सरगुजा

2 शीर्ष नेताओं की युद्धभूमि बना है सरगुजा, सरकार ने जानबूझकर रोका विकास-रमन
12-Apr-2022 8:10 PM
2 शीर्ष नेताओं की युद्धभूमि बना है सरगुजा, सरकार ने जानबूझकर रोका विकास-रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,12 अप्रैल।
सरगुजा प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मंगलवार को अंबिकापुर नगर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि आईपीएल की तरह छत्तीसगढ़ में कलेक्टर-एसपी की पोस्टिंग के लिए ऑक्शन हो रहा है। कोरबा कलक्टर के लिए सबसे ज्यादा बोली लगती है, 10 लाख में कलेक्टर का पोस्ट बिक रहा है, पैसे लेकर पोस्टिंग करेंगे तो अपराध कैसे रुकेगा और उस जिले का विकास कैसे होगा।

डॉ. रमन सिंह ने आगे कहा कि विधान सभा चुनाव में कांग्रेस को सरगुजा की जनता ने भरपूर समर्थन दिया पर हम इस विश्वास को खंडित होते देख रहे हैं। विकास की जगह इनके आपस के द्वंद्व ने ले रखा है। दो शीर्ष नेताओं की लड़ाई में सरगुजा युद्धभूमि बना है। यहां कांग्रेस सरकार ने जान-बूझकर सरगुजा का विकास रोक दिया है। सरकार के साढ़े 3 साल में सरगुजा की जनता ने जितना भोगा है, वह यहीं के लोग जानते हैं।

डॉ रमन सिंह ने कहा कि मैंने सरगुजा को गोद लिया था तब कांग्रेस के लोगों ने मजाक में लिया था। यहां मैंने कई विकास के काम शक्कर कारखाना, मेडिकल कॉलेज, सैनिक स्कूल, सडक़ों का जाल समेत अन्य माइलस्टोन कार्य किए। आज सबसे ज्यादा सरगुजा की स्थिति काफी खराब है। कांग्रेस सरकार के 4 बजट में सरगुजा को अब तक कुछ नहीं मिला पांचवे में भी उम्मीद नहीं है।

कवर्धा की तरह सरगुजा में भी तुष्टीकरण की हो रही राजनीति
डॉ रमन सिंह ने कहा कि कवर्धा की तरह ही सरगुजा में भी तुष्टीकरण की राजनीति हो रही है। कवर्धा में तो भगवा को चला गया पर यहां सुनियोजित तरीके से महामाया की पहाड़ी व बॉर्डर पर लोगों को बसाने का काम किया जा रहा है।यह बड़ा षडय़ंत्र का हिस्सा है, अवैध कब्जा घोषित होने के बाद भी प्रशासन अतिक्रमण नहीं हटा पा रहा है,पूरे प्रदेश में ऐसे ही स्थिति है।प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, गौरीशंकर अग्रवाल, अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह, अखिलेश सोनी, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, सिद्धनाथ पैकरा, रजनी त्रिपाठी, भारत सिंह, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, प्रबोध मिंज, अभिमन्यू गुप्ता समेत अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

साढ़े 3 साल में 81 हजार करोड़ का कर्ज, नरवा-गरुवा, घुरवा, बाड़ी में रुपए बर्बाद कर रही है सरकार
डॉ. रमन ने कहा कि साढ़े 3 साल में छत्तीसगढ़ की जनता पर कर्ज का बोझ काफी बढ़ गया है। भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार ने साढ़े 3 साल के कार्यकाल में 81 हजार करोड़ रुपए कर्ज ले चुकी है। इन्हें 12 हजार करोड़ रुपए का सालाना ब्याज देना पड़ रहा है।

श्री सिंह ने कहा कि कर्ज लेना बुरा नहीं है। पीएम आवास के लिए कर्ज लो, एनएच के लिए लो या अन्य विकास कार्यों के लिए लो लेकिन ये कर्ज लेकर लूट में लगे हुए हैं। हमने भी 15 साल के भाजपा सरकार में 36 हजार करोड़ का कर्ज लिया। हमने तो इंफ्रास्ट्रक्चर के काम किए, सडक़ों का जाल बिछाया पर ये कांग्रेस सरकार गोबर खरीदी में हजारों करोड़ रुपए का बंदरबांट कर रही है।डॉ. रमन ने कहा कि केेंद्र सरकार पहले राज्यों को 32 प्रतिशत शेयर देती थी लेकिन अब 42 प्रतिशत कर दिया है। भूपेश सरकार पूरे पैसे केवल नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी में बर्बाद कर रही है। यहां अमृत मिशन में मिले 100 करोड़ रुपए का बंदरबांट हो गया।

12 लाख गरीबों का नहीं बना पीएम आवास
पूर्व मुख्यमंत्री रमन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 22 लाख पीएम आवास बनना था,जिसमें से 12 लाख आवास केंद्र द्वारा स्वीकृत हो गया था,जिसमें राज्य सरकार को 40 प्रतिशत लगाना था लेकिन नहीं लगा पाए। मैंने विधानसभा में ये आरोप भी लगाया है कि इसका दोषी सिर्फ भूपेश बघेल है। ये लोग कामों का सिर्फ नामकरण करने में लगे हैं।

खैरागढ़ में घबरा गए सीएम, 8 दिन घूमते रहे
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल घबरा गए थे वह इतना आशंकित थे कि उन्हें 8 दिनों तक खैरागढ़ में घूमना पड़ा। यही नहीं सरकार में होते हुए भी उन्हें 29 सूत्रीय घोषणा पत्र जारी करना पड़ा और चुनाव जीतने के 24 घंटे के अंदर जिला बनाने की घोषणा करना पड़ा, जबकि सत्ता वाले कभी घोषणा नहीं करते निर्माण कार्यों की स्वीकृति देते हैं। रमन सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की कंबल-साडिय़ां पकड़ी गईं, इन्होंने यहां खूब पैसे बांटे। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के पास कोई मुद्दा नहीं था, इस कारण कार्यकर्ता गांव में जाने से घबरा रहे थे। खैरागढ़ में हमारी स्थिति काफी अच्छी है, भाजपा यह सीट जीत रही है।

मीडिया जगत दहशत में, लिखने की रोक रहे आजादी

पूर्व सीएम ने कहा कि सरगुजा संभाग का रेत यूपी-बिहार जा रहा है,जिसके कारण नदियां गहरी हो गई हैं। रेत में गुंडागर्दी इतनी है कि कांग्रेस विधायक के पति छन्नी साहू को रेत का विरोध करने पर एट्रोसिटी एक्ट में जेल भेज दिया गया। भूपेश सरकार में मीडियाकर्मियों को जेल भेजा जा रहा है, लिखने की आजादी का षडय़ंत्र हो रहा है। आपातकाल में भी ऐसी स्थिति नहीं थी,आज मीडिया जगत दहशत में है।आय से अधिक संपति में हाईकोर्ट के आदेश की बात पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक षडय़ंत्र है। हम पूरे इनकम का इनकम टैक्स रिटर्न भरते हैं। मैंने पूरा तथ्य विधानभा व आईटी डिपार्टमेंट में रख दिया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news