अंतरराष्ट्रीय
वाशिंगटन डीसी में गोलीबारी, 1 मौत, 8 घायल
20-Jul-2020 2:52 PM
वाशिंगटन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। वाशिंगटन डीसी में गोलीबारी की एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
गोलीबारी की घटना रविवार को 14 स्ट्रीट और स्प्रिंग रोड पर हुई। डीसी पुलिस प्रमुख पीटर न्यूजहैम ने एक प्रेस ब्रीफ में यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि तीन लोगों में से दो लंबी बंदूकों के साथ और एक व्यक्ति पिस्तौल के साथ था, जिन्होंने लोगों के एक समूह पर निशाना बनाकर गोलीबारी को अंजाम दिया।
न्यूज हैम के अनुसार, कुल नौ लोगों को अस्पताल भेजा गया है, जिसमें आठ पुरुष और एक महिला शामिल है। घायलों में से ही एक को मृत घोषित किया जा चुका है, जबकि दो गंभीर हालत में हैं। वहीं बाकी घायल खतरे से बाहर हैं। डीसी पुलिस विभाग ने एक ट्वीट में कहा कि घटना की जांच की जा रही है।