कोण्डागांव

उपतहसील बनने से मर्दापाल के विकास गति होगी तीव्र- चंदन
19-Mar-2021 8:45 PM
उपतहसील बनने से मर्दापाल के  विकास गति होगी तीव्र- चंदन

   नारायणपुर विधायक ने मर्दापाल उपतहसील कार्यालय का किया उद्घाटन   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 मार्च। नारायणपुर विधायक व अध्यक्ष छग हस्तशिल्प विकास बोर्ड चंदन कश्यप ने 18 मार्च को मर्दापाल में नवीन उपतहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा व जनपद अध्यक्ष शिवलाल मंडावी सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

इस समारोह में आए क्षेत्र के ग्रामीणों को उपतहसील कार्यालय स्थापना की शुभकामनाएं देते हुए विधायक कश्यप ने कहा कि, मर्दापाल व आस-पास के गांव कई वर्षों से पहाड़ी-जंगली व संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण विकास की धीमी गति से जूझते रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों को अपनी किसी भी कार्य के लिए जिला मुख्यालय तक बार-बार आना पड़ता था। जिससे प्रशासकीय कार्यों में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उपतहसील कार्यालय के मर्दापाल में स्थापित होने से अब ग्रामीणों के आय, जाति, निवास आदि प्रमाण पत्रों व नामांतरण, बटवारा, सीमांकन जैसे अन्य शासकीय कार्य उप तहसील के माध्यम से ही पूर्ण हो जाएंगे। उन्हें इसके लिए मुख्यालय पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मर्दापाल का विकास अधिक तीव्र गति से हो सकेगा।

इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि, उपतहसील की स्थापना से प्रशासकीय कार्य को तेज होंगे ही साथ ही ग्रामीणों को समस्याओं का भी तत्समय उप तहसील माध्यम से तुरंत निपटारा भी होगा। इस दौरान समारोह में जिला पंचायत सदस्य रेशमा दीवान, खेम नेताम, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मनोज सेठिया व जनपद सदस्य पीलावती पोयाम सहित एसडीएम बीआर धु्रव, तहसीलदार गौतमचंद पाटिल, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र श्याम एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि, 51 हजार से अधिक जनसंख्या वाले इस नवीन उपतहसील में 45 ग्राम पंचायत व दो राजस्व निरीक्षक मंडल गोलावंड तथा मर्दापाल सम्मिलित होंगे। जिनके अंतर्गत 19 हल्के एवं 78 आश्रित ग्राम भी शामिल होंगे। मर्दापाल को पूर्ण तहसील बनाने की भी घोषणा 27 जनवरी को कोंगरा में आयोजित आमसभा में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा की गयी थी।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news