रायपुर

वनवासी महिलाओं को मिली अंतर्राष्ट्रीय पहचान, सिंगापुर में जगदलपुर और कोरबा के दो महिला स्व-सहायता समूह होंगे पुरस्कृत
20-Jul-2022 8:36 PM
वनवासी महिलाओं को मिली अंतर्राष्ट्रीय पहचान, सिंगापुर में  जगदलपुर और कोरबा के दो महिला स्व-सहायता समूह होंगे पुरस्कृत

छत्तीसगढ़ को लघु वनोपज प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा ग्रिट अवार्ड 

सीएम बघेल और वन मंत्री अकबर ने दी बधाई   

रायपुर, 20 जुलाई। छत्तीसगढ़ को लघु वनोपज प्रोसेसिंग के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ को संधारणीय विकास, गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण के लिए अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार मिलेगा। इसमें पुरस्कार ग्रहण करने आज 20 जुलाई को माना विमानतल रायपुर से दल रवाना हो चुका है। 

सिंगापुर में आगामी 22 और 23 जुलाई को आयोजित ईएसजी ग्रिट पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ सहित जगदलपुर और कोरबा के दो महिला स्व-सहायता समूह पुरस्कृत होंगे। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के उपरांत संभवतः यह पहला अवसर है, जब महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य एक अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने के लिए विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। 

सिंगापुर के लिए भरी यह उड़ान उनकी आकांक्षाओं और सपनों की ऊंची उड़ान है। बकावंड वन धन केन्द्र के सदस्य सुश्री पद्मिनी बघेल तथा सुश्री बेलाबाई कश्यप तथा डोंगानाला वनधन केन्द्र के सदस्य सुश्री सरोज पटेल तथा सुश्री फूलबाई नेती के विमान को एक बड़ी भीड़ ने जब हाथ हिला कर रवाना किया, तो पूरे छत्तीसगढ़ तथा विशेषकर कोरबा तथा बस्तर जिलों में हर्ष की लहर दौड़ गई। वन धन विकास के सदस्यों की यह उड़ान, ऐसी सैकड़ों महिलाओं और वनवासियों की आशाओं की उड़ान है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की पहल पर वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के वन धन विकास केन्द्रों में लघु वनोपज के प्रसंस्करण कार्य में लगी महिला सदस्यों के समर्पित कार्य प्रणाली का परिणाम है कि इस अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए उनकी पहचान हुई है। छत्तीसगढ़ की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री बघेल और वन मंत्री  अकबर ने राज्य लघु वनोपज संघ सहित वनधन केन्द्रों के समूहों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। 

खुशी से भरपूर छत्तीसगढ़ के ये वनवासी प्रतिनिधि 150 देशों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों के समक्ष यह पुरस्कार ग्रहण करते हुए, छत्तीसगढ़ मॉडल तथा सतत् विकास की कहानी भी सुनाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news