छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर। नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने पकडक़र कर कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार गत् एक अक्टूबर को ग्राम चिचका निवासी मानसिंग नेताम ने गातापार जंगल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि आत्माराम गोंड निवासी ग्राम जंगलपुर, राजेश गोंड निवासी ग्राम डोलीखार जंगलपुर, रवि बंजारे निवासी ग्राम पवनतरा जालबांधा व श्रेयांश यादव निवासी नेहरू नगर भिलाई ने एक राय होकर सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर रुपयों की ठगी की है। पुलिस ने चारो आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। आला अफसरों के निर्देशन पर फर्जीवाड़ा करने वाले चारो आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी और अपराध दर्ज होने के दो दिन बाद ही आरोपियों को उनके निवास से गिरफ्तार कर न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजा गया।
जोरातराई गांव की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर। जोरातराई गांव के तालाब में नहाने गया एक 8 साल का बालक डूब गया। तालाब में खोजबीन के बाद बालक का शव बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2 बजे छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई का रहने वाला 8 वर्षीय बालक यश उर्फ देवराज तालाब में नहाने गया था, लेकिन शाम लगभग 5 बजे तक नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने खोजबीन शुरू की, तब ग्रामीणों ने तालाब के किनारे यश का कपड़ा देखा। तालाब में डूबने की आशंका के बीच ग्रामीणों ने तालाब में ही यश को ढूंढने का प्रयास किया। लगभग घंटेभर ढूंढने के बाद शव तालाब में मिला। सूचना के बाद छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवा कांग्रेस से जुड़े युवक के खिलाफ पुलिस की शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर। डोंगरगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गोमास्ता के साथ उनके ही पार्टी के युवा कांग्रेस के एक युवक ने प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में झूमाझटकी की है। शहर अध्यक्ष संजीव गोमास्ता ने अपने साथ हुए कथित गाली-गलौज और हाथापाई के मामले में पुलिस से लिखित में शिकायत की है। अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने फिलहाल मामले की छानबीन शुरू की है। विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
मिली जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत डोंगरगढ़ के दौरे पर थे। इस दौरान एक आयोजन को लेकर संजीव गोमास्ता और नीतू लारोकर ने झूमाझटकी की। पूर्व मंत्री धनेश पटिला की उपस्थिति में शहर अध्यक्ष को लारोकर द्वारा धमकी भरे लहजे में ज्यादा राजनीति नहीं करने की नसीहत दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शहर अध्यक्ष गोमास्ता के साथ हुए बर्ताव पर वहां मौजूद नेताओं ने चुप्पी साध ली। इसके बाद मामले को लेकर पुलिस से गोमास्ता ने लिखित शिकायत की। इस संबंध में डोंगरगढ़ एसडीओपी केके पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि लिखित शिकायत की जांच की जा रही है। विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गोमास्ता ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि युवक कांग्रेस से जुड़े युवक ने सरेराह झूमाझटकी करते जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस से लिखित शिकायत में जांच का आग्रह किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ में प्रभारी मंत्री का आगमन हुआ, जहां गांधी प्रतिमा का अनावरण किया जाना था, लेकिन प्रतिमा अनावरण के लिए छपाया गया आमंत्रण पत्र में ब्लॉक अध्यक्ष संजीव गोमास्ता का नाम नहीं था, जिसे लेकर आयोजन समिति में नाराजगी थी और इसी बात को लेकर कार्यकर्ता प्रभारी मंत्री के समक्ष नारेबाजी भी कर रहे थे। इसी दौरान जिला एवं कांग्रेस के नीतू लारोकर से गोमास्ता का विवाद बढ़ता गया और लारोकर ने गोमास्ता के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान पूर्व विधायक श्री पटिला भी उपस्थित थे। विवाद के बाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गोमास्ता ने डोंगरगढ़ थाना में एक लिखित शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को गोलबाजार आजाद चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के पश्चात जब वे अपने घर जाने लगे तो नीतू लारोकर ने साथियों के साथ उनका कॉलर पकड़ा और झूमाझटकी की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। भविष्य में मेरे साथ कुछ भी घटना घटती है तो उसके जिम्मेदार नीतू लारोकर होंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं अतिथियों ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में रेडी-टू-ईट से बनाए गए पौष्टिक व्यंजन ठेठरी, खुरमी, चिक्की एवं अन्य व्यंजनों की श्रृंखला प्रदर्शित की गई। विभिन्न दाल की रंगोली बनाकर सुपोषण का संदेश दिया गया। ग्रोथ चार्ट के माध्यम से बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन देने के लिए कहा गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ की स्थानीय भाजियों मुंनगा, उरदा भाजी, अमारी, बरबट्टी भाजी, पोई, मेथी, सफेद चेच, लाल चेच, कुंदरू, कुम्हड़ा, करमता, चरोटा, लाल पोई, खेड़ा भाजी, गोभी भाजी, प्याज भाजी, मुरई भाजी, कोचई भाजी, मास्टर भाजी, कांदा भाजी, कुम्भी भाजी सहित अन्य भाजियों को भोजन में शामिल करने के लिए संदेश दिया गया।
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। स्कूल शिक्षा विभाग राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण छत्तीसगढ़ के निर्देशन में कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले में पढऩा-लिखना अभियान के अंतर्गत विकासखंड राजनांदगांव, छुईखदान एवं खैरागढ़ के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों संचालित साक्षरता केन्द्रों में स्वयंसेवी शिक्षकों (वीटीएस) के माध्यम से पठन-पाठन करने वाले प्रौढ़ शिक्षार्थियों का आंकलन परीक्षा महापरीक्षा अभियान शुक्रवार को संपन्न हुआ। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चयनित ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय के वार्ड में स्थापित परीक्षा केन्द्र प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में साक्षरता केन्द्र के अध्ययनरत शिक्षार्थियों ने उक्त समय में अपनी सुविधानुसार उत्साहपूर्वक परीक्षा में हिस्सा लिया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित पोषण कार्यशाला में सघन सुपोषण अभियान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मानपुर विकासखंड की सीडीपीओ अर्चना दुर्गम, मोहला विकासखंड के मोहला एवं रेंगाकठेरा सेक्टर सुपरवाईजर सुरजा धुर्वे, मानपुर विकासखंड के सीतागांव सेक्टर सुपरवाईजर मुलको बेग, अंबागढ़ चौकी विकासखंड के बिहरीकला सेक्टर सुपरवाईजर भारती कश्यप, छुईखदान विकासखंड के ठंडार सेक्टर सुपरवाईजर सरस्वती बघेल को सम्मानित किया गया।
डोंगरगांव विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र खम्हेरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूपरेखा साहू, छुरिया विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र बिटाल की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता ठाकरे, आंगनबाड़ी केन्द्र दिवानटोला-1 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दीपक साहू, राजनांदगांव विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र जोरातराई-3 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लिलेश्वरी साहू, डोंगरगढ़ विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र बिजनापुर-1 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा वर्मा, छुईखदान विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र खैरी नवापारा-1 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाजरा बेगम, आंगनबाड़ी केन्द्र छुईखदान वार्ड नंबर 14 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मुक्ता वैष्णव, आंगनबाड़ी केन्द्र गंडई वार्ड नंबर 15 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शारदा कौशल, आंगनबाड़ी केन्द्र पदमावतीपुर-1 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भुनेश्वरी देवांगन, आंगनबाड़ी केन्द्र बरबसपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहुरा यादव, मानपुर विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र खडग़ांव-3 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्पना भीमटे, आंगनबाड़ी केन्द्र पिटेमेटा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लीला धुर्वे, आंगनबाड़ी केन्द्र कोराचा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमीला धुर्वे, आंगनबाड़ी केन्द्र बांधाटोला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जयंती तारम, आंगनबाड़ी केन्द्र मीचगांव-2 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पवन मंडावी, मोहला विकासखंड के आंगनबाड़ी केन्द्र पाउरझोला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देवंतीन यादव, आंगनबाड़ी केन्द्र नाड़ेकल की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समीता, आंगनबाड़ी केन्द्र कोरवा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चित्रलेखा, आंगनबाड़ी केन्द्र डण्डासुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुना, आंगनबाड़ी केन्द्र परसुटोला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंद्रकला लाटिया का सम्मान किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य के वन क्षेत्रों में उपलब्ध सागौन वृक्षों को हानि पहुंचाने वाले कीटों, सागौन नियंत्रण एवं कंकाल कीटों द्वारा वृक्षों की वृद्धि को प्रभावित किया जाता है। वन क्षेत्रों में इनके नियंत्रण हेतु रासायनिक कीट नाशकों का दुष्प्रभाव एवं वृक्षारोपण एवं वनों में कीटनाशकों का प्रयोग असंभव होने से इनके रोकथाम एवं प्रबंधन के रूप में रासायनिक कीट नाशकों के स्थान पर जैविक नियंत्रण विधि अपनाई जा रही है। इस संबंध में उष्ण कटिबंधीय वन अनुसंधान संस्थान जबलपुर के वन सुरक्षा प्रभाग से वैज्ञानिक शामिनी भोवने द्वारा वनमंडलाधिकारी एन. गुरूनाथन, उपवनमंडलाधिकारी की उपस्थिति में वनमंडल के सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित वन क्षेत्रपालों, उप वन क्षेत्रपालों एवं वन रक्षकों को सागौन के कीटों एवं उनके ट्रायकोकाईस द्वारा जैविक नियंत्रण विधि पर विस्तृत जानकारी दी गई। रामभजन सिंह तकनीकी अधिकारी एवं रामकिशोर महोबे प्रोजेक्ट असिस्टेंट टीएफआरआई जबलपुर द्वारा ट्रायकोकाईस को तैयार करने एवं वन क्षेत्रों में छोडऩे संबंधी प्रदर्शन किया गया। यह प्रशिक्षण केम्पा छत्तीसगढ़ द्वारा पोषित परियोजना के तहत दिया गया।
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में जनकल्याण सामाजिक संस्थान, राजनांदगांव एवं ग्राम पंचायत बेलगांव के संयुक्त प्रयास से अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वृद्धजनों का शाल व श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सरपंच छबिलाल साहू ने कहा कि आज बुजुर्गो को उनके आवश्यकता के सामान की पूर्ति हो जाती है, तो किसी भी वृद्ध को वृद्धाश्रम जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बुजुर्ग ही हमारी धरोहर है, हमें इन्हें सहजकर रखने का दायित्व भी हम सभी का है।
ग्राम पंचायत सचिव धीरेन्द्र कुमार, मुरली गेडाम, जितेन्द्र कुमार जंघेल ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में वद्धजनों का शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया। उक्त जानकारी जनकल्याण सामाजिक संस्थान के जिला श्रोत समन्वयक जितेन्द्र कुमार जंघेल ने दी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम जटकन्हार में आज पंचवर्षीय आदिवासी कंवर समाज का पंचवर्षीय महासभा का आयोजन किया गया। महासभा में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त किया गया।
आदिवासी समाज के मुखिया रामजी और अन्य वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि कंवर आदिवासी समाज के हर कार्य को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने संजीदगी से पूरा किया। वह हमारी हर मांग पर तुरंत सहमति दिया करते थे। उन्होंने डॉ. सिंह का समाज के उत्थान में सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय में आदिवासी कंवर समाज के छात्र-छात्राओं के पढऩे की सुविधा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 30 लाख रुपए सामाजिक भवन निर्माण हेतु प्रदान किए थे। उक्त भवन बनकर तैयार है। जिसका लोकार्पण आने वाले दिनों में किया जाएगा।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने आदिवासी कंवर समाज के संस्कृति और सभ्यता के विकास में समाज के लोगों की भूमिका की प्रशंसा करते कहा कि समाज की गतिविधियों से हमेशा ही प्रभावित रहते हैं। वे समाज की सेवा हेतु सदैव तत्पर रहेंगे और सुख-दुख में सदैव ही साथ खड़े रहेंगे।
इस दौरान आत्माराम चंद्रवंशी, विनोद खांडेकर, विजेंद्र ठाकुर, अमित जैन, राजेश शामकर, जैन मेश्राम, वीरेंद्र सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
निगम ने किया अब तक 26 आवेदन वितरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। शासन द्वारा कोविड-19 से मृत व्यक्तियों के परिजनों को अनुदान सहायता राशि दिये जाने निगम सीमाक्षेत्र में कोरोना से मृत व्यक्तियों के परिजनों से आवेदन पत्र वितरण व प्राप्त करने तथा अन्य कार्रवाई हेतु जिलाधीश तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। ड्यूटी में लगे कर्मचारी नगर निगम के सभागृह में कोरोना से मृत व्यक्यिों के परिजनों को आवेदन पत्र वितरित कर रहे हैं।
निगम आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा कोविड-19 से मृत्क के परिजनों को 50 हजार रुपए के अनुदान सहायता राशि दिए जाने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दिशा-निर्देश के अनुक्रम में कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम में कल से आवेदन पत्र वितरित किया जा रहा है जिसमें आज तक दो दिनों में कोरोना से मृत व्यक्तियों के 26 परिजनों द्वारा आवेदन लिया गया है। उनके द्वारा उक्त आवेदन भरकर वापस निगम में ही जमा किया जाएगा। परिजनों को आवेदन के साथ सीडीएसी द्वारा जारी कोविड-19 मृत्यु से संबधित आधिकारिक प्रमाण पत्र, मृत व्यक्ति व आवेदक का आधार कार्ड एवं आवेदक के बैक पास बुक की छायाप्रति संलग्न करना होगा।
उन्होंने कोविड-19 से मृत व्यक्तियों के आश्रितों व परिजनों से नगर निगम सभागृह से कार्यालयीन अवधि में आवेदन प्राप्त कर जमा करने की अपील की है, ताकि उन्हें शासन नियमों के तहत अनुदान मिल सके।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर नगर निगम व समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर हेमा सुदेश देशमुख एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने वृद्धिजनों का सम्मान किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती देशमुख ने अपने उद्बोधन अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हम आज इस शुभ अवसर पर वृद्धजनों का सम्मान कर रहे हैं। हमें आज ही के दिन नहीं वरन हर दिन इनका सम्मान करना है। वृद्धजन पीपल की वृक्ष की तरह होते हैं और इनके आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से हम फलते-फूलते हैं। बुजुर्ग ही परिवार की नींव होते हैं। उनके आशीर्वाद से ही परिवार सुखी रहता है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि बुजुर्गों के बगर हमारा जीवन अधूरा है। इनके सहारे ही हम अपने जीवन मेें आगे बढ़ते हैं और इनके मार्गदर्शन तथा आशीर्वाद से उन्नति करते हैं। इनका बिना हमारा जीवन अधूरा है। उन्होंने बुजुर्गों से निवेदन करते कहा कि आप लोगों की जो भी समस्या होगी, उसे आप महापौर एवं पार्षद के माध्यम से स्वयं अवगत करा सकते हैं। जिसका शीघ्रता से निराकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा उपस्थित वृद्धजनों सहित नगर निगम के बुर्जुग पार्षद बैनाबाई टुरहाटे, नामांकित पार्षद एजाजूल रहमान व मामराज अग्रवाल का शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया। इस अवसर पर शासकीय कला पथक दल द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम में स्वागत भाषण उप संचालक बीएल ठाकुर व आभार प्रदर्शन समाज कल्याण अधिकारी भूपेन्द्र वाडेकर ने किया।
इस अवसर पर बैनाबाई टुरहाटे, मधुकर वंजारी, भागचंद साहू, विनय झा, गणेश पवार, राजा तिवारी, सिद्धार्थ डोंगरे, पूर्णिमा नागदेवे, शरद पटेल, दुलारीबाई साहू, ऋषि शास्त्री, संजय रजक, एजाजूल रहमान, मामराज अग्रवाल, प्रभात गुप्ता, प्रतिमा बंजारे, अवधेश प्रजापति, सचिन टुरहाटे उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। राजनांदगांव एकेडमी के दो प्लेयर स्टेट लेवल अंडर-14 आयु वर्ग का चयन हुआ है। इसमें सौरभ सोनवानी पिता गुलशन सोनवानी और सानिध्य मेश्राम पिता प्रदीप मेश्राम बिलासपुर में 21वीं राजस्त्री प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता 3 से 7 अक्टूबर के मध्य बिलासपुर में आयोजित होगा। उक्त दोनों प्लेयर दुर्ग जोन की टीम में शामिल हैं। उक्त खिलाडिय़ों के चयन होने पर योगेश बागडी, अनन्य देवांगन, जोई थामस, संतोष यादव, देवेन्द ठाकुर ने शुभकामनाएं दी। उक्त जानकारी संदीप शुक्ले ने दी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत छुईखदान, डोंगरगढ़, मानपुर, डोंगरगांव, राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी तथा खैरागढ़ तहसील के आपदा प्रभावितों के लिए सहायता अनुदान राशि 39 लाख 4 हजार 580 रुपए जारी किया है।
छुईखदान तहसील को अतिवृष्टि से 3 कच्चा मकान आंशिक क्षति होने पर 9 हजार 600 रुपए, अतिवृष्टि से 3 कच्चा मकान पूर्णत: क्षति होने पर 75 हजार रुपए, अतिवृष्टि से 6 पशुकोठा क्षति होने पर 9 हजार रुपए, कीट प्रकोप से धान फसल क्षति होने पर 37 हजार 907, अतिवृष्टि से धान, सोयाबीन फसल क्षति होने पर 46 हजार 911 रुपए, आग से 1 ट्रेक्टर एवं थ्रेसरमीशन क्षति होने पर 10 हजार रुपए, आग से पशुगृह क्षति होने पर 1500 रुपए, आग से 6 धान खरही क्षति होने पर 57 हजार 208 रूपए की सहायता राशि जारी किया गया है।
इसी तरह डोंगरगढ़ तहसील को एक व्यक्ति के जलाशय के गहरे पानी में डुबने से जनहानि होने पर 4 लाख रुपए, मानपुर तहसील को सर्पदंश से 2 लोगों की मृत्यु होने पर 4-4 लाख रूपए एवं डबरी में एक व्यक्ति के डूबने से मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए, डोंगरगांव तहसील को आग से एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए, राजनांदगांव तहसील को आग से एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर 4 लाख रूपए और आग से 2 धान खरही क्षति होने पर 16 हजार 164 रुपए, अंबागढ़ तहसील को अतिवृष्टि, आंधीतूफान से 3 मकान की आंशिक क्षति होने पर 9 हजार 600 रुपए, अतिवृष्टि से पशुगृह क्षति होने पर 1500 रुपए, अतिवृष्टि से 3 धान फसल क्षति होने पर 30 हजार 190 रुपए तथा खैरागढ़ तहसील को सर्पदंश से 2 लोगों की मृत्यु होने पर 4-4 लाख रुपए एवं मधुमक्खी काटने से एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए तथा आग से एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए की सहायता राशि जारी किया गया है।
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। रबी 2020-21 फसल बीमा की 123 करोड़ दावा राशि वितरीत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत के तहत बीमा कंपनी के द्वारा रबी फसल -चना, गेहूं एवं अलसी में बीमित किसानों को दावा राशि का भुगतान सीधा किसानों के खाते में किया जा रहा है। रबी 2020-21 में कुल 74 हजार 892 कृषकों के 1 लाख 20 हजार 472 हेक्टेयर रकबा को बीमा आवरण मे शामिल किया गया था। जिसमें गेहूं सिंचित, गेहूं असिंचित, चना एवं अलसी फसल का बीमा किया गया। जिसके लिए बीमा कंपनी को 3 करोड़ 48 लाख प्रीमियम राशि भेजी गई हैं। रबी में असामयिक वर्षा एवं ओला वृष्टि के कारण रबी फसलों को बहुत नुकसान हुआ था। जिसमें योजना के तहत निर्धारित संख्या में आयोजित फसल कटाई प्रयोग के आधार पर कुल 68 हजार 725 कृषकों को 123 करोड़ रूपए बीमा क्षति राशि आकलित किया गया है। जिसमें बीमा कंपनी के द्वारा सीधे कृषकों के खाते में दावा राशि आंतरित की गई है तथा शेष पात्र कृषकों को भुगतान की कार्रवाई बीमा कंपनी द्वारा की जा रही है।
कुछ कृषकों के बैंक खाता गलत दर्ज होने के कारण दावा भुगतान की कार्रवाई लंबित है। जिसमें बैंक से सही खाता नम्बर प्राप्त कर भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के राजनांदगांव आगमन पर कांग्रेस नेता अशोक फडऩवीस के नेतृत्व में उनके समर्थकों ने शुक्रवार को ठाकुरटोला टोल प्लाज पहुंचकर फूल माला पहनाकर स्वागत करते समर्थन में नारे लगाए। स्वागत पश्चात शहर में प्रवेश किया।
मेडिकल कॉलेज में बैठक उपरांत सिंहदेव श्री फडऩवीस के साथ उनके निवास स्टेडियम रोड पहुंचे। इस दौरान श्री फडऩवीस के निवास के सामने मंत्री के स्वागत में पटाखे फोडे गए और फूलों से स्वागत किया गया। निवास में आगमन पर पार्षद सुनिता फडऩवीस, निशु शाह, रोशनी सिन्हा आदि शामिल थे। इस दौरान मंत्री ने फडऩवीस के पारिवारिक सदस्यों से भेंटकर चर्चा की।
इस दौरान छन्नी साहू, धनेश पाटिला, देववत सिंह, कुलबीर छाबडा, श्रीकिशन खंडेलवाल, पदम कोठारी, रमेश जैन, हेमा देशमुख, चित्रलेखा वर्मा, निशु शाह, नादिया सरपंच दीपक सिंह, अनीस खान, नासिर खान, रूबी गरचा, अरूण देवांगन, अरूण खंडेलवाल, नीरज नशीने, अनूप दरियानी, चिंटू शर्मा, सूरज शर्मा, अमीन खान, सजिद बग्गा, एचएस वाधवा, बंटी सोजी, रामाधार देवांगन, नवीन जायसवाल, शेख नईम, सकेत जैन, संजय कुकदीप, किशोर श्रीवास्तव, सूरज शर्मा, चिंटू शर्मा, अमीन खान, राकेश ठाकुर, डॉ. केएम श्रीवास्तव, धनेद्र सिन्हा, गुड्डू शर्मा आदि उपस्थित थे।
महिलाओं के विरूद्ध अमर्यादित टिप्पणी पर होगा अपराध दर्ज
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में राजनांदगांव जिले से आयोग को प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई की। सुनवाई में 19 प्रकरण आयोग के समक्ष रखे गए। आयोग के पास दहेज प्रताडऩा, कार्य स्थल पर प्रताडऩा, मारपीट, संपत्ति, तलाक और भरण-पोषण के विभिन्न मामले आते हैं।
डॉ. नायक ने कहा कि महिलाएं अत्याचार सहने के लिए नहीं है। किसी भी पुरूष को यह अधिकार नहीं है कि महिला पर अत्याचार करें और उसे प्रताडि़त करें। यदि कोई महिला अत्याचार सिर्फ इसलिए सह रही है कि वह महिला या पत्नी है और अत्याचार सहना उसकी नियति है, तो वह पुरूष को प्रोत्साहन देने के बराबर है। महिलाओं को अपने हक के लिए आवाज उठानी चाहिए।
एक प्रकरण में एक आवेदिका द्वारा सोशल मीडिया पर टिप्पणी किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर डॉ. नायक द्वारा सुनवाई की गई, जिसमें अनावेदक द्वारा माफी मांगी गई और भविष्य में इस तरह की टीका-टिप्पणी नहीं करने की बात कही। आयोग द्वारा अनावेदक को यह समझाईश दी गई कि आवेदक या परिवार के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी करने पर आवेदिका द्वारा साईबर थाना में रिपोर्ट की जाएगी।
एक अन्य प्रकरण में पत्नी ने बताया कि अनावेदक ने उसके साथ धोखाधड़ी करते समझौतानामा बनाकर अपना प्रकरण वापस करवाया और निलंबन को वापस करवाया। निलंबन से पति से पत्नी बहाल होने के बाद आवेदिका के साथ फिर से मारपीट और दुव्र्यवहार करने लगा। पत्नी अपने पति के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा चाहती है, लेकिन पति-पत्नी के मध्य आपसी प्रकरण न्यायालय में प्रक्रियाधीन है। आयोग द्वारा आवेदिका को समझाईश दिया गया कि वह अधिवक्ता के माध्यम से अपने प्रकरण को जिम्मेदारी से लड़े तथा सक्षम न्यायालय में अपना अधिकार प्राप्त करे।
एक अन्य प्रकरण तहसीलदार के खिलाफ आया। जिसमें आवेदिका ने अपने आवासीय दुकान के सामने हो रहे अतिक्रमण के संबंध में तहसील कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिस पर अनावेदक ने आयोग को बताया कि आवेदिका ने जिस अतिक्रमण को हटाने याचिका तहसील कार्यालय में लगाई थी, उसके अतिक्रमण हटाने का आदेश उनके द्वारा जारी किया था। इसमें कार्रवाई के संबंध में एसडीएम कार्यालय में स्पष्ट आदेश मिला और मेरे द्वारा पारित आदेश को एसडीएम द्वारा निरस्त कर दिया गया, जिस पर आवेदिका ने कमिश्नर दुर्ग संभाग कार्यालय में आवेदन दिया है। अनावेदक ने संबंधित दस्तावेज आयोग को प्रस्तुत किया। आवेदिका ने स्वीकार किया कि इस प्रकरण की सुनवाई कमिश्नर कार्यालय में प्रक्रियाधीन है। इस स्तर पर प्रकरण आयोग के अधिकार क्षेत्र से बाहर हो जाने से नस्तीबद्ध किया गया।
एक अन्य प्रकरण में आवेदिका ने पति की मृत्यु के पश्चात पति के संपत्ति में हक पाने आयोग में शिकायत की थी। अनावेदक आवेदिका के देवर है, जो शासकीय सेवा में है तथा अनावेदक की शर्त है कि मृत भाई के नाम का पैसा व अन्य वस्तुएं तीनों बच्चों के नाम पर करने तैयार है, आवेदिका कि जो भी वस्तुएं अनावेदक के पास है, उसे आवेदिका के घर पहुंचाकर देगा और शेष जमा राशियों का दस्तावेज 4 अक्टूबर को आयोग कार्यालय रायपुर में उपस्थित होकर आयोग के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। साथ ही आवेदिका ने आयोग को बताया कि उसने पति के मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर एफडी का तीन लाख नब्बे हजार रुपए प्राप्त कर लिया है, जो कि बैंक खाता में है। आयोग ने आवेदिका को निर्देशित किया कि तीनों बच्चों के नाम पर एक-एक लाख रुपए की एफडी कराकर उसका प्रमाण पत्र लेकर आयोग कार्यालय में उपस्थित होने कहा गया। इस प्रकरण में अंतिम निराकरण आयोग कार्यालय में होगा। आयोग में सुनवाई के लिए कुल 19 प्रकरण मेें से 12 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया।
इस दौरान शासकीय अधिवक्ता शमीम रहमान एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रेणु प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव नासिर जिंदरान ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के राजनांदगांव आगमन पर डायलिसिस मशीनों की उपलब्धता कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पूर्व में भी कांग्रेसी नेता श्री जिंदरान ने इसी मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में मंत्री के समक्ष पुन: अपनी मांग दोहराई। इस पर मंत्री ने यथासंभव कोशिश कर शीघ्र ही उस पर अमल किए जाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव विमल अग्रवाल, शहर कांग्रेस सं. महामंत्री भोजु भाई, युवा नेता विशु अजमानी, दक्षिण ब्लॉक उपाध्यक्ष डॉ. कुमार, महासचिव शाबिर जिंदरान, सचिव मजहर खान, सुभम कसार, तौसीफ गोरी, मनीष गुप्ता, गौरव साहू, आशुतोष वैष्णव, यश शर्मा शामिल थे। उक्त जानकारी जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस के सचिव सज्जाद जिंदरान ने दी।
वार्षिक बजट साढ़े 7 करोड़ की स्वीकृति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व चिकित्सा शिक्षा मंत्री टीएस सिंहदेव की अध्यक्षता में शुक्रवार को पेंड्री स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज में स्वशासी समिति की बैठक आयोजित हुई।
मंत्री श्री सिंहदेव ने कहा कि शासकीय मेडिकल कॉलेज सीजीएमएससी (छत्तीसगढ़ मेडिकल कॉर्पोरेशन लिमिटेड) से सामग्री आपूर्ति के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करें। जनहित में बेहतर प्रबंधन तथा पारदर्शिता लाने एक सुचारू व्यवस्था बनाने की जरूरत है। मांग के आधार पर उपकरणों, सामग्री एवं दवाई आपूर्ति की जाएगी। सीजीएमएससी तथा मेडिकल कॉलेज में सामग्री की उपलब्धता के संबंध में समन्वय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए एक तकनीकी कमेटी का गठन भी किया जाएगा। प्रदेश के सभी 10 शासकीय मेडिकल कॉलेज में एक ही तरह की मशीन खरीदी की जानी चाहिए तथा व्यवस्था पारदर्शी एवं जवाबदेह होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान चिकित्सा विभाग ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी है। स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कोविड-19 की तीसरी लहर के दृष्टिगत सभी जिलों में ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाए जा रहे हैं। राजनांदगांव जिले में ऑक्सीजन जनरेट प्लांट ऑक्सीजन की सप्ताई के लिए स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वशासी समिति की बैठक वर्ष में 2 बार होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने स्वशासी समिति वर्ष 2021-22 में मदवार प्रावधानिक बजट के संबंध में स्वीकृति प्रदान की।
मंत्री श्री सिंहदेव ने कहा कि राजनांदगांव जिले में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से अच्छा ईलाज किया जा रहा है। शीघ्र ही डॉक्टर की कमी को पूरा करने एक हजार 715 पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है। उन्होंने शासकीय जिला चिकित्सालय एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज के अलग होने पर व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महाविद्यालय चिकित्सालय परिसर में चिलर प्लांट, एसटीपी, ईटीपी, मेन ट्रांसफार्मर, जनरेटर, वाटर पंप, फायर अलार्म सिस्टम, यूपीएस, एचटी पैनल, ट्रैफिक सुविधा, पार्किंग शेड एवं बैंक के लिए भवन निर्माण, लैब संचालन, स्टॉफ, दवाईयां डिस्पोजल, मशीनों के रख-रखाव, दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों के वेतन का भुगतान, ऑक्सीजन रिफलिंग का भुगतान तथा चिकित्सालय के नवीन अस्पताल भवन पेंड्री में स्थानांतरण के पश्चात जिला चिकित्सालय के चिकित्सा एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के वेतन आहरण के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि शासकीय जिला चिकित्सालय एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज के अलग होने पर व्यवस्था में सुधार आया है तथा स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की गई है। फर्नीचर एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। डीन डॉ. रेणुका गहिने ने स्वशासी समिति में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2021-22 का मदवार बजट प्रस्तुत किया गया। चिकित्सा शिक्षकों के वेतन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिम सामग्री, हॉस्टल फर्नीचर, मरम्मत, दवाईयां, मशीनरी, केमिकल्स, दवाईयां, वाटर फिल्टर प्लांट स्थापना, मीटिंग, प्रशिक्षण, सेमिनार, महाविद्यालय तथा संबद्ध चिकित्सालय परिसर का सौंदर्यीकरण, वाहन क्रय, निरीक्षण शुल्क, एमसीआई, सूचना प्रौद्योगिकी, छोटे निर्माण कार्य, बैंक चार्जेश, आडिट फीस, अन्य आकस्मिक व्यय, कांफ्रेस, ऑडियो सिस्टम स्थापना, मजदूरी, अन्य आकस्मिक व्यय के लिए 7 करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई।
इस अवसर पर धनेश पाटिला, छन्नी साहू, देवव्रत सिंह, हेमा देशमुख, पदम कोठारी, कुलबीर छाबड़ा, शहला निगार, ए. कुलभूषण टोप्पो, सीएल मारकण्डेय, डॉ. संदीप चंद्राकर, डॉ. मिथलेश चौधरी, मुकेश रावटे, डॉ. अजय कोसम, डॉ. महोबे, डॉ. अरूण शंकर दीक्षित, शारदा तिवारी, आसिफ अली, प्रशांत दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सदस्यगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
नांदगांव के सैकड़ों युवा कार्यक्रम में हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राजीव युवा मितान क्लब द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने युवा कांग्रेस मीडिया विभाग प्रदेश चेयरमैन एवं छत्तीसगढ़ राज्य पर्यटन बोर्ड के सदस्य निखिल द्विवेदी का सम्मान किया।
श्री द्विवेदी ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने युवाओं को संबोधित करते कहा कि राज्य के सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में राजीव युवा मितान क्लब गठित होंगे। प्रत्येक क्लब को रचनात्मक कार्यों के लिए हर साल एक लाख रुपए का अनुदान मिलेगा। सीएम बघेल ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोडऩे तथा उनमें नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से राजीव युवा मितान क्लब योजना की शुरूआत की गई है। इसके तहत ग्राम पंचायतों और नगरी निकायों के वार्डों में 13 हजार 269 राजीव युवा मितान क्लब गठित किए जाएंगे। इस क्लब में 15 से 40 वर्ष आयु के युवाओं शामिल होंगे, जो सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन अपनी भागीदारी निभाएंगे।
युवा कांग्रेस मीडिया विभाग प्रदेश चेयरमैन एवं छत्तीसगढ़ राज्य पर्यटन बोर्ड के सदस्य निखिल द्विवेदी ने कहा कि ग्राम पंचायतों और नगरी निकायों के वार्डों में 13 हजार 269 राजीव युवा मितान क्लब गठित किए जाएंगे। इस क्लब में 15 से 40 वर्ष आयु के युवाओं शामिल होंगे, जो सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन अपनी भागीदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम में राजनांदगांव से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विप्लव शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष विवेक बहादुर सिंह, प्रदेश महासचिव महेश सेन, प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव शुभानि वर्मा, प्रदेश सचिव एनएसयूआई प्रिया खत्री, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अमर झा, प्रदेश सचिव मनीष साहू, नुतेन्द्र सिन्हा, आदित्य वैष्णव, बबलू सेन, दामन दास वैष्णव, वासुदेव सुनील कोठारी, केदार साहू, डोंगरगांव ब्लाक अध्यक्ष संदीप डहरे, हरेंद्र साहू, योगेश राजपूत, दिलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में राजनांदगांव से कांग्रेस कार्यकर्ता युवा कांग्रेस साथी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल हुए।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अनुभवों को किया साझा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। जिला प्रशासन द्वारा पुलिस विभाग में सूबेदार, उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर पदों पर भर्ती की तैयारी के लिए शुक्रवार को दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में नि:शुल्क शारीरिक एवं प्रारंभिक लिखित परीक्षा प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने युवाओं को प्रोत्साहित करते कहा कि प्रतियोगी परीक्षा में सफल होने वाले हमारे बीच के ही सामान्य बच्चे होते हैं। हमें इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए कि वे सफलता प्राप्त कर सकते है, तो हम भी सफल हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कोई भी लक्ष्य कठिन या असंभव नहीं होता। इसके लिए कड़ी मेहनत तथा समर्पण की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नाविक की धैर्यता एवं कुशलता धारा के विपरीत दिशा में होती है। इसी तरह हम भी चुनौतियों का सामना करते सफलता प्राप्त कर सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए रणनीति बनाना जरूरी होता है। परीक्षा की तैयारी के बीच एक मजबूत पक्ष और दूसरा कमजोर पक्ष होता है। हमें मजबूत पक्ष को और मजबूत तथा कमजोर पक्ष को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए 4-5 अभ्यर्थी ग्रुप बनाएं और पढ़ाई से संबंधित विभिन्न चर्चा गु्रप के माध्यम से करनी चाहिए। किसी भी परीक्षा में सफलता पाने के लिए पाठ्यक्रम एवं इसके विषयों का ज्ञान जरूर होना चाहिए। जिससे इसके अनुरूप तैयारी की जा सके।
उन्होंने कहा कि अधिक पुस्तक पढऩे की अपेक्षा सीमित आवश्यकता वाले पुस्तकों का अध्ययन बार-बार करना चाहिए। जीवन में सफल होने के लिए पूरी ताकत लगाकर कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर युवाओं के लिए नि:शुल्क शारीरिक एवं प्रारंभिक लिखित परीक्षा प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए योग्य शिक्षकों द्वारा तैयारी कराई जाएगी।
महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि शासन की योजनाएं स्वसहायता समूह, महिलाओं, किसानों तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने लाई गई हैं। शासन की योजना सभी को रोजगार प्रदान करने की है। शासन निरंतर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रही है और राज्य स्तर पर अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिससे युवाओं को आगे बढऩे की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि युवा प्रयास करते रहे और उन्हें सफलता जरूर मिलेगी। युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यदि हम किसी भी लक्ष्य को पाने का उद्देश्य बना लेते हैं, तो हमें सफलता जरूर मिलती है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगी परीक्षा में युवाओं की सफलता के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। जिसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
पीटीएस पुलिस अधीक्षक इरफान उल रहीम खान ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए हमें पूरा प्रयास करना चाहिए। इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।
पुलिस परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक गतिविधियां जरूरी है। हमें दुनिया में स्वयं को स्थापित करने के लिए मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नौकरी सफलता की पहली सीढ़ी हो सकती है, अंतिम नहीं। इसके लिए लगातार मेहनत करते रहे। इस दौरान विभिन्न अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के संबंध में अपने अनुभव प्रतियोगियों के मध्य साझा किए।
प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षु नगर पुलिस अधीक्षक गौरव राय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर गिरिश रामटेके ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए रणनीति बनाकर पढऩे और सफलता के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी रणविजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं अभ्यर्थी उपस्थित थे।
वृद्धजन दिवस पर ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। विश्व वृद्धजन दिवस पर राजनांदगांव पुलिस के उदार चेहरे ने असहाय और समाज से अलग-थलग पड़े वृद्धों के मानसिक और शारीरिक क्षमता को मजबूत बनाया। ‘चाय पर चर्चा’ के आयोजन में एसपी डी. श्रवण ने अपनी पूरी टीम के साथ वृद्धजनों के बीच लंबा समय व्यतीत किया। वहीं चाय की चुस्कियां लेकर वृद्धों की दुख-तकलीफ से जुड़ी समस्याओं को भी सुना। इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य समाज में उम्र के आखिरी पड़ाव से गुजर रहे वृद्धों को संबलता देना था। पुलिस कप्तान डी. श्रवण ने आयोजन की सार्थकता को सिद्ध करते हुए बुजुर्गों से व्यक्तिगत मुलाकात की।
स्थानीय नंदई चौक में आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों ने कंपकपाती हाथों से चाय पीते हुए पुलिस विभाग के इस रूख को देखकर शाबासी दी। बुजुर्गों के लिए पुलिस की ओर से कानूनी समस्याओं का फौरन हल करने को लेकर एसपी ने जानकारी दी। एसपी ने वृद्धों को आश्वस्त करते कहा कि पुलिस हमेशा सहयोग के लिए तैयार है। किसी भी तरह की समस्या को लेकर वृद्धजन बिना हिचकिचाहट उनसे मुलाकात के लिए पहुंच सकते हैं। एसपी ने कहा कि वृद्धजन समाज के प्रेरक होते हैं। उनका देखभाल करना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में एएसपीद्वय जयप्रकाश बढ़ई, प्रज्ञा मेश्राम, नक्सल आपरेशन एएसपी आकाश मरकाम, सीएसपी गौरवराम प्रवेश राय, लोकेश देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू नेहा वर्मा, कोतवाली प्रभारी अलेक्जेंडर किरो, बसंतपुर थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
37 हितग्राहियों ने पुलिस से की शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। प्रधानमंत्री आवास के नाम पर तीन दर्जन लोगों से लाखों रुपए वसूली करने का मामला सामने आया है। शहर के स्कॉनसिटी कालोनी के निवासी कुंजबिहारी नामक ठेकेदार के विरूद्ध शनिवार को 37 हितग्राहियों ने लालबाग पुलिस में लिखित शिकायत करते कार्रवाई करने की मांग की है।
पीडि़तों ने शिकायत में बताया कि कुंजबिहारी द्वारा 6 लाख 5 हजार रुपए प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर लिए थे। आवास नहीं मिलने के बाद से आरोपी रकम वापसी के लिए टाल-मटोल कर रहा है। लाखों रुपए वापस करने में हो रहे हीलहवाला के कारण हितग्राहियों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ताओं में हमीद खान, दिनेश, गोपाल दास, जयप्रकाश यादव, राजू सोनकर समेत अन्य पीडि़तों ने पुलिस को जानकारी देते बताया कि 17 सितंबर तक आरोपी द्वारा रकम वापस किए जाने का लिखित में भरोसा दिया गया था। तय मियाद निकलने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई है। जिसके चलते सभी ने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि आरोपी के नाम पर शिकायत की पुलिस जांच कर रही है। उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आसिफ अली के नेतृत्व में पीडि़त हितग्राहियों ने पुलिस के समक्ष शिकायत की।
इधर लालबाग थाना प्रभारी शिवेन्द्र सिंह राजपूत ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि शिकायत पत्र की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। डोंगरगढ़ क्षेत्र के घोटिया की दो युवतियों के लिए शुक्रवार की सुबह काल साबित हुआ। रोज की तरह सैर करने निकली दोनों युवतियों की गैर कानूनी तरीके से फैंसिंग तार में दौड़ती करंट की चपेट में आने दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक घोटिया की रहने वाली टिकेश्वरी रजक और लिलेश मंडावी सुबह सैर करने के लिए घर से निकली। वापसी के दौरान नारद छेदैया नामक व्यक्ति के खेत के सामने एकाएक कुछ आवाज सुनकर दोनों खेत की ओर दौड़ी। इसी बीच फैंसिंग तार में दौड़ते करंट में पहले टिकेश्वरी रजक झुलस गई। उसे बचाने की कोशिश में लिलेश मंडावी को अपनी जान गंवानी पड़ी। गांव के युवा-युवती रोजाना बड़ी संख्या में सैर करने के लिए निकलते हैं। टिकेश्वरी और लिलेश भी कुछ युवतियों के साथ अलग-अलग टोली में सैर करने निकली थी। दोनों को एकाएक करंट से झुलसते देखकर अन्य युवतियों ने युवकों को मदद के लिए आवाज दी। इस दौरान पूरे गांव में घटनाक्रम की खबर तेजी से फैल गई।
मिली जानकारी के मुताबिक खेत मालिक नारद छेदैया हादसे से बचने के इरादे से फैंसिंग तार को निकालने की कोशिश में था। इससे पहले युवक-युवतियों ने उसे पकड़ लिया। इधर मोहारा पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश यादव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। घटना के कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि फैंसिंग तार में आरोपी ने अवैध रूप से बिजली सप्लाई की थी। इसके पीछे खेत को जंगली सूअरों के उत्पात से बचाना एक प्रमुख वजह बताया जा रहा है। इस हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है।
कई नेताओं के घर गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। सत्ता-संगठन में जगह नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस नेताओं को शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के दौरे में खासा महत्व मिला। प्रदेश सरकार के साथ संगठन में पद नहीं मिलने से स्थानीय कई नेता काफी नाराजगी पाले हुए हैं। टीएस सिंहदेव के दौरे में ऐसे नेताओं को खास तरजीह मिली।
राजनीतिक रूप से सिंहदेव के ऐसे नेताओं से मिलने उनके घर जाने के सियासी मायने तलाश किए जा रहे हैं। सिंहदेव के साथ उनके व्यस्त कार्यक्रम के दौरान खुज्जी विधायक छन्नी साहू मौजूद रही। वहीं पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, अशोक फडऩवीस, शारदा तिवारी के घर पहुंचकर उनकी निजी और राजनीतिक स्थिति को लेकर लंबी चर्चा की। खुज्जी विधायक श्रीमती साहू सिंहदेव समर्थक मानी जाती है। उन्हें छोडक़र राज्य सरकार ने सभी कांग्रेसी विधायकों को लालबत्ती से उपकृत किया है। अपनी अनदेखी से छन्नी साहू भी सरकार से रूठी हुई है। पूर्व महापौर डाकलिया लंबे समय से सत्ता-संगठन में जगह पाने की कोशिश करते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा कई शीर्ष नेताओं से भी पद देने का आग्रह किया था। कांग्रेस से भाजपा में चले जाना उनके लिए पद पाने में अड़चने खड़ी करता रहा है। शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस वापसी के बाद भी डाकलिया को पद देने के लिए रजामंद नहीं रहा है।
इसी तरह अशोक फडऩवीस भी असंतुष्ट माने जाते हैं। उनकी धर्मपत्नी राजनांदगांव नगर निगम में पार्षद है। एमआईसी में मेम्बर होने के बाद भी वह संगठन से खफा हैं। बताते हैं कि महापौर के लिए उनकी पत्नी का पहला अधिकार था। सियासी दांव-पेंच के चलते उनकी जगह हेमा देशमुख को हेमा देशमुख को नामित किया गया। इस बीच कांग्रेस नेत्री शारदा तिवारी के घर सिंहदेव अचानक पहुंचे। बताया जा रहा है कि श्रीमती तिवारी के पति का कुशलक्षेम पूछने के लिए सिंहदेव उनके निवास पहुंचे थे। राजनीतिक रूप से ऐसे कुछ नेताओं ने भी टीएस सिंहदेव से नजदीकियां बढ़ाने के लिए जोर लगाया है।
बताया जा रहा है कि सिंहदेव ने भी ऐसे नेताओं से मुलाकात में पूरी रूचि ली। लिहाजा जिन नेताओं के घर मंत्री सिंहदेव पहुंचे वहां उनका जोशीला स्वागत किया गया। सिंहदेव के साथ राजनीतिक संबंध मधुर बनाने की जुगत में नाराज नेताओं ने एक तरह से शक्ति प्रदर्शन भी किया। उनकी अगवानी करने के दौरान ज्यादातर जगह समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई। सिंहदेव की पूर्व के दौरे की तुलना में यह दौरा काफी अलग रहा। उनके स्वागत-सत्कार के लिए विशेष रूप से फ्लैक्स तैयार किए गए।
उधर मंत्री सिंहदेव के दौरे पर शहर कांग्रेस भी स्वागत-सत्कार में आगे रहा। शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने सिंहदेव के आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में फ्लैक्स लगाए। वहीं कांग्रेस भवन से ही सिंहदेव के दौरे की शुरूआत हुई। कुलबीर का सिंहदेव से मधुर संबंध रहा है। छाबड़ा अक्सर उनके राजनांदगांव दौरे पर स्वागत करने वालों में आगे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर संगठन के अध्यक्ष होने की वजह से उन्होंने मंत्री सिंहदेव के दौरे को पूरा समय दिया।
राजनांदगांव, 1 अक्टूबर। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) नियम 1995 के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक 5 अक्टूबर को समय-सीमा की बैठक के बाद जिला कार्यालय के अपर कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों को आवश्यक जानकारी सहित उपस्थित होने कहा गया है। इधर अपर कलेक्टर श्री मारकण्डेय की अध्यक्षता में मैनुअल स्कैवेजर्स के तहत हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम 2013 के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति की बैठक 5 अक्टूबर को समय-सीमा की बैठक के बाद जिला कार्यालय के अपर कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों को आवश्यक जानकारी सहित उपस्थित होने कहा गया है।