राजनांदगांव

विकास की हर ईंट पर भाजपा का नाम दर्ज- नड्डा
30-Oct-2023 4:01 PM
विकास की हर ईंट पर भाजपा  का नाम दर्ज- नड्डा

चुनावी सभा में भ्रष्टाचार पर जमकर बरसे भाजपा अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अक्टूबर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ठेलकाडीह में चुनावी सभा को संबोधित करते भाजपा सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते भ्रष्टाचार के मामलों में कांग्रेस के खिलाफ जमकर आक्रमण किया। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ का विकास किया। यहां विकास की हर एक ईंट पर भाजपा का नाम दर्ज है। कांग्रेस की सरकार ने विकास की एक ईंट भी नहीं रखी। छत्तीसगढ़ में 5 साल से लगा ग्रहण अब हटने वाला है। इतिहास गवाह है कि मध्यप्रदेश के जमाने से कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों ने छत्तीसगढ़ के लिए कुछ नहीं किया। सब माटी के माधव निकले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के लिए चार करोड़ आवास बनाने का लक्ष्य रखा। देश में साढ़े तीन करोड़ आवास बन गए, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की भूपेश सरकार ने 12 लाख गरीबों को उनके आवास नहीं मिलने दिए। कांग्रेस गरीब का हित नहीं करती, सिर्फ अपने भले के काम करती है। भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बना दिए। हर जगह सिर्फ भ्रष्टाचार किया। ऐसी भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने डोंगरगढ़ के भाजपा प्रत्याशी विनोद खांडेकर व खैरागढ़ प्रत्याशी विक्रांत सिंह को विजयी बनाने की अपील करते ठेलकाडीह में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए भ्रष्टाचारी, घोटालेबाज, झूठी भूपेश सरकार को जड़ से उखाड़ फेंके। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने विकास की एक ईंट नहीं रखी। जबकि छत्तीसगढ़ में विकास की हर ईंट पर भाजपा का नाम दर्ज है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वह करते हैं, जो नहीं कहते, उसे भी वह करके दिखाते हैं। आज भारत पूरे विश्व में पांचवी बड़ी इकोनॉमी बन गया है। दुनिया में भारत का हर क्षेत्र में डंका बज रहा है। देश के हर वर्ग के लोगों के लिए मोदी ने काम किया। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में रेत घोटाला, कोयला घोटाला, गौठान घोटाला, गोबर घोटाला, पीएससी घोटाला, चावल घोटाला, शराब घोटाला जैसे कई घोटाले कएि हैं। महतारी सम्मान निधि 500 रुपये देने की घोषणा की, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। गंगाजल लेकर शराबबंदी करने कसम खाई, पर शराब बंद नहीं की। घर-घर शराब डिलीवरी की जा रही है।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि डोंगरगढ़ को भ्रष्टाचारी कांग्रेसी विधायक से मुक्त करने भाजपा प्रत्याशी विनोद खांडेकर को जिताकर कमल खिलाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का नारा है सबका साथ-सबका विकास। भाजपा प्रत्याशी विनोद खांडेकर ने कहा कि भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार से मुक्त कराने डोंगरगढ़ में कमल खिलाएं, ताकि प्रदेश में भाजपा की सरकार बन सके।

इस दौरान सभा में डोंगरगढ़ विधानसभा में दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, जिला अध्यक्ष रमेश पटेल, डोंगरगढ़ विधानभा प्रत्याशी विनोद खांडेकर व खैरागढ़ प्रत्याशी विक्रांत सिंह एवं कवर्धा में भी बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news