मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा पर टिप्पणी अशोभनीय - राजकुमार
26-Sep-2024 10:18 PM
छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा पर टिप्पणी अशोभनीय - राजकुमार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 26 सितम्बर। भाजपा के मंत्री कांग्रेस की अर्थी उठाने की बात कह रहे हैं, जबकि इस देश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद कई प्रदेशों से भाजपा की राजनीतिक अर्थी उठने लगी है। छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा के बाद छत्तीसगढ़ से भी भाजपा नेताओं की राजनीतिक अर्थी उठेगी और इसका गवाह पूरा प्रदेश होगा। उक्त बातें प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के एमसीबी जिला महामंत्री पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी ने कही।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा गिरौदपुरी  से रायपुर तक छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा निकाली जा रही है, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कथित रूप से यह कहा है कि कांग्रेस जब-जब यात्रा निकाली है, तब-तब कांग्रेस की अर्थी उठी है।  छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा पर स्वास्थ्य मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है।

कांग्रेस जिला महामंत्री केशरवानी ने कहा कि भाजपा के स्वास्थ्य मंत्री जो बेहद शिक्षित व्यक्ति हैं, उनके मुख से कांग्रेस के खिलाफ  इस तरह की अनर्गल टीका टिप्पणी और बयानबाजी की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।

केशरवानी ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा 27 सितंबर से गिरोधपुरी से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर को रायपुर में खत्म होगी। यात्रा में प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेस नेता और आम जन शामिल होंगे।

 जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में फैली अराजकता, लचर कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध व महिला सुरक्षा को लेकर आम जनता को न्याय दिलाने हेतु छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की शुरूआत की जा रही है तो प्रदेश के भाजपा के नेता और मंत्रियों के पेट में दर्द हो रहा है, क्योंकि उन्हें पता है कि प्रदेश में भी आने वाले समय में परिणाम भाजपा के विपरीत होंगे।

 प्रेस वार्ता के दौरान एनएसयूआई प्रदेश सचिव स्वप्निल सिन्हा उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news