कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव,18 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार सांसद दीपक बैज 17 जुलाई को रात कोण्डागांव नगर पहुंचे। प्रथम नगर आगमन पर स्थानीय न्यू सर्किट हाउस में उनका कांग्रेसियों ने आत्मीय स्वागत किया। हालांकि उनके स्वागत के दौरान न ही जुलूस निकाला गया और ना ही कोई स्वागत रैली।
इस बारे में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, बारिश के दौरान 4 घंटे लेट कोण्डागांव पहुंचने के कारण ग्रामीण कार्यकर्ता अपने घर लौट आए गए हैं, जिस कारण से स्वागत रैली में कांग्रेसियों की भीड़ थोड़ी कम नजर आ रही है। वहीं उन्होंने संगठन में बदलाव के भी आसार दिए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी में जल्दी बदलाव किए जा सकते हैं। इसके लिए आलाकमान और प्रदेश प्रभारी से चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
इधर कोण्डागांव में कांग्रेसियों के स्वागत के दौरान उत्साह तो नजर आया लेकिन, उनकी संख्या काफी कम दिखी। इस बारे में भी बचाव करते हुए दीपक वैज ने कहा कि, वे धमतरी से लगातार स्वागत कार्यक्रम में शामिल होते आए है। इस कारण कोण्डागांव में रात 10 बजे पहुंचे हैं। रात 10 बजे लगभग 4 घंटे देर से कोण्डागांव पहुंचने और बारिश के कारण ग्रामीण कार्यकर्ता अपने घर लौट गए हैं।