राजनांदगांव
क्रांति पर 29 और रघु पर था 14 लाख का ईनाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अप्रैल। बालाघाट में नक्सल मोर्चे में तैनात हॉक फोर्स ने सोमवार देर शाम को एक हार्डकोर महिला नक्सली समेत दो नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया। मारी गई महिला नक्सली कवर्धा-बालाघाट डिवीजन (केबी) की डीवीसी मेम्बर थी। उस पर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश सरकार ने लाखों रुपए का ईनाम घोषित किया था। मुठभेड़ में जवानों ने एक पुरूष नक्सली रघु उर्फ शेरसिंह उर्फ सोमजी को भी ढेर कर दिया। क्रांति पर जहां 29 लाख रुपए का ईनाम घोषित था। वहीं रघु पर 14 लाख रुपए का ईनाम था। दोनों नक्सली कई मामलों में अवांछित थे। बालाघाट और कवर्धा इलाके में क्रांति का दबदबा था।
मिली जानकारी के मुताबिक लांजी क्षेत्र के पिचकोना इलाके के क्योंझरी के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर के आधार पर सोमवार देर शाम को हॉकफोर्स के जवान गश्त करते आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान मलाजखंड दलम के साथ जवानों का आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते हुए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। शाम लगभग 5.30 बजे के आसपास शुरू हुई फायरिंग काफी देर तक चलती रही। जवानों ने मौके से दो नक्सल शव बरामद किए। शिनाख्ती में क्रांति और रघु के रूप में पहचान हुई।
बताया जा रहा है कि मारी गई महिला नक्सली क्रांति एमएमसी जोन के हार्डकोर नक्सली सुरेंदर की पत्नी है। लंबे समय से मारे गए नक्सलियों की पुलिस को तलाश थी।
इस संबंध में बालाघाट रेंज आईजी संजय कुमार ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। उन पर लाखों रुपए का ईनाम था। नक्सली घटनास्थल पर किसी खास मकसद को लेकर मौजूद थे। जवान अब भी क्षेत्र में सर्चिंग कर रहे हैं। इस बीच हार्डकोर नक्सलियों के मारे जाने से हॉकफोर्स को बड़ी सफलता मिली है। मौजूदा आईजी संजय कुमार के नेतृत्व में पिछले दो साल में 12 नक्सलियों को पुलिस ने मार गिराया है। नक्सल मोर्चे में बालाघाट पुलिस को लगातार कामयाबी मिल रही है। इधर राजनांदगांव रेंज के सरहदी जिलों खैरागढ़ और कवर्धा सीमा में चौकसी बढ़ा दी गई है। आईजी दीपक झा ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि जवानों को हाईअलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।