महासमुन्द

धान खरीदी में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी-कलेक्टर
15-Nov-2022 7:01 PM
धान खरीदी में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी-कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 15 नवंबर। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने खऱीफ़  विपणन वर्ष 2022-23 समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी की गुणवत्ता  के संबंध में उपार्जन केंद्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक ली। यह बैठक कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आहुत थी। इस दौरान कलेक्टर ने धान की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंड अनुसार धान खरीदी संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धान बेचने आए किसानों को उपार्जन केंद्र में कोई दिक्कत ना हो, इस बात का ख़्याल रखा जाए। साफ़.-सफ़ाई, पेयजल आदि की पर्याप्त व्यवस्था हो ताकि वह खुशी खुशी धान बिक्री कर सके। इस दौरान सभी उपकरण जैसे नमी मापांक यन्त्र, बारदाना, कांटा, बांट, भंडार लिमिट आदि सभी चीज के बारे में अधिकारियों को पुखता जानकारी होना चाहिए। 

कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिकताओं में है। धान खरीदी के लिए यदि उपार्जन केंद्र में कहीं कोई और बेहतर व्यवस्था करनी  हो, तो इसे तत्काल करें। कोई कमी पाये जाने पर उसे दूर करें। संबंधित अधिकारी जिले में बनाये गए तीन नवीन धान उपार्जन केंद्रों की समुचित कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर को प्रभारी प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। जिसकी देखरेख में धान की खरीदी हो रही है। उन्होंने नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि डाटा एंट्री ऑपरेटर के साथ सकारात्मक सहयोग करें और सुचारू रूप से धान खरीदी की व्यवस्था में अपना योगदान दें।

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी दशा में धान खरीदी में कोई  बाधा उत्पन्न ना हो, इसके लिए सतर्क रहे। अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई करें। धान खरीदी के कार्य में गड़बड़ी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से कहा कि वह अपने-अपने अनुभाग के अंतर्गत एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर धान खरीदी केंद्र में पैनी नजर रखें और सतत मॉनिटरिंग करें। प्रत्येक सप्ताह शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा धान खरीदी की व्यवस्था,खरीदे गए धान की मॉनिटरिंग करेंगे।

उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित रहे और गंदगी किसी भी दशा में ना रहे। उन्होंने कहा कि उपार्जन

केंद्रों में अलग से फड़ बनाने की आवश्यकता हो वहां शीघ्र ही फड़ का निर्माण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी बहुत महत्वपूर्ण कार्य है। अभी धान की आवक में कमी है। आने वाले समय में धान की आवक बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए आपकी जिम्मेदारी और महत्व और बढ़ जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी के साथ धान खरीदी के कार्य में अपना योगदान दें।

कलेक्टर ने दो दिन के भीतर काटे गए टोकन और खरीदे गए धान की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिन किसानों को धान खरीदी के लिए उपार्जन केंद्र में बुलाया गया है, उससे धान की खरीदी उसी दिन हो जाए। किसी भी दशा में कोई भी किसान बिना धान बेचे वापस न हो, इसका विशेष ध्यान रखें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर दुर्गेश कुमार वर्मा, एसडीएम उमेश साहू, जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news