ताजा खबर

सत्ता से विदाई का समय नजदीक आता देख बघेल घोषणावीर मुख्यमंत्री बन गए हैं - भाजप
16-Aug-2023 7:26 PM
सत्ता से विदाई का समय नजदीक आता देख बघेल घोषणावीर मुख्यमंत्री बन गए हैं - भाजप

रायपुर, 16 अगस्त। प्रदेश भाजपा को  प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर घोषणा करने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में कॉपी पेस्ट की सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री बघेल के पास छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर कोई विजन नहीं है। इसलिए अन्य राज्यों में जो योजनाएं चलती हैं, उन्हें वे अपने प्रदेश में लागू करने का काम करते हैं। श्री गुप्ता ने तंज कसा और सवाल किया कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं की सुरक्षा करने में प्रदेश की कांग्रेस की सरकार विफल क्यों हुई? क्या आरोपियों को कांग्रेस का संरक्षण मिल रहा है?

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि सत्ता से विदाई का समय नजदीक आता देख मुख्यमंत्री बघेल घोषणावीर मुख्यमंत्री बन गए हैं।  लेकिन ये घोषणाएँ पूरी कब होंगीं, यह किसी को मालूम नहीं है। बुधवार को एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री गुप्ता ने दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोपियों को सरकारी नौकरी पर रोक की घोषणा पर हमला किया । गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में साल 2016, 2017 और 2018 की अपेक्षा 2019, 2020 और 2021 में यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ के मामले में 110 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जो कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक चिंता का विषय बना हुआ है। 2019 से 2021 में अपराध के करीब 29 फीसद मामले बढ़े। दुष्कर्म के मामलों में साल-दर-साल बढ़ोतरी हुई। इन पर नियंत्रण के लिए क्यों पिछले 5 सालों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया ? बस्तर में कक्षा एक की छात्रा के साथ दुष्कर्म, सड्डू में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या, रायपुर में 8 साल की नाबालिग से रेप और हत्या, कवर्धा में 4 साल की बच्ची के साथ रेप, रिहायशी कॉम्प्लेक्स के पोर्टा केबिन में छह साल की लड़की के साथ बलात्कार किया। ऐसे अनेक बलात्कार एवं हत्याओं की घटनाओं से छत्तीसगढ़ को बार-बार शर्मसार क्यों होना पड़ा है? 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में बताया था कि अनुसूचित जनजाति की बच्चियों व महिलाओं के साथ होने वाले अपराध में छत्तीसगढ़ का तीसरा स्थान है, जबकि अनुसूचित जाति के मामले में छत्तीसगढ़ छठवें स्थान पर है। कांग्रेस राज में महिलाओं के खिलाफ़ हिंसा और अपराध को जनता अब और नहीं सहेगी। अनाचार के मामले में राजधानी रायपुर दिन प्रतिदिन नए कीर्तिमान रच रहा है। श्री गुप्ता ने बताया कि साल 2019 में रायपुर में सबसे अधिक 254 मामले दर्ज हुए, जबकि पूरे प्रदेश में 2,575 मामले दर्ज किए गए। महिलाओं के प्रति कांग्रेस की मानसिकता इतनी गिरी हुई है कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने रायपुर के प्रार्थना भवन में महिला उत्पीड़न मामलों की सुनवाई के बाद पत्रकारों से चर्चा में कहा अधिकांश मामलों में लड़कियां लिव-इन में रहकर संबंध बनाती हैं और शादी नहीं होती या रिश्ता बिगड़ जाता है तो वे रेप का केस दर्ज करा देती हैं। क्या प्रदेश सरकार और कांग्रेस का यही महिलाओं के साथ न्याय है? जिस महिला सशक्तीकरण एवं महिला सुरक्षा को भाजपा सरकार में प्राथमिकता दी जाती थी, आज उसी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल में हमारी बेटियों की सुरक्षा एक चुनौती बन चुकी है।

श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों को मुफ्त परिवहन सेवा की घोषणा पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि शराबबंदी के खिलाफ़ रहने वाले मुख्यमंत्री बघेल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नई बोतल में पुरानी शराब को परोसने का काम किया है। श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए मुफ्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा का वादा किया था, लेकिन जब मुख्यमंत्री की ‘सेट मुलाकात’ में युवाओं ने फ्री परिवहन सेवा की बात कही, तो उन्होंने अगले घोषणा पत्र में इस मांग को शामिल करने का आश्वासन दिया। मुख्य विपक्ष होने के नाते जब भाजपा ने सरकार को आईना दिखाने का काम किया, तो स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने फिर घोषणा करने का काम किया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news