कोण्डागांव

केशकाल में प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज का भव्य स्वागत
18-Jul-2023 3:32 PM
केशकाल में प्रदेशाध्यक्ष  दीपक बैज का भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष व बस्तर लोकसभा के सांसद दीपक बैज सोमवार शाम केशकाल पहुंचे। जहां विस उपाध्यक्ष सह केशकाल विधायक संतराम नेताम के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दीपक बैज का जोशीला स्वागत किया। कांग्रेसियों ने पंचवटी से बाइक रैली निकालकर जमकर आतिशबाजी करते हुए बस स्टैंड पहुँचे। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने नवीन दायित्व हेतु  आलाकमान को धन्यवाद दिया। साथ ही हरेली त्योहार होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त भी किया।

इस दौरान पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बतौर सांसद मैंने बस्तर की आवाज को दिल्ली तक पहुंचाने का काम किया है। परिणामस्वरूप चुनाव से ठीक दो महीने पहले संगठन ने मुझे प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है। यह मेरे लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है। मेरा प्रयास रहेगा कि इस दो महीने में पूरे 90 विधानसभा को कवर करेंगे। और माननीय भूपेश बघेल जी की मंशा के अनुरूप पुन: 75 से ढ़ील सीटों के साथ छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे।

आदिवासियों और धर्म को लेकर एक-दूसरे

को लड़वाना चाहती है भाजपा

दीपक बैज ने कहा कि जिस प्रकार से पिछले 15 वर्षों में भाजपा ने बस्तर में आदिवासियों को आपस मे लड़वाने का काम किया है। भाजपा में झूठ की राजनीति कर शांत बस्तर को अशांत करने का काम किया है। लेकिन जब से कांग्रेस की सरकार आई है, बस्तर में पुन: शांति स्थापित हुआ है। यह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का नतीजा है। इसलिए प्रदेश की जनता हमारी सरकार पर भरोसा करती है।

बैज ने कहा कि जिस प्रकार से केशकाल विधायक संतराम नेताम ने विपक्ष के साथ साथ सत्तापक्ष में रहते हुए भी आपकी आवाज सदन में उठाते हुए अपनी ही सरकार के खिलाफ मुहिम छेड़ा था। इसी की बदौलत सरकार ने उन्हें उत्कृष्ट विधायक व विधानसभा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संतराम नेताम की सबसे बड़ी ताकत क्षेत्र के युवा साथी हैं। मुझे उम्मीद है कि संतराम नेताम पर आप लोगों का प्यार और आशीर्वाद इसी तरह बना रहेगा। और केशकाल विधानसभा से लगातार तीसरी बार संतराम नेताम को प्रचंड बहुमत के साथ विधायक बनाएंगे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news