबा के समीप एक ढाबे में खाना लेने जा रहे थे, तभी बुलेट अनियंत्रित हो गई और दोनों बुलेट से गिर पड़े।
दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों वहीं बेहोश हो गए। लोगों की मदद से उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, किंतु सिर में गंभीर चोट होने के कारण दोनों की मौत हो गई।
मृतक दोनों युवक काफी मिलनसार व मददगार युवक थे। मृतक गगनदीप बग्गा भारतीय जनता युवा मोर्चा शिवनंदपुर मंडल के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते हुए कार वॉशिंग सेंटर का संचालन भी कर रहे थे। पिता के गुजर जाने के बाद मां के कैंसर पीडि़त होने से पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में मृतक की शादी भी हुई थी, वहीं दूसरा युवक गौरव राय एसईसीएल रिटायर्ड कर्मचारी का एकलौता पुत्र था, जिसकी हाल ही में सरकारी विभाग में नौकरी लगा था। वहीं इस घटना में किसी अन्य वाहन के द्वारा ठोकर मारे जाने की बात भी सामने आ रही है।