ताजा खबर
क्योंझर (ओडिशा), 24 मार्च। ओडिशा के आदिवासी बहुल क्योंझर जिले में एक व्यक्ति ने रविवार को अपने बुजुर्ग माता-पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बसीरा गांव में हुई। मृतकों की पहचान गुरुचरण उर्फ गोरा मुंडा (65) और उनकी पत्नी पाली मुंडा (60) के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पारिवारिक मुद्दे को लेकर दंपति और उनके बेटे ध्यान मुंडा (35) के बीच विवाद था। बेटे ने कुल्हाड़ी से अचानक अपने बुजुर्ग माता-पिता पर हमला कर दिया।
घटना में गोरा मुंडा की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, वहीं अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान पाली मुंडा की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चंपुआ थाना प्रभारी देबनी नाइक ने बताया कि आरोपी ध्यान मुंडा की पत्नी कुछ साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी और वह मानसिक तनाव में था। (भाषा)