ताजा खबर

अकबर के जेल जाने पर जश्न मनाते फैलाई दहशत, हिस्ट्रीशीटर मैडी गिरफ्तार
17-Apr-2024 11:02 AM
अकबर के जेल जाने पर जश्न मनाते फैलाई दहशत, हिस्ट्रीशीटर मैडी गिरफ्तार

बिलासपुर, 17 अप्रैल। तीस से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी व जिला बदर रह चुके रितेश निखारे उर्फ मैडी को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। शहर में घूम-घूम कर दहशत फैलाने की खबर मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। उसके पास से तलवार, पिस्टल, स्टिक जब्त किये गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मैडी और उसके साथियों ने पहले तोरवा थाना इलाके के लाल खदान में और उसके बाद कोतवाली क्षेत्र में हैप्पी स्ट्रीट पर लोगों से मारपीट करते हुए दहशत फैलाई। फिर नशे का सामान रखे हुए देर रात मिनी बस्ती जरहाभाठा स्थित जतिया तालाब के पास उनका गैंग पहुंच गया। यहां पर  रोड जाम कर वे सड़क पर निकलने वालों से बेल्ट,  चेन से मारपीट कर रहे थे तथा तलवार और पिस्टल निकालकर लहरा रहे थे। दहशत में आसपास के लोगों ने अपने खिड़की दरवाजे बंद कर लिए थे। सूचना मिलने पर एसीसीयू और सिविल लाइन थाने से पुलिस टीम वहां पहुंची। टीम ने पाया कि तालाब के बाहर सड़क पर कार खड़ी कर मैडी व उसके साथी नशा कर रहे और दहशत फैला रहे हैं। पुलिस ने मैडी को पकड़ लिया लेकिन उसके बाकी साथी कार से कूदकर फरार हो गए। मैडी की ऑडी कार से बेस बॉल का स्टिक, पिस्टल और तलवार बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक उसके आने की खबर मिलने पर मैडी कार से शहर छोड़कर भागने के फिराक में था। कार को भी जब्त किया है।

उल्लेखनीय है कि आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में कांग्रेस नेता अकबर खान को पिछले सप्ताह पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह प्रदेश में सरकार बदलने के बाद से ही फरार चल रहा था, पर ईद मनाने के लिए बिलासपुर पहुंचा था। वह पुलिस को चकमा देने के लिए घर पर बुर्के में छिपा था। पुलिस ने बताया कि मैडी अपने साथियों के साथ अकबर की गिरफ्तारी का जश्न मनाते हुए जगह-जगह घूम कर लोगों के बीच दहशत फैला रहा था। सरकार रहने के दौरान मैडी और अकबर को शहर के कांग्रेसियों के अलग-अलग गुटों का संरक्षण मिला हुआ था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news