राजनांदगांव

कांग्रेस के डीएनए में लोकतंत्र का सम्मान नहीं है- शिवरतन
26-Jun-2024 3:45 PM
कांग्रेस के डीएनए में लोकतंत्र का सम्मान नहीं है- शिवरतन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 जून। कांग्रेस द्वारा देश में 1975 में लगाए गए आपातकाल के षड्यंत्र को जन-जन तक पहुंचाने प्रदेश भाजपा के आह्वान पर प्रत्येक जिलों में आपातकाल स्मृति दिवस के रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने बताया कि मंगलवार दोपहर को जिला भाजपा कार्यालय में आहुत विचार गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में शिवरतन शर्मा ने अपने विचार रखे।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार भाटापारा के पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा सत्ता बरकरार रखने के लिए संवैधानिक तरीकों का इस्तेमाल करने का इतिहास रहा है। 1975 में इंदिरा गांधी ने हमारे लोकतंत्र की हत्या में मर्यादा की सारी हदें पर कर दी थी। 1971 के चुनाव में एक और जहां चुनावी हिंसा के माध्यम से मतदाताओं को डराया गया। वहीं दूसरी ओर मीडिया का गला घोटकर जनता को झूठ फैलाकर खौफ पैदा करने का षड्यंत्र किया गया। श्री शर्मा ने कहा कि  आज 49 वर्षों बाद हम आपातकाल को इसलिए याद कर रहे हैं, क्योंकि आज भी कांग्रेस की नीति में संविधान और उसके सिद्धांतों के प्रति सम्मान की कमी है।

श्री शर्मा ने कांग्रेस के इतिहास के 21 माह पर प्रकाश डालते बताया कि 1971 के चुनाव में इंदिरा गांधी के भ्रष्ट प्रयासों के आधार पर चुनाव परिणाम को इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा रद्द कर दिया गया था। प्रति उत्तर में 25 जून 1975 की आधी रात में मंत्रिपरिषद को सूचित किए बिना राष्ट्रपति को आपातकाल की घोषणा पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया।

श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बताया कि काले इतिहास की पहली सुबह समाचार पत्रों के प्रकाशन को रोकने दिल्ली के सभी हिस्सों में बिजली बंद कर दी गई, इस दौरान चुनावी मामलों में राय लिखने या समाचार प्रकाशित करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया, कई पत्रकारों को सच्चाई लिखने पर मार दिया गया।

 आज भी इतिहास दोहराना चाहती है

शिवरतन शर्मा ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते कहा कि आज भी कांग्रेस सत्ता में आने के लिए असंवैधानिक और अनैतिक सिद्धांत अपनाने के लिए तैयार बैठी है। पहले तो कपोल कल्पित आंदोलन किए गए, फिर चुनाव के पूर्व राहुल गांधी द्वारा विदेश जाकर भारत के संविधान पर कड़ा प्रहार किया गया। लोकतंत्र की हत्या की गई । चुनाव के तरीकों पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया गया और आज चुनाव परिणाम के बाद भी देश को जलाने विपक्ष द्वारा विभिन्न हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। जिससे लोगों को सावधान करने का आह्वान शिवरतन शर्मा ने किया।

कार्यक्रम का संचालन रविंद्र वैष्णव एवं आभार प्रदर्शन सावन वर्मा ने किया। इस अवसर पर रमेश पटेल, सचिन बघेल, नीलू शर्मा, सुरेंद्र सिंह बन्नोवाना, शशिकांत द्विवेदी, तरुण लहरवानी, अतुल रायजादा, आलोक बिंदल सहित अन्य कर्यकर्ता शामिल थे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news