कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 17 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 14 मार्च को आशीर्वाद भवन, रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में कोण्डागांव की शिप्रा त्रिपाठी को समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संगीतविद्या में स्नातक तथा, दो विषयों में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त शिप्रा आकाशवाणी में सुगम संगीत एवं गजल गायन के क्षेत्र में लगातार जुड़ी रही हैं। विगत तीन दशकों से प्रख्यात समाजसेवी संस्था संपदा से जुड़ी हैं और समाजसेवा तथा कला साधना के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रही हैं। वर्तमान में जनजातीय चेतना कला एवं संस्कृति की राष्ट्रीय मासिक पत्रिका ककसाड़ के संपादक मंडल की वरिष्ठ सदस्य हैं।
ज्ञात हो कि, इससे पूर्व 2018 का महिला शिखर सम्मान अवार्ड भी शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में बस्तर अंचल की ही लोकप्रिय कवियित्री रश्मि विपिन अग्निहोत्री को ही मिला था। कार्यक्रम में शिप्रा त्रिपाठी का सम्मान महिला शिखर सम्मान अवार्ड, स्मृति चिन्ह, रामायण तथा शॉल भेंटकर किया गया।