महासमुन्द

काम पर नहीं लौटे तो बर्खास्त होंगे स्वास्थ्य कर्मी
04-Sep-2023 4:37 PM
काम पर नहीं लौटे तो बर्खास्त होंगे स्वास्थ्य कर्मी

निलंबन की कार्रवाई के बीच 600 कर्मी सौंपेंगे इस्तीफा

2600 स्वास्थ्य कर्मियों में से 72 नर्से निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 सितंबर। पिछले माह भर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गये स्वास्थ्य फेडरेशन 12 संगठन के कर्मचारी यदि आज 4 सितम्बर तक काम पर नहीं लौटे तो उनके विरूद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई की जायेगी। अब हड़तालियों के पास मात्र एक दिन का ही समय शेष है। एक ओर जहां प्रदेश भर में हड़ताली कर्मचारियों के विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई जारी है। वहीं अब स्वास्थ्य कर्मियों ने कल ही सामूहिक इस्तीफा सौंपने का निर्णय लिया है।

ज्ञात हो कि एक दिन पूर्व ही जिले के 72 नर्सों के विरूद्ध शासन ने निलंबन की कार्रवाई की है। इससे कर्मचारियों में हडक़ंप मच गया है। अन्य जिलों में बर्खास्तगी की कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार वेतन वृद्धि की मांगों को लेकर स्वास्थ्य फेडरेशन महीने भर से हड़ताल पर है। जिसकी वजह से जिले भर में प्राथमिक सामुदायिक तथा उप स्वास्थ्य केन्द्रों में काम काज बुरी तरह से प्रभावित है। इनमें से अनेक प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केन्द्रों में ताला जड़ा हुआ है। साथ ही अनेक आवश्यक राष्ट्रीय कार्यक्रम जैसे टीकाकरण, गर्भवतियों की जांच जैसे कार्यक्रम पूरी तरह से ठप है।

स्वास्थ्य फेडरेशन के जिलाध्यक्ष विनय चौहान ने बताया कि शासन ने जो चुनाव पूर्व वादे किये थे हम उन्हीं वादों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। आज 4 सितम्बर को स्वास्थ्य फेडरेशन के सभी स्वास्थ्य कर्मी शासन को सामूहिक इस्तीफा सौंपेंगे। बताया कि अनेक जिलों में बर्खास्तगी की कार्रवाई के बावजूद कर्मी राजधानी स्थित तूता मैदान में बारिश के बीच डटे हुए हैं। महासमुंद जिले के 600 स्वास्थ्य कर्मियों में 95 नर्स, 450 आरएचओ तथा 30 डॉक्टर हड़ताल पर है। इनमें से 72 नर्सों को निलंबित किया जा चुका है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news