ताजा खबर

सीएम ने शोक जताया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 22 मार्च। जिले के डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक एवं राज परिवार की बहू नीलिमा टेकाम का आज निधन हो गया। इसके बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डौंडीलोहारा विधानसभा की पूर्व विधायक नीलिमा टेकाम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने श्रीमती टेकाम के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
ज्ञात हो कि वर्ष 2008 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी से टिकट मिला था और वे विजयी भी हुई थीं, साथ ही उनका राजपरिवार पूरे छत्तीसगढ़ में विख्यात है और टेकाम परिवार को जाना जाता है।
भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर बनीं थीं विधायक
ज्ञात हो कि नीलिमा टेकाम 2008 में प्रथम बार विधानसभा निर्वाचित होकर भाजपा पार्टी के टिकट पर चुनाव लडक़र जीत दर्ज की थी। इसके पूर्व वे अविभावजित दुर्ग के समय भूमि विकास बैंक की जिला उपाध्यक्ष भी रही थीं। 2009-10 में महिलाओं एवं बालकों के कल्याण संबंधी समिति एवं शासकीय आश्वासनों संबंधी समिति की सदस्य रहीं। फिर इसके बाद इन्हें 2011 में गैर सरकारी सदस्यों के विधेयकों तथा संकल्पों संबंधी समिति एवं समनाया प्रयोजन समिति का सदस्य बनाया गया।
लंबे समय से थीं बीमार
नीलिमा टेकाम लंबे समय से बीमार चल रही थीं और एक वर्ष पूर्व ही उनके पति पूर्व विधायक राजा लाल महेंद्र सिंह नेताम का निधन हुआ था। ठीक उसके 1 वर्ष पूर्व उनके जेष्ठ पुत्र लाल गजेंद्र सिंह नेताम का भी निधन हो गया था। इस तरह परिवार काफी लंबे समय से सदमे में था। आज राज परिवार की बहू एवं पूर्व विधायक, एक क्षेत्रीय जन नायक जिन्होंने विभिन्न पदों में रहते हुए अपनी सेवाएं दी, उनका भी निधन हो गया है।