महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2जनवरी। चार माह से मानदेय नहीं मिलने से परेशान रसोइयों ने काम बंद कर हड़ताल करने का निर्णय लिया है। अत: आज से स्कूलों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित रहने वाली है।
रसोइयों का कहना है कि जब तक उनका मानदेय नहीं मिलेगा, तब तक उनका हड़ताल जारी रहेगा। कोई भी रसोइया स्कूल नहीं जाएंगे। हालांकि धरना-प्रदर्शन नहीं करेंगे। फिलहाल काम बंद करके विरोध कर रहे हैं। जिले के रसोइयों ने काम बंद करने की जानकारी संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को लिखित में दे दी है।
छत्तीसगढ़ स्कूल मध्याह्न भोजन रसोइया संयुक्त संघ के बागबाहरा ब्लॉक अध्यक्ष योगेश्वर दीवान ने बताया कि चार माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण रसोइयों को काम करने में काफ ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। ऐसे रसोइए जो सिर्फ इसी काम पर निर्भर हैं उनको परिवार के भरण-पोषण में परेशानियां हो रही है। इसलिए रसोइयों ने एक मत होकर निर्णय लिया है कि जब तक उनका मानदेय उन्हें नहीं मिलता वे काम बंद रखेंगे। मानदेय मिलने के बाद ही वे लोग काम पर लौटेंगे।
उन्होंने बताया कि काम बंद करने संबंधी सूचना रसोइयों ने प्रधान पाठकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी है।