कारोबार

प्रदेश अर्थव्यवस्था को गति देने में 12 लाख व्यापारियों का बहुत बड़ा योगदान-मुख्यमंत्री
30-Jan-2024 2:23 PM
प्रदेश अर्थव्यवस्था को गति देने में 12 लाख व्यापारियों का बहुत बड़ा योगदान-मुख्यमंत्री

 64वीं चेंबर आमसभा में व्यापार और औद्योगिक विकास पर चर्चा 

रायपुर, 30 जनवरी। छत्तीसगढ़ चेंबर का 64वां वार्षिक सम्मेलन पं. जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ जिसमें पूरे प्रदेश के कोने कोने से आए व्यापारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से की गई तत्पश्चात चेंबर संरक्षक एवं सलाहकारगण को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

श्री भसीन ने आगे कहा कि जब सदस्यता बढ़ाने की बात आई तो 24 सितंबर का दिन सदस्यता दिवस के रूप में चुना गया और हमने 25000 से अधिक की सदस्य संख्या पार कर चुके हैं जो हमारे लिए गौरव की बात है। आज छत्तीसगढ़ में जितने जिले हैं उन सभी में 42 इकाइयां संचालित हैं। 

प्रदेशाध्यक्ष श्री परवानी  ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान सरकार डबल इंजन नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार है जो यहां बैठी हुई, प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों का नेतृत्व कर रही है। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में देश को विकसित करने हेतु देश के 8 करोड़ व्यापारियों में छत्तीसगढ़ प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में व्यापार और उद्योगों की सतत उन्नति और विकास हो। आप सभी का व्यवसाय खूब फले-फूले और तरक्की करे। अपने उद्योग-धंधे और व्यापार से पैदा होने वाले रोजगारों में स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दें। पूरे प्रदेश में लगभग 12 लाख व्यापारी हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने में उद्योगों का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है। यहां की धरती उर्वर है और किसान मेहनतकश हैं। यहां धान की बंपर पैदावार होती है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खनिज संपदा का भी विपुल भंडार है। लोहा, कोयला, टिन, बॉक्साइट जैसे बहुमूल्य खनिज यहां उपलब्ध है। प्रदेश लघु वनोपजों के संग्रहण में भी अग्रणी है। पानी और बिजली की भी पर्याप्त उपलब्धता है। इस तरह प्रदेश में उद्योगों के विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में व्यवसाय के अनुकूल वातावरण तैयार करने का काम किया है। उद्योगों के विकास को बढ़ावा देने के लिए अनेकों निर्णय लिए गए हैं। जिससे व्यापार आसान और सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए समर्पित होकर कार्य करेगी। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news