महासमुन्द

धान खरीदी के 2 सप्ताह बाद भी अब तक नहीं कटा है डीओ
13-Nov-2022 3:04 PM
धान खरीदी के 2 सप्ताह बाद भी अब तक नहीं कटा है डीओ

जिले के अन्य विकासखंड में धान का उठाव हो चुका है शुरू

रामकुमार पटेल

सरायपाली, 13 नवंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। समर्थन मूल्य पर एक नवम्बर से खरीफ फसल का धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है, 2 सप्ताह धान खरीदी हो जाने के बावजूद अभी तक खरीदे गए धान का उठाव के लिये डीओ तक जारी नहीं हुआ है, जबकि महासमुंद में डीओ कटने के पश्चात धान का उठाव भी शुरू हो चुका है।  सरायपाली व तोरेसिंहा के उपार्जन केंद्र में खरीदे गए धान का अभी तक डीओ जारी नहीं होने से प्रशासनिक अधिकारियों पर धान उठाव को लेकर सौतेले व्यवहार किये जाने का भी आरोप लग रहा है।

मिली जानकारी अनुसार जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा सरायपाली के 15 उपार्जन केंद्रों में 1772 किसानों के द्वारा अभी तक 64726 कुंटल धान खरीदी केंद्रों में बेचा जा चुका है, इसी तरह तोरेसिंहा शाखा के 11 उपार्जन केंद्रों के 1090 किसानों से 42302 क्विंटल धान खरीदी हो चुकी है। शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी के 72 घंटा के अंदर खरीदी प्रभारियों द्वारा खरीदे गए धान का उठाव किया जाना है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इस नियम को केवल कुछ ब्लॉक व समितियों तक सीमित रखे हैं।

पूरे जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में लागू नहीं की गई है, जिसके चलते सरायपाली, तोरेसिंहा के 26 उपार्जन केंद्रो के लिए अभी तक डीओ ही जारी नहीं किया गया है, जबकि जिले के ही महासमुंद व अन्य ब्लॉक के उपार्जन केंद्रों में डीओ कटने के साथ-साथ धान का उठाव भी शुरू हो चुका है, आखिर एक ही जिला में अलग-अलग उपार्जन केंद्रों के लिए अधिकारी अलग-अलग नियम कायदे क्यों बना रहे हैं यह समझ से परे है, केवल जिले में ही शासन के नियम का पालन हो रहा है, ओडिशा सीमा से लगे सरायपाली में शासन के सभी नियम कायदों को ताक में रखकर उपार्जन केंद्र प्रभारियों को 72 घंटा के अंदर किए जाने वाले धान का उठाव का लाभ नहीं पहुंचाया जा रहा है, जबकि क्षेत्र के राइस मिलर धान का उठाव करने डीयो कटने के इंतजार में बैठे हैं, आखिर सरायपाली,तोरेसिंहा के उपार्जन केंद्रों का अब तक डीओ क्यों जारी नहीं हुआ यह जांच का विषय है ?


डीओ जारी न होने के कारण नहीं हुआ है धान का उठाव शुरू - बसंत
इस संबंध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा सरायपाली के शाखा प्रबंधक बसंत पटेल से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सरायपाली के 15 उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान का अभी तक न तो डीओ और ना ही टीओ जारी हुआ है, डीओ, टीओ जारी न होने कारण अभी तक धान का उठाव शुरू नहीं हुआ है, जबकि जिला मुख्यालय में डीओ जारी होने के साथ ही उठाव भी शुरू हो गया है।

बेचे गए धान का 2 दिन के अंदर किसानों के खाता में हो रही है राशि जमा
इस बार किसानों को धान बेचने के बाद राशि के लिए लंबे इंतजार की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, विगत वर्ष उपार्जन केंद्रों में बेचे गए धान की राशि 4 से 6 दिन में खाता में जमा होती थी, इस बार 48 घंटा के अंदर 2 दिन में ही धान की राशि किसानों खाता में जमा हो रही है। शासन के इस निर्णय का किसानों ने भी स्वागत किया है,कि उन्हे बेचे गये धान की राशि 2 दिन के अंदर ही प्राप्त हो जा रही है, इससे बैंकों में भीड़ भी कम रहेगी और किसानों को राशि पाने रतजगा करना नहीं पड़ेगा।

अधिक नमी के कारण कई खरीदी केंद  से किसानों का धान हो रहा वापस
विगत वर्ष की तुलना में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 माह पहले एक नंवबर से शुरू होने से इस वर्ष किसानों के धान में अधिक नमी आने की भी शिकायत सामने आ रही है और कई किसानों के धान को खरीदी केंद्र से वापस लौटाया भी जा रहा है, छोटे किसानों को तो टोकन निरस्त होने से,शेष बचे दो टोकन में धान बेच सकेंगे लेकिन बड़े किसानों को धान वापस लौटाने के पश्चात टोकन निरस्त होने से शेष बचे दो टोकन में पूरे धान को बेचना संभव नहीं है, धान में नमी अधिक होने के कारण टोकन निरस्त होने व दो टोकन में पूरे धान को बेचने की चिंता सताने लगी है,हालांकि कुछ खरीदी केंद्रों में शुरुआती दौर में यह व्यवस्था है कि अगर धान में अधिक नमी है तो उन्हें धान को सुखाकर बेचने टोकन में संशोधित कर एक मौका दिया जा रहा है, शासन के निर्देशानुसार 17त्न नमी तक के धान का खरीदी किया जाना है,लेकिन हार्वेस्टर से कटाई धान में 17त्न से अधिक नमी आने कि शिकायत सामने आ रही है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news