सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जनवरी। देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर जिला कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के संदेश का वाचन किया गया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेसजनों के लिये प्रेषित संदेश में कहा है कि इस समय देश के संवैधानिक मूल्यों पर हमला हो रहा है। सूनियोजित तरीके से संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस नेतृत्व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी से मुह नहीं मोड सकता। जनअधिकार की इस लड़ाई के लिये ही राहुल गांधी ने पूर्व में भारत जोड़ो यात्रा की और आज फिर वो आमजन के न्याय के लिये भारत जोडो न्याय यात्रा कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज उत्साहपूर्वक झाण्डारोहण के पूर्व कांग्रेस की परंपरा के अनुसार कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वजारोहरण की पूर्व तैयारी की इसके उपरांत प्रात: 8 बजे ध्वजारोहण किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजीव भवन में मौजूद थे। इस दौरान डॉ. अजय तिर्की, मधु सिंह, अजय अग्रवाल, शिवप्रसाद अग्रहरी, लोकेश पासवान, अनिल सिंह कर्नल, जमील खान, अमित सिंह, बबन सोनी, सुधांशु गुप्ता, दिनेश शर्मा, आदि उपस्थित थे।