धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 26 मई। भाजपा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर टूलकिट बनाकर केंद्र सरकार तथा नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की जो साजिश रची गई, जिसके उजागर होने के फलस्वरूप प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह सहित अन्य राष्ट्रीय नेताओं के ऊपर दर्ज एफआईआर के विरुद्ध में पार्टी के कार्यकर्ता विभिन्न थाना क्षेत्रों में गिरफ्तारी देने पहुंच रहे हैं।
विधायक रंजना साहू भी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रदेश गांधी, सहित युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय मोटवानी, आमदी मंडल अध्यक्ष मुरारी यदु, नगर पंचायत आमदी के अध्यक्ष हेमंत माला साहू, अर्जुनी थाना पहुंची।
विधायक श्रीमती साहू ने कहा कि भारत माता के प्रति समर्पित अखंड भारत की कल्पना लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अनेक राष्ट्र को जोडऩे वाले कार्य कर रहे हैं, किंतु कुछ विघ्न संतोषी मानसिकता के लोग प्रखर राष्ट्रवाद के इस बढ़ते कदम को नहीं पचा पा रहे और अनेक षड्यंत्र समय-समय पर करते हैं, उसी का एक हिस्सा है टूलकिट, जो कोरोना के विपरीत समय में देश के साथ विश्वासघात है।
श्रीमती साहू ने आगे कहा कि ऐसे षडय़ंत्रकारी लोगों के मंसूबे को भारतीय जनता पार्टी कभी भी सफल नहीं होने देगी और हम युवा, महिला, भारत माता से प्रेम करने वाला व्यक्ति, उक्त मंसूबे को असफल करने के लिए अपने जी जान की बाजी भी लगा देंगे।