दुर्ग

भारत की उपलब्धियां हर भारतवासी की उपलब्धियां-जितेन्द्र
01-Jan-2024 4:59 PM
भारत की उपलब्धियां हर भारतवासी की उपलब्धियां-जितेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की मन की बात का 108 वां एपिसोड भाजपा जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के निर्देशानुसार भाजपा जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के द्वारा बूथ स्तर पर श्रवण किया। भाजपा जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने भाजपा प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के सानिध्य में श्रवण किया। जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जिला भाजपा कार्यालय में श्रवण किया। मन की बात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कार्यक्रम के जिला प्रभारी संतोष सोनी ने सभी मंडलों से फीडबैक लिया।

मन की बात कार्यक्रम के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम का 108 वां एपिसोड प्रफुल्लित करने वाला रहा। सनातन संस्कृति की मान्यता में 108 अंक का अलग ही महत्व और पवित्रता है। माला में 108 मनके, 108 बार जप, 108 दिव्य क्षेत्र, मंदिरों में 108 सीढिय़ाँ, 108 घंटियाँ, 108 का ये अंक असीम आस्था से जुड़ा हुआ है। इसलिए ‘मन की बात’ का 108वाँ एपिसोड खास था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 108 एपिसोड में जनभागीदारी के अनेकों उदाहरणों को भारतवासियों के समक्ष रखा है, जिससे सबने प्रेरणा पाई है। भारत की उपलब्धियां हर भारतवासी की उपलब्धियां है।

इस एपिसोड में प्रधानमंत्री एवं अन्य अतिथि वक्ताओं के उद्बोधन को रेखांकित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि तगड़ा रहो नाम से हेल्थ फिटनेस के स्टार्टअप के प्रणेता ऋषभ मल्होत्रा, फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर के अनुभवों को इस एपीसोड में देशवासियों ने सुना और शरीर के फिटनेस के लिए उत्तम आहार और व्यायाम की आवश्यकता को समझा।

पिछले 10 वर्षों ने देश में अनेकों उपलब्धियां पाई है। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि इस एपिसोड के माध्यम से यह बात पहले बात प्रकाश में आई कि एआई टूल भाषिणी के माध्यम से किसी भी भाषा में बोलने वाले व्यक्ति का भाषण तत्काल दूसरी किसी भी चाही गई भाषा में अंतरित होकर दिखाई देता है। तकनीकी क्षेत्र में यह एक महान उपलब्धि है जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के आमजनों के सामने प्रस्तुत किया है।

जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के आदिवासी गांव में कार्तिक उरांव आदिवासी स्कूल के महान कार्यों को सामने रखा जिसमें विलुप्त होती जा रही अपनी कुरुख भाषा को नई पीढ़ी के बच्चों को सीखने का प्रयास की सराहना से अपनी स्थानीय भाषाओं को बचाने और संरक्षित करने का संदेश मिला है क्योंकि स्थानीय और मातृभाषा बच्चों तक अपनी बात को पहुंचाने का सबसे अच्छा माध्यम है।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार पाध्ये ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की विलक्षण बेटियों सावित्रीबाई फुले और रानी वेलु नाचियार जैसी देश की दो विभूतियों के व्यक्तित्व और संघर्षों को नमन किया जो ऐसे प्रकाश स्तम्भ की तरह है, जो हर युग में नारी शक्ति को आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाता रहेगा। आगामी 3 जनवरी को इन दोनों के जन्मदिवस पर इनका स्मरण सबको करना चाहिए।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि पीएम मोदी को चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर मिलने वाले संदेशों से यह प्रमाणित होता है कि लोगों का विश्वास मोदी के प्रति अटल है। हमारे वैज्ञानिकों और विशेषकर महिला वैज्ञानिकों को लेकर हम सभी गर्व महसूस करते हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news