कारोबार

शादी सीजन में देश भर में 42 लाख शादियों से 5.5 लाख करोड़ व्यापार का अनुमान-पारवानी
14-Feb-2024 2:20 PM
शादी सीजन में देश भर में 42 लाख शादियों से 5.5 लाख करोड़ व्यापार का अनुमान-पारवानी

रायपुर, 14 फरवरी। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अमर पारवानी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री जितेन्द्र दोशी ने बताया कि प्रदेश सहित पूरे देश में व्यापारी वर्ग 15 जनवरी से लेकर 15 जुलाई तक चलने वाले वर्तमान विवाह सीजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। 

कैट ने बताया कि एक अनुमान के अनुसार  इस अवधि के दौरान प्रदेश सहित देश भर में लगभग 42 लाख विवाह आयोजित होने की संभावना है, जिससे विवाह संबंधित खरीदारी और सेवाओं के माध्यम से लगभग 5.5 लाख करोड़ रुपये की भारी धन राशि देश भर के बाज़ारों में आएगी। 

कैट ने बताया कि यह आँकलन कनफ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स  (कैट) की रिसर्च शाखा कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के 30 विभिन्न शहरों के व्यापारी और सेवा प्रदाताओं से बातचीत के आधार पर किया गया है। प्रदेश सहित देश भर में लगभग 42 लाख विवाह आयोजित होने की संभावना है जिससे करीब  1.5 लाख करोड़ का व्यापारिक राजस्व मिलेगा। 

कैट ने बताया कि पिछले साल, 14 दिसंबर को समाप्त हुए विवाह सीजन में लगभग 35 लाख विवाह हुए थे, जिनके खर्च का अनुमान  4.25 लाख करोड़ था।  इस विवाह सीजन के दौरान, अनुमान है कि लगभग 5 लाख विवाह की प्रति विवाह लागत  3 लाख होगी, जबकि लगभग 10 लाख विवाह की प्रति विवाह की लागत लगभग 6 लाख होगी। 

कैट ने बताया कि इसके अतिरिक्त, 10 लाख विवाहों की अनुमानित लागत प्रति विवाह 10 लाख होगी, वहीं 10 लाख विवाह की लागत 15 लाख प्रति विवाह होगी।  जबकि 6 लाख विवाह 25 लाख की लागत से होना अपेक्षित है। इसके अलावा 60 हजार विवाह जिनकी लागत प्रति विवाह  50 लाख होगी, और 40 हजार विवाह जिनकी लागत 1 करोड़ से अधिक होगी। 

कैट ने बताया कि समग्र रूप से, इस छह महीने के दौरान, विवाह संबंधित खरीदारियों एवं सेवाओं के ज़रिये से लगभग 5.5 लाख करोड़ के व्यापार का अनुमान है। श्री पारवानी एवं श्री दोशी ने कहा कि इस वैवाहिक माँग को देखते हुए देश  भर के संबंधित व्यापारियों ने विवाह संबंधित सामग्रियों की  पर्याप्त स्टॉकिंग की है ताकि ग्राहकों की पसंद और मांग को पूरा किया जा सके। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news