धमतरी

5 साल में पहली बार बगैर बारिश के बीता नवंबर, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम, अब ठंड बढऩे के आसार
19-Dec-2022 3:08 PM
5 साल में पहली बार बगैर बारिश के बीता नवंबर, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम, अब ठंड बढऩे के आसार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,19 दिसंबर।
जिले में 5 साल बाद नवंबर महीना बगैर बारिश के बीता है। अब उत्तर से आ रही हवा के कारण एक बार फिर ठंड बढऩे की संभावना है। अगले 48 से 72 घंटे में रात के तापमान में 2 डिग्री तक की कमी आने के आसार है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम 13 डिग्री रहा, जो की शनिवार की तुलना में अधिकतम व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह व रात में ठंड का अहसास हुआ, सुबह व रात 8 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चली।

नवंबर में 14 और 30 डिग्री पर  स्थिर रहा जिले का तापमान
नवंबर में ही अच्छी ठंड की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन मौसम के बदलते सिस्टम से ऐसा नहीं हुआ। नवंबर महीने का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास स्थिर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान नवंबर के 25 दिन 14 डिग्री पर रहा। महज 5 दिन ही तापमान में गिरावट हुई। इसमें सबसे न्यूनतम स्तर 11 डिग्री सिर्फ एक दिन के लिए रहा। इसके बाद से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

अब कड़ाके की ठंड की उम्मीद
इधर अच्छी ठंड के लिए लोगों को इस बार लंबा इंतजार करना पड़ा है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में कुछ दिन ठंड की स्थिति बनी रही, लेकिन खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो गई। मौसम विभाग ने अब कड़ाके की ठंड पडऩे की उम्मीद जताई है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवा फिलहाल नमीयुक्त हवा की वजह से कमजोर पड़ गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news