सरगुजा

देश की सम्पत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है-मोदी
24-Apr-2024 10:45 PM
देश की सम्पत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है-मोदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा द्वारा विरासत-कर संबंधी बयान पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन को एक  बार फिर आड़े हाथों लिया और आगाह किया है कि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह नया विरासत कानून लाएगी। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वह भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं और इसलिए अब वह अमेरिका की तरफ रुख कर रहे हैं। श्री मोदी बुधवार को सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के अम्बिकापुर में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में आहुत विशाल जनसभा के संबोधित कर रहे थे।

श्री मोदी ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें कि क्या वह पित्रोदा के बयान से सहमत हैं? कांग्रेस अगर पित्रोदा की राय से इत्तेफाक नहीं रखती है तो उसे अपने घोषणा पत्र से इस मुद्दे को वापस लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पित्रोदा का बयान कांग्रेस का मकसद साफ तौर पर जाहिर कर रहा है कि कांग्रेस देश की जनता की निजी संपत्ति का सर्वे कर निजी संपत्ति को सरकारी खजाने में डालना चाहती है और ‘देश के संसाधन पर सबसे पहला अधिकार माइनॉरिटी और उसमें भी मुस्लिम लोगों का है’ की मंशा को पूरी करते हुए इसका बँटवारा करना चाहती है, जैसा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में कहा था।

 श्री मोदी ने कहा कि पित्रोदा ने अमेरिकी कानून भारत में लागू करके देशवासियों की सम्पत्ति हड़पना चाहती है। अब कांग्रेस या तो स्वीकार करे कि उसका मकसद वही है जो पित्रोदा ने कहा है, या फिर देश से माफी मांगकर इस मुद्दे को अपने घोषणापत्र से वापस ले। छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन कांग्रेस की इस बदनीयती को अच्छी तरह भाँप रही है और कांग्रेस दो टूक बता देगी कि देश के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार देश के गरीबों, दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्ग का है।

 श्री मोदी ने कहा कि सरकार में आने पर कांग्रेस की सरकार माताओं-बहनों के सोना-चांदी का हिसाब करेगी और जाँच करेगी, और फिर वह सम्पत्ति उनको बाँट देगी, जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बाँटने की बात कह रही है, घुसपैठियों को बाँटने की बात कह रही है। अपनी मेहनत की कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिया जाना देशवासियों को कतई मंजूर नहीं होगा। यह कांग्रेस की ‘अर्बन नक्सली सोच’ है। परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना आर्थिक साम्राज्य बना लिया है और अब उनकी नजर देशवासियों की सम्पत्ति पर पड़ गई है। देश की सम्पत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है।

श्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जिस तरह से कांग्रेस के घोटालेबाजों पर एक्शन हो रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है। जब हम विकसित भारत की बात करते हैं तो कांग्रेस और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। इसलिए वह भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। ऐसी कांग्रेस सरकार जो आपस में ही लड़ती है, घोटाले करती रही है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमारा देश संस्कार, संस्कृति में विश्वास रखता है, भारत उपभोक्तावादी देश नहीं है। हम संचय, संवर्धन, संरक्षित करने में विश्वास रखते हैं। हमारे यहां घर के बुजुर्ग अपने बच्चों, नाती - पोतों के लिए रुपये गहने खुद उपयोग न कर जमा करके रखते हैं। ये इस देश का स्वभाव है। कांग्रेस भारत के मूलभूत चिंतन, संस्कार पर कड़ा प्रहार कर रही है। श्री मोदी ने अपील की  कि 7 मई को राष्ट्र निर्मांण, लोकतंत्र और बच्चों की गारंटी के लिए मतदान जरूर करें।

लोकसभा चुनाव में भी सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ में कांग्रेस खाता नहीं खुलना चाहिए- साय

  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जैसे सरगुजा संभाग में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का खाता नहीं खुला, सुपड़ा साफ हो गया वैसे ही लोकसभा चुनाव में भी सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ में कांग्रेस खाता नहीं खुलना चाहिए?। पूरी 11 सीटें जिताकर मोदी जी को सौंपनी है। यह कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह श्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।

देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज से मुख्यमंत्री और देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पर आदिवासी महिला बैठी है- रामविचार

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सरगुजा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चिंतामणि महाराज सबकी चिंता दूर करने वाले हैं। सरगुजा की जनता ने मोदीजी की गारंटी पर विश्वास जताया और सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी को जिताकर दी। आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरगुजा संभाग से आते हैं और देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी समाज से मुख्यमंत्री और देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पर आदिवासी महिला बैठी है यह सब भारतीय जनता पार्टी में ही संभव हो सकता है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश बघेल की सिंगल इंजन की सरकार थी। गोबर, रेत , कोयला सब खा गयी। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनते ही मोदी जी की गारंटी पूरी हो रही है।

मोदी देश के सेवक बनकर काम कर रहे हैं- लक्ष्मी राजवाड़े

 महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के सेवक बनकर काम कर रहे हैं। उनके दस साल का कायर्काल आपने देखा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने पांच साल कैसा काम किया, आप सबको पता है। पहले सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटें कांग्रेस के पास थी, पर अब उल्टा हो गया। सभी सीटें भारतीय जनता पार्टी को जिताकर आपने दी।  श्रीमती राजवाड़े ने साफ कहा कि जब तक श्री साय की सरकार है तब तक जनता को दी हुई मोदी की गारंटी पूरी होती रहेगी।

यह विकसित भारत बनाने का चुनाव - रेणुका

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भरतपुर सोनहत से विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि 2024 का चुनाव साधारण चुनाव नहीं है यह विकसित भारत बनाने का चुनाव है।  मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की सबसे बड़ी पांचवीं अर्थव्यवस्था है और दो वर्षों के भीतर तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगा। समृद्ध भारत बनाने के लिए सरगुजा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चिंतामणि महाराज को कमल फूल छाप पर बटन दबाकर विजयी बनाएं और नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने संकल्प लें।

सीएम साय के सुशासन में

 सभी खुश - चिंतामणि

सरगुजा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने कहा कि सरगुजा संभाग की जनता को धन्यवाद देता हूं कि सभी 14 सीटें भारतीय जनता पार्टी को जीताकर दी। मोदी जी जब यहां आए थे तो आप सभी को गारंटी दिए थे आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ की महिलाएं, युवा, किसान, व्यापारी सभी खुश हैं।  भारतीय जनता पार्टी ने मुझे सरगुजा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया मै आप सभी से कहना चाहता हूं क्षेत्र के विकास के लिए आप सभी की राय लेकर मोदी जी तक पहुंचाने का काम करूंगा चाहे वह रेलवे लाइन, हवाई सेवा या और भी विकास का काम हो।

अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल ने भाजपा सरकार बनते ही सरगुजा संभाग जो कभी पिछड़ा हुआ था अब यहां विकास कार्य शुरू हो गया है। अंबिकापुर को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से मेडिकल कॉलेज के नये भवन के लिए फंड दो वर्षों से रूका हुआ था उसे स्वीकृति दे दी गई है। लोकसभा चुनाव के बाद मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल अलग-अलग हो जाएगा। श्री अग्रवाल ने विष्णुदेव साय सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

इस दौरान मंच में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, अमर अग्रवाल, राजा पांडे, राम सेवक पैकरा, विधायक प्रबोध मिंज, राजेश अग्रवाल, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, भुलन सिंह मरावी, उद्धेश्वरी पैकरा, सरगुजा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, राम प्रताप सिंह, कृष्णा राय, प्रबल प्रताप सिंह जुदेव, सूरजपुर जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, बलरामपुर ओमप्रकाश जायसवाल, लोकसभा संयोजक कमलभान सिंह मरावी, सह संयोजक अखिलेश सोनी आदि नेतागण उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news