राजनांदगांव

चुनावी शोर थमा, 7 को नांदगांव लोस की सीटों पर पड़ेंगे वोट
05-Nov-2023 1:04 PM
चुनावी शोर थमा, 7 को नांदगांव लोस की सीटों पर पड़ेंगे वोट

8 सीटों के 18 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के किस्मत का फैसला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 नवंबर।
विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए चुनावी शोर आज रविवार शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा। निर्वाचन आयोग से शाम 5 बजे तक प्रचार करने के लिए राजनीतिक दलों को अनुमति थी। राजनांदगांव लोकसभा के 8 सीटों पर राजनीतिक दलों में घमासान छिड़ा हुआ है। कांग्रेस-भाजपा के अलावा अन्य दलों के उम्मीदवार चुनावी नैय्या पार लगाने के लिए काफी जोर लगा रहे हैं। 

राजनांदगांव लोकसभा में आसन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जहां सत्ता को बरकरार रखने के लिए जोर लगा रही है। वहीं भाजपा 5 साल बाद सत्ता में लौटने के लिए पूरी ताकत के साथ प्रचार में डटी रही। राजनांदगांव लोकसभा के सभी 8 सीटों में लगभग 18 लाख मतदाता राजनीतिक दलों की किस्मत का फैसला करेंगे। 2018 के विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस ने समूचे लोकसभा में भाजपा का सुपड़ा साफ कर दिया था। भाजपा को एकमात्र राजनांदगांव विस में जीत नसीब हुई थी। कांग्रेस ने पूरे प्रचार में चुनावी इतिहास बनाने का दावा करते सभी सीटों पर कब्जा करने के लिए जोर आजमाईश की है। 

भाजपा पिछले हार का हिसाब चुकता करने के लिए सभी सीटों में परचम लहराने का दावा कर रही है। राजनीतिक दलों ने 23 अक्टूबर के बाद प्रचार की रफ्तार पकड़ी। यानी करीब 12-13 दिन ही प्रत्याशियों को प्रचार करने का मौका मिला। आज शाम चुनावी शोर थमने ही प्रत्याशी डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे। 

राजनांदगांव विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं डोंगरगांव विधानसभा में कांगे्रस उम्मीदवार दलेश्वर साहू और भाजपा के भरत वर्मा एक दूसरे को पटखनी देने के लिए जोर लगा रहे हैं। मोहला-मानपुर विधानसभा में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। कांग्रेस के इंद्रशाह मंडावी और भाजपा प्रत्याशी संजीव शाह एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। खुज्जी विस में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बन गई है। भाजपा की गीता साहू और कांग्रेस के भोलाराम साहू को हमरराज पार्टी की प्रत्याशी ललिता कंवर चुनौती दे रही है। 

डोंगरगढ़ विस से कांग्रेस प्रत्याशी हर्षिता स्वामी बघेल और भाजपा के विनोद खांडेकर के बीच जोरदार मुकाबला है। खैरागढ़ विस से विक्रांत सिंह भाजपा के बैनर तले कांग्रेस की मौजूदा विधायक यशोदा वर्मा को तगड़ी चुनौती दे रहे हैं। कवर्धा विस के राज्य सरकार के वनमंत्री मो. अकबर और भाजपा के विजय शर्मा के बीच मुकाबला है। पंडरिया विस से भाजपा की भावना बोहरा और कांग्रेस नीलू चंद्रवंशी मैदान में हैं। कहीं-कहीं निर्दलीय भी अपनी छाप छोडऩे में कामयाब दिख रहे हें।

विधानसभा में मतदाताओं की संख्या
राजनांदगांव 2 लाख 11 हजार 407
डोंगरगांव 2 लाख 2 हजार 636
खुज्जी 1 लाख 91 हजार 270
डोंगरगढ़ 2 लाख 9 हजार 648
मोहला-मानपुर 1 लाख 60 हजार
खैरागढ़ 2 लाख (लगभग)
पंडरिया 3 लाख  (लगभग)
कवर्धा 3 लाख 7 हजार (लगभग)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news