ताजा खबर

भाजपा ने मुंबई उत्तर मध्य सीट से पूनम महाजन की जगह वकील उज्ज्वल निकम को उम्मीदवार बनाया
27-Apr-2024 8:21 PM
भाजपा ने मुंबई उत्तर मध्य सीट से पूनम महाजन की जगह वकील उज्ज्वल निकम को उम्मीदवार बनाया

नयी दिल्ली/मुंबई, 27 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद पूनम महाजन की जगह चर्चित वकील उज्ज्वल देवराव निकम को अपना उम्मीदवार बनाया।

निकम मुंबई आतंकी हमले के मामले में सरकारी वकील थे। निकम 1993 के मुंबई सिलसिलेवार विस्फोटों और 26/11 हमलों के बाद पकड़े गए आतंकवादी अजमल कसाब के मुकदमे जैसे कई महत्वपूर्ण मामलों में विशेष लोक अभियोजक रह चुके हैं।

भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन 2014 और 2019 में मुंबई उत्तर मध्य सीट से निर्वाचित हुईं। पूनम भाजपा की युवा शाखा की पूर्व अध्यक्ष भी हैं।

पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि संगठन से मिली जानकारी के आधार पर पूनम का टिकट काटा गया। कुछ समय से संकेत मिल रहे थे कि पूनम महाजन को इस बार उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा।

कांग्रेस ने पार्टी की मुंबई इकाई की प्रमुख और धारावी से विधायक वर्षा गायकवाड़ को मुंबई उत्तर मध्य सीट से उम्मीदवार बनाया है। मुंबई में पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होना है।

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के साथ हो रहे ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए आठ और उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news