ताजा खबर

कांग्रेस ने झारखंड के लिए तीन और उम्मीदवार घोषित किए, निशिकांत दुबे के खिलाफ दीपिका पांडेय को टिकट
16-Apr-2024 8:33 PM
कांग्रेस ने झारखंड के लिए तीन और उम्मीदवार घोषित किए, निशिकांत दुबे के खिलाफ दीपिका पांडेय को टिकट

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल। कांग्रेस ने मंगलवार को झारखंड की तीन और लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए, जिनमें प्रमुख नाम विधायक दीपिका पांडेय सिंह का है, जिन्हें गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ टिकट दिया गया है।

पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, गोड्डा से दीपिका पांडेय सिंह, चतरा से कृष्णानंद त्रिपाठी और धनबाद से अनुपमा सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

इससे पहले कांग्रेस ने झारखंड से तीन सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए थे। खूंटी लोकसभा सीट से कालीचरण मुंडा, लोहरदगा से सुखदेव भगत और हजारीबाग संसदीय सीट से जयप्रकाश भाई पटेल को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया था।

गोड्डा के महगामा सीट से विधायक दीपिका पांडेय सिंह मौजूदा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को चुनौती देंगी, जबकि बोकारो के बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह धनबाद में भाजपा के ढुलू महतो के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।

धनबाद में भाजपा ने मौजूदा सांसद पशुपति नाथ सिंह का टिकट काट दिया था और उनके स्थान पर महतो को उम्मीदवार बनाया। पशुपति नाथ सिंह इस क्षेत्र का 2009 से प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

कांग्रेस ने चतरा सीट से त्रिपाठी को भाजपा उम्मीदवार कालीचरण सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है।

कांग्रेस झारखंड में सात सीट पर चुनाव लड़ रही है और शेष सात सीट पर उसकी सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और वाम दल चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने अभी रांची से प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 281 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news