राष्ट्रीय
तोक्यो, 8 मार्च विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि भारत और जापान के लिए राष्ट्रीय स्तर के साथ ही एशिया और दुनिया के लिए कई समाधान मिलकर की जाने वाली उनकी गतिविधियों विशेषकर चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद ‘क्वाड’ में उनकी भागीदारी पर निर्भर करते हैं।
यहां भारत-जापान साझेदारी पर ‘निक्की फोरम’ को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि अधिक समन्वित तरीके से प्रतिक्रिया देने की भारत और जापान की प्रवृत्ति तथा क्षमता में भी सुधार आया है।
उन्होंने कहा, ‘‘और मैं कल अपने समकक्ष योको कामीकावा के साथ लंबी चर्चा के बाद यह कहता हूं। हम वृहद पैमाने पर भागीदारी के लिए तैयार हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा तर्क यह है कि भारत-जापान संबंध हमारी एक साथ मिलकर की जाने वाली वृहद गतिविधियों, खासकर क्वाड से ताकत हासिल करेंगे, साथ ही इसकी प्रभावशीलता और व्यापकता में भी योगदान देंगे।
जयशंकर ने कहा, ‘‘लब्बोलुआब यह है कि दुनिया बदल रही है, हिंद-प्रशांत बदल रहा है और भारत तथा जापान बदल रहे हैं लेकिन हमारे संबंधों में, हमारे लिए राष्ट्रीय स्तर के साथ ही इस क्षेत्र और दुनिया के लिए कई समाधान इस पर निर्भर करते हैं।’’
भारत, अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया वाला क्वाड समूह इस क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत की पृष्ठभूमि में खुले व मुक्त हिंद-प्रशांत के लिए व्यवहारिक सहयोग पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
यह पूछने पर कि क्या ऊर्जा के जरिए जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए क्वाड रूपरेखा के तहत कोई परमाणु रणनीतिक योजना है, इस पर जयशंकर ने कहा, ‘‘क्वाड ने ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के मुद्दों पर चर्चा की है लेकिन हमने परमाणु ऊर्जा पर स्पष्ट रूप से समन्वित चर्चा नहीं की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप क्वाड देशों की ओर देखें तो हम में से तीन देशों - जापान, अमेरिका और भारत के पास बहुत महत्वपूर्ण परमाणु कार्यक्रम हैं...ऑस्ट्रेलिया बहुत बड़ा यूरेनियम प्रदाता है। इसलिए हमारा इसमें एक साझा हित है।’’
विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन, आप जानते हैं कि क्वाड के मामले में मैंने 2017 के बाद से देखा है कि हम बहुत, बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, हर क्वाड बैठक में जब विदेश मंत्रियों की मुलाकात होती है तो अधिक से अधिक मुद्दों पर चर्चा होती है। इसलिए हो सकता है कि अगली बार जब हम बात करें तो मेरा जवाब अभी के जवाब से अलग हो।’’ (भाषा)
गोरखपुर, 8 मार्च । देवाधिदेव महादेव भोले शंकर की उपासना के पावन महापर्व महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने भरोहिया के पितेश्वरनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक तथा गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को लखनऊ से पीपीगंज के भरोहिया स्थित पितेश्वरनाथ शिव मंदिर पहुंचे। यहां बाबा पितेश्वरनाथ का दर्शन, पूजन और विधि-विधान से जलाभिषेक कर संपूर्ण मानव जाति के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की।
पांडवकालीन मान्यता वाले पितेश्वरनाथ मंदिर का गोरक्षपीठ से गहरा नाता है। यहां गोरक्षपीठाधीश्वर हर महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने आते हैं। जलाभिषेक करने के बाद मुख्यमंत्री ने भरोहिया में शिव मंदिर के सामने स्थित गुरु गोरखनाथ विद्यापीठ के परिसर में जनप्रतिनिधियों और लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया।
उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि विकास में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। भरोहिया से गोरखनाथ मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर शीश झुकाकर उन्हें नमन किया। फिर, गोरखनाथ मंदिर परिसर में मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में उन्होंने भगवान भोले शंकर का दुग्ध, दही, घी, मधु और शर्करा से पंच स्नान तथा गो दुग्ध और गन्ने के रस से रुद्राभिषेक किया।
मठ के पुरोहित एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने हवन तथा आरती कर चराचर जगत के कल्याण के लिए महादेव शिव से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी मानसरोवर मंदिर भी गए और दर्शन पूजन के साथ जलाभिषेक किया।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 8 मार्च । भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपए की छूट देने के ऐलान और सुधा मूर्ति को राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार की हर योजना के केंद्र में महिलाओं को रखा है।
भाजपा की तरफ से महिलाओं के हित में लिए गए फैसलों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने महिलाओं के हित में मोदी सरकार द्वारा लिए गए अनगिनत फैसलों का जिक्र किया।
उन्होंने सुधा मूर्ति को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने को भी महत्वपूर्ण संदेश बताते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इससे सुंदर संदेश और क्या हो सकता है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि एक तरफ जहां मोदी सरकार ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और सुकन्या योजना, लखपति दीदी, नारी शक्ति वंदन अधिनियम बनाने से लेकर सेना में बेटियों को सम्मान और महिलाओं की सशक्तीकरण का काम किया है। दूसरी तरफ दुर्भाग्य से एक संदेश संदेशखाली से भी निकलकर सामने आ रहा है, एक तरफ जहां प्रधानमंत्री मोदी 'बेटी बचाओ' की मुहिम चला रहे हैं तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी 'शाहजहां शेख बचाओ' की मुहिम चला रही हैं।
उन्होंने ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि आखिर शाहजहां शेख के पास ऐसा कौन सा राज है, जिसे वह छुपाना चाहती हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने कट्टरपंथियों के दबाव में हमेशा महिलाओं के हितों की अनदेखी की और उन्हें न्याय नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की छूट देने का बड़ा फैसला किया है, जो नारी शक्ति के उत्थान के लिए बहुत बड़ा कदम है। इससे पहले गुरुवार को भी पीएम उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी घोषणा की गई थी।
भाजपा प्रवक्ता ने लड़की के जन्म से लेकर उसके पालन-पोषण, पौष्टिक आहार, शिक्षा, बैंक खाते, रोजगार, उद्यम, स्टार्टअप, कन्या विवाह एवं कन्यादान योजना और लखपति दीदी सहित महिलाओं से जुड़ी मोदी सरकार की अनगिनत जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही नरेंद्र मोदी ने सरकार की हर योजना के केंद्र में महिलाओं को रखा है।
उन्होंने कहा कि देश की नई संसद में सबसे पहला कानून महिलाओं को आरक्षण देने वाला 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' ही पारित किया गया। तीन तलाक को कानून बनाकर खत्म किया गया। भाजपा की राज्य सरकारें समान नागरिक संहिता को भी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
(आईएएनएस)
भुवनेश्वर, 8 मार्च । ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के मुंडाजोर से दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना सामने आई है। दरअसल, वाहन पलटने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
मृतक और घायल झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में अनापासीता के हैं।
बता दें कि गुरुवार की रात लाठीकटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अटलघाट गांव में 20 लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "जिस पिकअप वैन में यह सभी सवार होकर जा रहे थे, वो ओवरस्पीडिंग की वजह से अपना संतुलन खो बैठी और और सड़क किनारे 10 फीट गहरी जगह में लुढ़क गई। इसके बाद घायलों को राउरकेला स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।"
फिलहाल, 11 घायलों का राउरकेला स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके दो अन्य गंभीर घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, ताकि उनका बेहतर उपचार हो सके।
(आईएएनएस)
जयपुर, 8 मार्च । कोटा में जेईई की तैयारी कर रहे एक और छात्र ने शुक्रवार को सेल्फॉस खाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारियों ने बताया कि छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है,“पापा, मैं इसे नहीं सकता, मैं जेईई पास नहीं कर पाऊंगा।''
मृतक की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी अभिषेक सिंह (16) के रूप में हुई। वह पिछले साल से कोटा में जेईई की तैयारी कर रहा था।
डीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अभिषेक एक महीने से विज्ञान नगर इलाके में एक पेइंग गेस्ट हाउस में रह रहा था।
उन्होंने कहा कि छात्र के परिजनों को सूचित कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभिषेक ने 29 जनवरी और 19 फरवरी को अपनी कोचिंग में दो परीक्षाओं को भी छोड़ दिया था।
कोटा में इस साल अब तक छह छात्र आत्महत्या कर चुके हैं।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 8 मार्च । केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में दो राजमार्गों का चौड़ीकरण और एक रोपवे परियोजना के लिए 2,093.92 करोड़ रुपए मंजूर किए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग-701 का राफियाबाद - कुपवाड़ा - चौकीबल - तंगधार - चामकोट खंड के चौड़ीकरण के लिए 1404.94 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पैकेज वन में इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) मोड पर बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में प्रोजेक्ट बीकन के तहत क्रियान्वित इस पहल का लक्ष्य 51 किमी मार्ग को टू-लेन में बदलना है। यह राजमार्ग क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स के लिए महत्वपूर्ण है। यह बारामूला और कुपवाड़ा जिलों को जोड़ने वाले रणनीतिक मार्ग का एक हिस्सा है।
गडकरी ने कहा कि श्रीनगर जिले में एसडीए पार्किंग (ज़बरवान पार्क के पास) से शंकराचार्य मंदिर तक 1.5 किमी रोपवे के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए 126.58 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मंत्री ने कहा, "यह पहल हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर संचालित होती है, जिसमें मोनोकेबल डिटैचेबल गोंडोला (एमडीजी) तकनीक का उपयोग किया जाता है, जिसमें प्रति घंटे 700 व्यक्तियों को प्रति दिशा में परिवहन करने की क्षमता होती है। यह परियोजना श्रीनगर शहर और डल झील का मनोरम दृश्य प्रस्तुत करने एक सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन साधन प्रदान करने के लिए डिज़ाइन की गई है। यह विकलांग व्यक्तियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मंदिर तक आसान पहुंच सुनिश्चित करता है, जिससे यात्रा का समय लगभग 30 मिनट से घटकर लगभग 5 मिनट हो जाता है। इसके अतिरिक्त, यह परिवहन के लिए एक पर्यावरण-अनुकूल माध्यम के रूप में कार्य करता है। स्थानीय आबादी के लिए रोजगार के अवसर पैदा करता है और पर्यटन को बढ़ाकर क्षेत्र में आर्थिक लाभ लाता है।"
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-244 के नाशरी-चेनानी खंड के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण परियोजना के लिए 562.40 करोड़ रुपये के आवंटन को भी मंजूरी दी गई है। उधमपुर और रामबन जिलों में 39.1 किमी तक फैली यह पहल राष्ट्रीय राजमार्ग (ओ) के तहत ईपीसी मोड पर संचालित होती है।
सड़क के सुधार से जम्मू के पर्यटन स्थल पटनीटॉप तक बेहतर कनेक्टिविटी की पेशकश की जाएगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 8 मार्च । रेलवे में महिला कर्मियों की भागीदारी ठीक ठाक है और वो अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाती भी हैं। आरपीएफ की महिला कर्मियों ने साल 2023 में 206 गर्भवती महिला यात्रियों के प्रसव में सहायता की। इसके साथ ही आरपीएफ की महिला कर्मियों की सतर्क और सक्रिय भूमिका ने 3,973 बच्चियों को बचाने में मदद की।
आरपीएफ में महिलाकर्मी न केवल सशक्तिकरण का प्रतीक हैं, बल्कि वे यात्रियों की सुरक्षा और भलाई में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भारत में रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में एक प्रमुख सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसी है। इसे रेलवे संपत्ति की बेहतर सुरक्षा और संरक्षा के लिए वर्ष 1957 में स्थापित किया गया था। इस बल की यात्री सुरक्षा और सुविधा में भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
आरपीएफ में अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तुलना में महिला कर्मियों का अनुपात 9 प्रतिशत है, जो सबसे अधिक है। ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी के लिए तैनात महिला अधिकारियों की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मानकीकृत बैरक, चेंजिंग रूम और अन्य सुविधाओं का निर्माण कराया गया है।
इसी के साथ रेलवे में महिला कर्मचारियों की शिकायतों के निवारण के लिए सभी क्षेत्रों/इकाइयों में महिला नोडल अधिकारियों का नामांकन करना और यह भी सुनिश्चित करना कि उनकी बात सुनी जाए, इसके लिए मेरी सहेली पहल शुरू की गई।
इस पहल का मकसद अकेले या नाबालिग बच्चों के साथ लम्बी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को सुरक्षा और संरक्षा प्रदान करना है। वर्तमान में भारतीय रेलवे में प्रतिदिन औसतन 400 से अधिक ट्रेनों में सेवा प्रदान करने के इस उद्देश्य के लिए 230 टीमों को तैनात किया जा रहा है। इन टीमों ने महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करते हुए, महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बों में अनुचित तरीके से यात्रा करने वाले लोगों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
साल 2023 के दौरान, महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बों में यात्रा करते हुए 77,839 लोगों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
आरपीएफ कर्मियों, विशेष रूप से महिला अधिकारियों ने ट्रेन यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा से गुजर रही गर्भवती महिलाओं की सहायता के लिए अपने कर्तव्य से हटकर भी सहायता प्रदान की। 2023 में ही आरपीएफ की महिला कर्मियों ने 206 प्रसव में सहायता की।
महिलाएं और बच्चियां मानव तस्करी के दृष्टि से अधिक संवेदनशील होती हैं। आरपीएफ ने मानव तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया। 2023 में तस्करों के चंगुल से 1,048 लोगों को बचाया गया और 257 तस्कर पकड़े गए।
रेलवे के संपर्क में आने वाले और देखभाल तथा सुरक्षा की जरूरत वाले बच्चों की सहायता के लिए एक गहन अभियान शुरू किया गया। 2023 के दौरान आरपीएफ ने 3,973 बच्चियों को बचाया है।
आरपीएफ की महिला कर्मी देखभाल और सुरक्षा की आवश्यकता वाली महिलाओं सहित वयस्क लोगों को बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे व्यक्तियों में भगोड़े, परित्यक्त, नशे के आदी, निराश्रित या चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले शामिल होते हैं। 2023 में लगभग 3,492 ऐसे व्यक्तियों को बचाया गया। ऐसे ऑपरेशनों और पहलों के माध्यम से आरपीएफ न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है बल्कि यह सभी के लिए एक सुरक्षित, अधिक समावेशी रेलवे माहौल बनाने में भी महिलाओं के अमूल्य योगदान को दर्शाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
(आईएएनएस)
देहरादून, 8 मार्च । महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। भक्त बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करके अपनी मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं। शिव भक्त कावड़ियों का उत्साह भी देखते ही बन रहा है।
महाशिवरात्रि पर उत्तराखंड के सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। देहरादून में प्राचीन टपकेश्वर शिव मंदिर में देर रात से ही भक्तों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया था। शिव भक्त कावड़ियों ने भी देर रात टपकेश्वर मंदिर पहुंचकर बारी-बारी से जलाभिषेक किया।
महाशिवरात्रि पर टपकेश्वर मंदिर परिसर में भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है। महाशिवरात्रि पर भगवान टपकेश्वर का भव्य रूप से श्रृंगार किया गया। इसके बाद रात 12 बजे ही भक्त टपकेश्वर महादेव के दर्शन करने लगे थे।
महंत कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि मंदिर में महाशिवरात्रि पर 5,100 लीटर केसर युक्त दूध भक्तों को वितरित किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर शाम से चार पहर की आरती भी होगी।
भक्तों की संख्या को देखते हुए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। टपकेश्वर मंदिर के करीब 400 सेवादार महाशिवरात्रि की व्यवस्था देख रहे हैं। सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 8 मार्च । मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को प्रचार अभियान का आगाज कर दिया।
इसके साथ ही केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव के लिए नारा भी जारी किया। जिसका नाम है: "संसद में भी केजरीवाल, तभी दिल्ली होगी खुशहाल।"
इस बीच आम आदमी पार्टी ने इंडिया गठबंधन और कांग्रेस के साथ सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। आप ने इस बात पर जोर दिया कि आगामी दिनों में दिल्ली, गुजरात और हरियाणा के लिए सीट शेयरिंग पर भी फैसला कर लिया जाएगा।
हालांकि, पंजाब में दोनों ही पार्टियों ने स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने सात में चार सीट पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, तो कांग्रेस ने तीन पर।
इसी तरह से गुजरात और हरियाणा में आम आदमी पार्टी को दो सीटें आवंटित की गई हैं। बता दें कि गुजरात की भरूच और जामनगर, तो वहीं हरियाणा की कुरूक्षेत्र सीट आप को आवंटित की गई है।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और सोनितपुर सीट के लिए भी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
(आईएएनएस)
गाजियाबाद, 8 मार्च । महाशिवरात्रि का पावन पर्व गाजियाबाद में बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस महापर्व को लेकर महिलाओं और पुरुषों दोनों में ही बेहद उत्साह देखा जा रहा है। गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ मंदिर में भक्तों का ताता लगा हुआ है। सुबह तीन बजे से ही लंबी लाइन लग गई थी।
सुरक्षा के लिहाज से भी पुलिस ने कड़ी व्यवस्था की है। गाजियाबाद का दूधेश्वर नाथ मंदिर एक सिद्ध पीठ के रूप में प्रसिद्ध है। यहां हर साल महाशिवरात्रि पर देर रात से ही शिवभक्तों की लंबी लाइन लग जाती है। हजारों लोग जलाभिषेक करके अपनी मनोकामना मांगने भगवान भोलेनाथ के पास आते हैं।
गुरुवार की रात भी तकरीबन 3:00 बजे से लाइन लगनी शुरू हो गई थी। सुबह के वक्त जब मंदिर के कपाट खुले तो उसके बाद भी श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया।
महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ड्रोन कैमरे से भी मंदिर परिसर के आसपास की निगरानी की जा रही है। मंदिर और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
(आईएएनएस)
भोपाल, 8 मार्च । बीमारी आम आदमी की जिंदगी को मुश्किल भरा बना देती है। अगर बीमारी के होने से पहले ही उसका पता लगा लिया जाए तो लड़ाई जीतना आसान हो जाता है। मध्य प्रदेश के सतना जिले में डॉ. स्वप्ना वर्मा बीमारी पर जीत हासिल करने की मुहिम में जुटी हैं, इसी का नतीजा है कि उन्हें हर कोई 'डॉक्टर बेटी' कहकर पुकारने लगा है।
सतना जिले के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के साथ ही बीमारी का पहले ही पता करने के अभियान में डॉ. स्वप्ना वर्मा जुटी हैं।
एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने गांव का रूख किया। डॉ. वर्मा द्वारा मधुरिमा सेवा संस्कार संस्थान के जरिए सतना जिले में स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का महाअभियान चलाया जा रहा है।
292 दिनों में 110 से ज्यादा चिकित्सा शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनमें 60,000 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और निःशुल्क दवाइयां दी गई। 45,000 से ज्यादा मरीजों के खून और पेशाब की जांच हुई और 4 लाख यूनिट से ज्यादा नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गई। 2,000 लोगों को चश्मे वितरित किए गए और 100 मरीजों की आंखों के ऑपरेशन कराए गए।
एक तरफ डॉ. वर्मा जहां स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार को प्राथमिकता दे रही हैं तो वहीं दूसरी ओर बीमारी आने से पहले ही उसका निदान खोजने के लिए मास हेल्थ स्क्रीनिंग भी कर रही हैं। 30,000 से ज्यादा लोगों का हेल्थ प्रोफाइल तैयार कर लिया गया है। चिकित्सा क्षेत्र की यह ऐसी तकनीक है, जिसमें व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण कर आने वाले समय में होने वाली संभावित बीमारी का पहले ही पता चल जाता है, जिससे उपचार के जरिए बीमारी के खतरे को रोकना आसान है।
डॉ. वर्मा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'बीमारी मुक्त भारत अभियान' के संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने सतना जिले में 'सतना प्रकल्प' की शुरुआत की है। इसके जरिए सिर्फ वे ही नहीं, उनके कई सहयोगी गांव-गांव पहुंचकर जरुरतमंदों का इलाज कर रहे हैं। वहीं, मास हेल्थ स्क्रीनिंग के जरिए हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जा रहा है। यह कोशिश बीमारी मुक्त भारत के अभियान में उस गिलहरी जैसी भूमिका है, जिसने रामसेतु के निर्माण में अपना योगदान दिया था।
उन्होंने आगे बताया कि उनके संस्थान ने 'क्लीनिक ऑन व्हील' तैयार किया है। यह चलता-फिरता अस्पताल है, जो दूरस्थ इलाकों के निवासियों के घर के दरवाजे तक पहुंच कर नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराता है, जो अस्पताल जाने में सक्षम नहीं हैं।
--(आईएएनएस)
पटना, 8 मार्च । बिहार विधान परिषद की रिक्त होने वाली 11 सीटों के होने वाले चुनाव में महागठबंधन की ओर से पांच उम्मीदवार उतारे गए हैं। इनमें राजद के चार और भाकपा-माले के एक उम्मीदवार हैं, जबकि महागठबंधन में शामिल कांग्रेस को स्थान नहीं मिला।
द्विवार्षिक विधान परिषद 2024 चुनाव के लिए महागठबंधन की ओर से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने शुक्रवार को प्रत्याशियों की सूची जारी की।
सूची में राजद की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, उर्मिला ठाकुर और सैयद फैसल अली को प्रत्याशी बनाया गया है। महागठबंधन ने अपना पांचवां प्रत्याशी भाकपा (माले) के शशि यादव को बनाया है।
बिहार में विधान परिषद की रिक्त होने वाली 11 सीटों पर चुनाव होना है, जिसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। 21 मार्च को इन सीटों के लिए मतदान होगा। सीटों पर निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल मई में खत्म हो रहा है।
विधान परिषद के जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने वाला है, उसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, संजय झा, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, भाजपा के शाहनवाज हुसैन, कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन, भाजपा नेता मंगल पांडेय, राजद नेता रामचंद्र पूर्वे, जदयू नेता खालिद अनवर, रामेश्वर महतो और भाजपा नेता संजय पासवान शामिल हैं।
(आईएएनएस)
नयी दिल्ली, 8 मार्च समाजसेवी और लेखिका सुधा मूर्ति को शुक्रवार को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विविध क्षेत्रों में उनके योगदान की सराहना की।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उच्च सदन में उनकी मनोनयन ‘नारी शक्ति’ का एक सशक्त प्रमाण है, जो राष्ट्र की नियति को आकार देने में महिलाओं की ताकत और क्षमता का उदाहरण भी है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि भारत की राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति जी को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित विविध क्षेत्रों में सुधा जी का योगदान असीम और प्रेरणादायक रहा है।’’
इंफोसिस के सह-संस्थापक एन. आर. नारायणमूर्ति की पत्नी ‘मूर्ति ट्रस्ट’ की अध्यक्ष भी हैं और उन्होंने कई किताबें लिखी हैं।
मूर्ति 73 वर्ष की हैं और संसद के उच्च सदन के लिए उनका मनोनयन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन हुआ है। उन्हें वर्ष 2006 में पद्मश्री और 2023 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। (भाषा)
नयी दिल्ली, 8 मार्च उच्चतम न्यायालय ने संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने किए जाने की ‘व्हाट्सऐप स्टेटस’ के जरिए आलोचना करने के मामले में एक प्रोफेसर के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी बृहस्पतिवार को रद्द कर दी और कहा कि प्रत्येक नागरिक को सरकार के किसी भी फैसले की आलोचना करने का अधिकार है।
शीर्ष न्यायालय ने इस मामले के संबंध में बंबई उच्च न्यायालय के आदेश को रद्द कर दिया। उसने प्रोफेसर जावेद अहमद हाजम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (भादसं) की धारा 153 ए (साम्प्रदायिक वैमनस्य को बढ़ावा देने) के तहत दर्ज मामले को रद्द कर दिया।
महाराष्ट्र पुलिस ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के संबंध में व्हाट्सऐप पर संदेश पोस्ट करने के लिए हाजम के खिलाफ कोल्हापुर के हतकणंगले पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की थी। हाजम ने इन व्हाट्सऐप संदेशों में कहा था, ‘‘पांच अगस्त - जम्मू-कश्मीर के लिए काला दिवस’’ और ‘‘14 अगस्त- पाकिस्तान को स्वतंत्रता दिवस मुबारक।’’
उच्चतम न्यायालय ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को दूसरे देशों के नागरिकों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देने का अधिकार है।
उसने कहा कि अगर भारत का कोई नागरिक 14 अगस्त को पाकिस्तान के नागरिकों को शुभकामनाएं देता है जो इसमें कुछ गलत नहीं है।
पाकिस्तान 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है।
न्यायमूर्ति अभय एस ओका और न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने कहा, ‘‘भारत का संविधान अनुच्छेद 19 (1)(ए) के तहत भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गारंटी देता है। इस गारंटी के तहत प्रत्येक नागरिक को अनुच्छेद 370 को निरस्त करने की कार्रवाई और उस मामले में सरकार के प्रत्येक फैसले की आलोचना करने का अधिकार है। उन्हें यह कहने का अधिकार है कि वह सरकार के फैसले से नाखुश हैं।’’
शीर्ष न्यायालय ने कहा कि अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने और जम्मू-कश्मीर की स्थिति बदलने के कदम की आलोचना करने का अधिकार भारत के प्रत्येक नागरिक को है।
उच्चतम न्यायालय ने कहा कि वैध और कानूनी तरीके से असहमति व्यक्त करने का अधिकार अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत प्रदत्त अधिकारों का एक अभिन्न अंग है।
उसने कहा, ‘‘प्रत्येक व्यक्ति को असंतोष जताने के दूसरे लोगों के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। सरकार के निर्णयों के खिलाफ शांतिपूर्वक प्रदर्शन करना लोकतंत्र का अभिन्न अंग है।’’
उसने कहा कि इस मामले में अपीलकर्ता ने कोई हद पार नहीं की।
उच्चतम न्यायालय ने कहा कि उच्च न्यायालय ने कहा कि लोगों के एक समूह की भावनाएं भड़कने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
पीठ ने कहा, ‘‘अपीलकर्ता के कॉलेज के अध्यापक, छात्र और अभिभावक व्हाट्सऐप समूह के कथित तौर पर सदस्य हैं। जैसा कि न्यायमूर्ति विवियन बोस ने कहा कि अपीलकर्ता द्वारा उनके ‘व्हाट्सऐप स्टेटस’ पर इस्तेमाल किए गए शब्दों का प्रभाव उनके समूह में शामिल महिलाओं और पुरुषों के स्तर के आधार पर आंका जाएगा।’’
उसने कहा, ‘‘हम कमजोर और खराब मानसिकता वाले लोगों के स्तर से इसे नहीं देख सकते। हमारा देश 75 से अधिक वर्षों से एक लोकतांत्रिक गणतंत्र है।’’
न्यायालय ने कहा कि देश के लोग लोकतांत्रिक मूल्य के महत्व को समझते हैं। उसने कहा कि यह निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है कि ये शब्द विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच वैमनस्य या शत्रुता बढ़ाएंगे और घृणा या द्वेष की भावनाओं को भड़काएंगे। (भाषा)
दाहोद (गुजरात), 8 मार्च कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के गुजरात चरण के दूसरे दिन दाहोद शहर से अपनी यात्रा फिर से शुरू की और यह यात्रा पड़ोसी पंचमहल जिले में गोधरा की ओर बढ़ी।
राहुल गांधी की यात्रा ने बृहस्पतिवार को राजस्थान से गुजरात में प्रवेश किया था। दाहोद जिले के झालोड शहर में लोगों को संबाधित करने के बाद उन्होंने इलाके के एक गांव में रात्रि विश्राम किया था।
उन्होंने शुक्रवार सुबह झालोड के समीप कम्बोई धाम में आदिवासियों के पूज्य गुरु गोविंद गुरु के दर्शन किए।
बाद में जब यात्रा शुक्रवार सुबह दाहोद शहर से फिर शुरू हुई तो रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने राहुल का स्वागत किया। एक चौराहे पर आदिवासी भी एकत्रित हुए और उन्होंने अपने पारंपरिक नृत्य से राहुल गांधी का स्वागत किया। राहुल एक खुले वाहन में बैठे थे और उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
राहुल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा भेंट किया गया एक बड़ा केक भी काटा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर साल आठ मार्च को मनाया जाता है।
राहुल का हालोल शहर जाने से पहले गोधरा में लोगों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। (भाषा)
प्रयागराज (उप्र), 8 मार्च माघ मेला के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक करीब छह लाख लोगों ने यहां गंगा और पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि आज सुबह से स्नानार्थियों का संगम क्षेत्र में आना जारी है और सुबह 10 बजे तक करीब छह लाख लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में भारी संख्या में लोग शिवलिंग पर माला फूल, दूध आदि चढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्नानार्थियों की सुविधा के लिए घाटों की लंबाई 6,800 फुट से बढ़ाकर 8,000 फुट कर दी गई है और कुल 12 घाट बनाए गए हैं एवं सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में वस्त्र बदलने की सुविधा स्थापित की गई है।
तीर्थ पुरोहित राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन ही भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस दिन भोलेनाथ का विभिन्न पवित्र वस्तुओं से पूजन एवं अभिषेक किया जाता है विशेषकर बेलपत्र, धतूरा, अबीर, गुलाल, बेर आदि अर्पित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ अपनी बारात में उन सभी को आमंत्रित करते हैं जिनकी समाज उपेक्षा करता है। इसीलिए भोलेनाथ को पतित पावन कहा जाता है।
पुलिस उप-महानिरीक्षक (माघ मेला) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि नगर के मनकामेश्वर मंदिर, सोमेश्वर महादेव मंदिर और नागवासुकी मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। (भाषा)
श्रीनगर, 8 मार्च । पूर्व विधायक जावेद हसन बेग शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) में शामिल हो गए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री मुजफ्फर हुसैन बेग के छोटे भाई जावेद हसन बेग बारामूला विधानसभा क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर विधान सभा के लिए चुने गए थे।
राज्य विधानसभा के विघटन और अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद, जावेद पूर्व मंत्री सैयद अल्ताफ बुखारी की अध्यक्षता वाली जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी में शामिल हो गए थे।
खबरों के मुताबिक मुजफ्फर हुसैन बेग के उत्तरी कश्मीर बारामूला निर्वाचन क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना है।
(आईएएनएस)
नयी दिल्ली, 8 मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राजधानी स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार (नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड) प्रदान किया। इस पुरस्कार की शुरुआत पहली बार की गई है।
'ग्रीन चैंपियन' श्रेणी में प्रवेश पांडे को पुरस्कृत किया गया, जबकि कीर्तिका गोविंदसामी को सर्वश्रेष्ठ कहानीकार का पुरस्कार दिया गया। गायिका मैथिली ठाकुर को ‘कल्चरल एंबेसडर ऑफ द ईयर' का पुरस्कार मिला। टेक श्रेणी में गौरव चौधरी और यात्रा क्षेत्र के लिए कामिया जानी को पुरस्कृत किया गया।
राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार कथा वाचन, सामाजिक बदलाव, पर्यावरणीय संवहनीयता और शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का प्रयास है। इसका उद्देश्य सकारात्मक बदलाव के लिए रचनात्मकता को प्रोत्साहन देना है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार के लिए अनुकरणीय सार्वजनिक सहभागिता सामने आई है। पहले दौर में 20 विभिन्न श्रेणियों में 1.5 लाख से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे।
इसके बाद, वोटिंग राउंड में विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों में डिजिटल सर्जकों के लिए लगभग 10 लाख वोट डाले गए। इसके बाद, तीन अंतरराष्ट्रीय सर्जक सहित 23 विजेताओं का निर्णय किया गया।
बयान में कहा गया कि यह जबरदस्त सार्वजनिक जुड़ाव इस बात का प्रमाण है कि पुरस्कार वास्तव में लोगों की पसंद को प्रदर्शित करता है। (भाषा)
बदायूं (उप्र) 8 मार्च उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में एक व्यक्ति ने शराब पीने से मना करने पर अपनी पत्नी को कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया जिससे उसकी मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला को बचाने के प्रयास में उसकी सास भी गंभीर रूप झुलस गई। महिला की चीख सुनकर आए पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि गुजरिया थाना क्षेत्र के नैथुआ गांव निवासी मुनीश सक्सेना शराब पीने का आदी है और वह अक्सर अपनी पत्नी शन्नो (40) के साथ मारपीट किया करता था।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार रात को भी जब शन्नो ने मुनीश को और शराब पीने से रोका तो वह नाराज हो गया और अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल कर लाया तथा शन्नो के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। कुछ देर तड़पने के बाद शन्नो की मौत हो गयी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शन्नो की सास मुन्नी देवी को पहले बिल्सी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि हत्यारोपी मुनीश की तलाश में टीम लगा दी गई है। घटना में महिला की सास भी झुलस गयी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (भाषा)
नॉटिंघम, 8 मार्च इसे पढ़ने वाले किसी भी व्यक्ति को, जिसके घर में कुत्ता है, घर पहुंचने की खुशी का एहसास होगा, जब उनका पालतू जानवर पूरे उत्साह और खुशी के साथ बेतहाशा पूंछ हिलाते हुए चाट-चाटकर उनका मुंह गीला करके उनका स्वागत करता है। कुछ लोग चेहरा चाटने को हतोत्साहित करने के लिए अपने कुत्तों को खेल-खेल में दूर धकेल देते हैं, वहीं अन्य लोग सकारात्मक रूप से अपने कुत्ते के स्नेह का आनंद लेते हैं और कुत्ते के चुंबन को स्वीकार करने के लिए अपने सिकुड़े हुए होंठों की पेशकश भी कर सकते हैं।
यह दिल खुश कर देने वाला मंजर है। लेकिन सोचिए कि आपका वह डॉगी दिन भर क्या चाटता रहा होगा। उनका भोजन और पानी, उनके पंजे, उनके खिलौने और चबाने की चीज़ें - और शायद उनके निचले हिस्से और गुप्तांग भी। क्या वे प्यारे चुंबन अब कुछ कम आकर्षक लगते हैं?
कुछ लोगों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि पालतू जानवरों ने क्या चाटा है, कई मालिक अपने कुत्तों से इतने प्रभावित होते हैं कि वे संभावित स्वच्छता संबंधी मुद्दों को नजरअंदाज करने को तैयार रहते हैं।
और कुत्तों के लिए चाटना महत्वपूर्ण है। यह उनका एक सहज व्यवहार है। जब कुत्ते बार-बार अपना मुंह चाटते हैं, तो यह तनाव या भय का एक सूक्ष्म संकेत हो सकता है, खासकर जब कान पीछे और तनावपूर्ण अभिव्यक्ति के साथ हो।
वास्तव में, होंठ चाटने की आवृत्ति का अवलोकन करना प्रशिक्षण सत्रों के दौरान और केनेल में रखे जाने पर कुत्तों के कल्याण का आकलन करने का एक तरीका है।
कुत्ते इंसानों की भावनात्मक स्थिति के प्रति व्यवहारिक प्रतिक्रिया के रूप में भी होंठ चाटने का उपयोग करते हैं। साक्ष्य बताते हैं कि कुत्ते सहानुभूतिशील होते हैं। वे दृश्य और श्रव्य संकेतों का उपयोग करके मनुष्यों और अन्य कुत्तों दोनों में भावनाओं को पहचान सकते हैं। एक अध्ययन से पता चला है कि गुस्से में इंसानों के चेहरों को देखते समय कुत्ते अपने होंठ अधिक बार चाटते हैं।
कुत्तों के लिए, होंठ चाटना एक स्वाभाविक प्रवृत्ति है - और यह उनके मनुष्यों के साथ संबंधों पर भी लागू होता है। कुत्ते के साथ रहने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए, चाटना एक सामान्य घटना है, और कई कुत्ते अपने इंसानों के चेहरे और मुंह को चाटने की कोशिश करेंगे। लगभग आधे कुत्ते मालिकों का कहना है कि उनके कुत्ते ने उनके चेहरे को चाटा है। लेकिन, यह देखते हुए कि कई कुत्तों में ऐसी चीजें खाने की प्रवृत्ति होती है जो मालिकों को स्वादिष्ट नहीं लग सकती। क्या अपने कुत्ते को अपना चेहरा चाटने देना स्वास्थ्यकर या सुरक्षित भी है?
भीतर क्या छिपा है
मालिक आमतौर पर अपने कुत्तों से प्यार करते हैं, और कुत्तों का साथ और स्नेह उनके मालिकों की भलाई और मानसिक स्वास्थ्य के लिए चमत्कार कर सकता है। लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि, कुछ मनुष्यों के लिए, कुत्ते की लार फायदे से अधिक नुकसान पहुंचा सकती है।
ऐसे लोग जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमज़ोर है, खुले घाव हैं, या कोई कुत्ता अपने भोजन में मल को भी शामिल करता है, तो ऐसे कुत्ते अगर आपके चेहरे को न ही चाटें तो सबसे अच्छा है।
कुत्तों के मुंह में कई प्रकार के सूक्ष्मजीव रह सकते हैं जो आमतौर पर मनुष्यों के लिए कम जोखिम वाले होते हैं। हालाँकि, दुर्लभ मामलों में, ज़ूनोज़ (प्रजातियों के बीच होने वाली संक्रामक बीमारियाँ) कुत्तों के मनुष्यों को काटने, चाटने और खरोंचने से फैल सकती हैं।
ज्यादातर समय कुत्ते की लार के संपर्क में आने वाले इंसान बीमार नहीं पड़ते। वास्तव में, बहुत से लोग किसी भी स्वास्थ्य समस्या का सामना किए बिना, अपने पालतू जानवरों, बच्चों और अन्य सभी के साथ रहते हैं।
हालाँकि, ऐसे दुर्लभ मामले हैं जहां कुत्ते की लार के संपर्क में आने से लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। उदाहरण के लिए, कैप्नोसाइटोफागा कैनिमोरसस, एक बैक्टीरिया जो तीन चौथाई स्वस्थ कुत्तों और बिल्लियों के मुंह में पाया जाता है, जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाले सेप्सिस का कारण बनता है।
पाश्चुरेला मल्टीसिडा जैसे अन्य रोगाणु कुत्ते की लार के संपर्क से फैल सकते हैं, जिसके परिणामस्वरूप संभावित रूप से मेनिनजाइटिस सहित गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
ज़ूनोटिक संक्रमण से उच्च जोखिम में माने जाने वाले लोगों में कमजोर प्रतिरक्षा वाले, बहुत छोटे बच्चे, बड़े वयस्क और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
यदि आप इनमें से किसी एक समूह में आते हैं, तो कुत्ते की चाट से बचना आपके हित में है।
जोखिम वाले कुत्ते के मालिकों के लिए अतिरिक्त उपाय भी लागू किए जाने चाहिए। सतहों को साफ रखें, घरेलू वस्तुओं के प्रदूषण को कम करें और हर समय, विशेष रूप से जानवरों के संपर्क के बाद, सावधानीपूर्वक घरेलू स्वच्छता बनाए रखें।
एंटीबायोटिक प्रतिरोध को एक प्रमुख वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती के रूप में पहचाना जाता है। कैनाइन लार एंटीबायोटिक प्रतिरोधी जीन ले जाने वाले बैक्टीरिया का एक संभावित स्रोत हो सकता है। ये बैक्टीरिया कुत्ते की लार के संपर्क में आने के बाद मनुष्यों में बसने में सक्षम हैं।
हालाँकि, 2023 में 2,800 अस्पताल के मरीजों और उनके साथी जानवरों के एक जर्मन अध्ययन ने सत्यापित किया कि "साथी जानवरों और उनके मालिकों के बीच मल्टीड्रग-प्रतिरोधी जीवों का आदान-प्रदान संभव है", लेकिन अध्ययन ने केवल कुछ ही मामलों की पहचान की। इसलिए शोध ने निष्कर्ष निकाला कि "बिल्ली या कुत्ते का स्वामित्व अस्पताल के रोगियों में मल्टीड्रग-प्रतिरोधी जीव पनपने के लिए एक महत्वपूर्ण जोखिम कारक नहीं है।"
डॉक्टर कुत्ता
स्वास्थ्य के लिए संभावित खतरों के बावजूद, क्या कुत्ते का चाटना फायदेमंद हो सकता है?
रिकॉर्ड बताते हैं कि अतीत में, जानवरों की लार का उपयोग घाव भरने के लिए किया जाता रहा है, कुछ कुत्तों को खुले घावों को चाटने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाता है।
हालाँकि, ऐसा कोई शोध नहीं है जो यह सुझाव दे कि पशु साथियों को घाव चाटने की अनुमति देने से उन्हें ठीक होने में मदद मिलती है।
जानवरों को खुले घावों को चाटने की अनुमति देने से, वास्तव में, मालिक को संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
मनुष्यों और उनके कुत्तों के बीच संबंध अन्य संभावित उपचार लाभ प्रदान कर सकते हैं। पशु-सहायता चिकित्सा लोगों को चिंता, खाने के विकार और आघात जैसे कई मुद्दों से निपटने में मदद करती है। उदाहरण के लिए, कुत्तों को गले लगाने और सहलाने से मरीजों को शांत महसूस करने और रक्तचाप और हृदय गति को कम करने में मदद मिल सकती है।
कुत्ते के मालिक अपने पालतू जानवरों से बढ़ी हुई शारीरिक गतिविधि और सामाजिक संबंधों के साथ-साथ सहयोग और बेहतर मानसिक स्वास्थ्य से लाभान्वित होते हैं। हालाँकि, मानव और कुत्ते के बीच घनिष्ठ संबंध के लिए चाटना आवश्यक नहीं है।
इसी कारण से, अधिकांश लोगों के लिए, अपने कुत्ते को आपको चाटने देना संभवतः सुरक्षित है। अच्छे प्रबंधन, स्वास्थ्य देखभाल (आपके और आपके कुत्ते के लिए) और उत्कृष्ट स्वच्छता के साथ, कभी-कभार चाटने का जोखिम न्यूनतम होने की संभावना है। लेकिन हर किसी की सुरक्षा के लिए "मुंह पर नहीं" नियम को लागू करना एक अच्छा विचार है।
द कन्वरसेशन एकता एकता 0803 1251 नॉटिंघम (द कन्वरसेशन)
बेंगलुरु, 8 मार्च । बेंगलुरु जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड (बीडब्ल्यूएसएसबी) ने बेंगलुरु में पानी के संकट के बीच वाहनों की धुलाई, फव्वारे और बागवानी के लिए पानी के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसका उल्लंघन करने पर पांच हजार रुपये के जुर्माने की घोषणा की है।
जारी आदेश में निर्माण गतिविधियों के लिए पानी के उपयोग, मनोरंजन के लिए बनाए गए फव्वारे, मॉल और सिनेमा हॉल में पीने के उद्देश्यों के अलावा पानी के अन्य उपयोग, सड़कों की सफाई और अन्य सफाई कार्यों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
बीडब्ल्यूएसएसबी के अध्यक्ष डॉ. राम वसंत मनोहर ने कहा, " आदेश का उल्लंघन करने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और बार-बार उल्लंघन पर पांच हजार रुपये का जुर्माना और हर दिन 500 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा।"
बीडब्ल्यूएसएसबी ने कहा है कि " शहर में तापमान बढ़ रहा है और वर्षा की कमी के कारण भूजल स्तर नीचे चला गया है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे पानी बर्बाद न करें और विवेक से इसका उपयोग करें। "
बीडब्ल्यूएसएसबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई आदेश का उल्लंघन करते दिखाई दे, तो बीडब्ल्यूएसएसबी के कॉल सेंटर पर शिकायत करें।
(आईएएनएस)
कोलकाता, 8 मार्च प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार सुबह कोलकाता और उसके आस-पास के इलाकों में कई स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निदेशालय के पांच सदस्यीय दल ने कोलकाता से सटे न्यू टाउन के पथरघाटा मजार शरीफ इलाके में उस पूर्व पारा-शिक्षक के आवास पर छापा मारा जो गिरफ्तार किए गए राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी का कथित करीबी सहयोगी है।
अधिकारियों ने बताया कि शहर के उत्तरी हिस्से में नागेरबाजार इलाके में एक लेखाकार के आवास पर छापेमारी की गई।
प्रवर्तन निदेशालय ने घोटाले में कथित तौर पर शामिल कुछ व्यवसायियों, शिक्षकों और बिचौलियों के राजारहाट इलाके में स्थित आवासों पर भी छापे मारे।
प्रवर्तन निदेशालय करोड़ों रुपए के इस घोटाले में धन के लेन-देन के संबंध में जांच कर रहा है। यह छापेमारी इसी जांच के तहत की गई है (भाषा)
डिब्रूगढ़ (असम), 8 मार्च असम में डिब्रूगढ़ केंद्रीय कारागार के अधीक्षक को कट्टरपंथी संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से संबंधित कैदियों के कब्जे से स्मार्टफोन समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए जाने के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जेल अधिकारी को ‘‘ढिलाई बरतने’’ के आरोप में तड़के गिरफ्तार किया गया और इस समय वह डिब्रूगढ़ सदर पुलिस थाने में है।
असम के डिब्रूगढ़ केंद्रीय कारागार की उन कोठरियों से पिछले महीने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए थे, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत गिरफ्तार किए गए कैदियों को रखा गया है।
अधिकारी ने बताया कि डिब्रूगढ़ जेल अधिकारी की गिरफ्तारी इसी मामले में की गई है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह ने बताया था कि जेल परिसर की तलाशी लेने पर सिम कार्ड के साथ एक स्मार्टफोन, एक सामान्य फोन, कीबोर्ड के साथ एक टीवी रिमोट, एक स्पाईकैम पेन, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ हेडफोन और स्पीकर जैसे विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए थे।
सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये बताया था कि अनधिकृत गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद रासुका ब्लॉक के सार्वजनिक क्षेत्र में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा था कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं।
खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ (डब्ल्यूपीडी) के प्रमुख अमृतपाल समेत इसके 10 सदस्य डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। इस कट्टरपंथी समूह के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पंजाब के विभिन्न हिस्सों से इन लोगों को रासुका के तहत गिरफ्तार किया गया था और वे पिछले साल से इस जेल में बंद हैं।
पंजाब से कट्टरपंथी समूह के सदस्यों को डिब्रूगढ़ जेल लाए जाने के बाद से कारागार में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई, जिसके तहत जेल में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और खराब कैमरों की मरम्मत की गई थी या उन्हें बदला गया था।
पूर्वोत्तर भारत के सबसे पुराने और उच्च सुरक्षा वाले कारागारों में शामिल डिब्रूगढ़ जेल का निर्माण 1859-60 में ब्रिटेन के शासन के दौरान हुआ था।
बाराबंकी, 8 मार्च । उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के जेब्रा पार्क में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के स्वरोजगार के लिए स्टॉल का उद्घाटन हुआ, जिसमें जिले की तमाम समूह की महिलाओं ने स्टॉल लगाए और अपने-अपने उत्पादों की बिक्री शुरू की।
इस मौके पर बाराबंकी के पीओ डूडा सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी ने निर्देश दिया था कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका से जोड़ा जाए, जिसके क्रम में आज यहां चार समूह की महिलाओं ने फूड कोर्ट शुरू किया है। इससे उनकी आजीविका को बल मिलेगा और आगे इस तरह के कई और स्टॉल यहां लगाए जाएंगे।
वहीं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आज यहां फूड कोर्ट लगवाए गए हैं, जिससे जिले में जो समूह की महिलाएं हैं, उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने बताया कि समूह की महिलाओं के लिए आगे इस तरह की और भी पहल की जाएगी। वहीं, फूड कोर्ट लगाए समूह की महिलाओं ने बताया कि वह जिला प्रशासन की पहल से काफी खुश हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिला प्रशासन ने काफी अच्छी पहल की है। इससे उनकी आय भी बढ़ेगी साथ ही समूह की महिलाओं को इससे रोजगार भी मिलेगा।
(आईएएनएस)
कोलकाता, 8 मार्च केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के संदेशाखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक दल पर हमले की जांच के सिलसिले में निलंबित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शाहजहां शेख के आवास पर शुक्रवार को छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सीबीआई ने हमले के संबंध में सबूत इकट्ठा करने के लिए संदेशखालि स्थित सरबेरिया के अकुंचीपारा इलाके में शाहजहां के आवास के पास के इलाकों का भी दौरा किया।
शेख को राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें पांच जनवरी को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर भीड़ द्वारा उस समय हमला किए जाने संबंधी मामले में गिरफ्तार किया गया जब अधिकारी कथित राशन घोटाले से जुड़े मामले के सिलसिले में उनके आवास परिसर गए थे।
इस छापेमारी में फोरेंसिक और ईडी अधिकारियों ने भी सीबीआई टीम को सहयोग दिया।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों के कर्मियों की सुरक्षा के लिए इलाके में केंद्रीय बलों की एक बड़ी टुकड़ी तैनात की गई है।
सीबीआई अधिकारियों ने ईडी द्वारा शेख के घर पर लगाई गई सील को परिसर में प्रवेश करने के लिए खोल दिया। वे अपनी जांच के लिए इलाके की वीडियोग्राफी भी कर रहे हैं और उसका नक्शा भी तैयार कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता शाहजहां शेख को हिरासत में लेने के बाद सीबीआई का एक दल बृहस्पतिवार को भी संदेशखालि में स्थित उसके घर गया था।
उन्होंने बताया कि दोनों परिसरों में ताला लगा मिलने के बाद टीम ने बाहर से वहां की तस्वीरें लीं और चली गई।
शेख और अन्य लोगों पर संदेशखालि में यौन शोषण और जमीन हड़पने का आरोप लगाया गया था। (भाषा)