महासमुन्द

लक्ष्मण मंदिर पहुंचे राहुल-प्रियंका: मंदिर दर्शन के बाद प्रोटोकाल नियम तोडक़र ग्रामीणों के नजदीक हाल पूछने गए
26-Feb-2023 3:02 PM
लक्ष्मण मंदिर पहुंचे राहुल-प्रियंका: मंदिर दर्शन के बाद प्रोटोकाल नियम तोडक़र ग्रामीणों के नजदीक हाल पूछने गए

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, महासमुंद विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर भी उनके साथ थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 फरवरी।
रायपुर में कांग्रेस महाधिवेशन में शामिल होने के बाद दोपहर राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा शनिवार शाम करीब 4 बजे महासमुंद जिले के सिरपुर पहुंचे। महासमुंद विधायक निवास को छोडक़र किसी को भी इसकी भनक नहीं होने दी गई ताकि भीड़ एकत्र न हो। लेकिन सिरपुर के ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई और वे दोनों से मिलने पहुंचे थे।

पता चला है कि राहुल गांधी ने प्रोटोकाल नियम तोडक़र ग्रामीणों के नजदीक गए और उनका हाल पूछा। राहुल और प्रियंका ने सिरपुर के प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर को देखा। उन्होंने देखा कि यह मंदिर 17 सौ साल से समय की मार झेलने के बावजूद मजबूती से खड़ा है। इस समय उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी थे। मंदिर के बाहर राहुल गांधी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ महासमुंद विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर भी सिरपुर पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा ने उन्हें इस मंदिर के बारे में जानकारी दी। बताया कि भारत में लाल ईंटों के नागर शैली के इस अनोखे और पहले मंदिर को सोमवंशीय राजाओं ने सन 525 से सन 540 के बीच बनवाया था। राहुल-प्रियंका ने इस मंदिर को चारों ओर से देखा। इसकी मूर्तियों, मंदिर की दीवारों पर बनी कलाकृतियों को देखकर वे आश्चर्यचकित हुए। उन्हें बताया गया कि ऐसा माना जाता है कि मंदिर का निर्माण राजा हर्षगुप्त की मृत्यु के बाद उनकी याद में रानी वासटादेवी ने कराया था। इसे एक स्त्री के प्रेम के प्रतीक के रूप में भी माना जाता है।

राहुल और प्रियंका यहां करीब 45 मिनट रहे। उन्हें बताया गया कि 14 वीं 15 वीं सदी में महानदी की भयंकर बाढ़ के कारण पूरा इलाका तबाह हो गया, लेकिन यह मंदिर आश्चर्यजनक रूप से बचा रहा। राहुल और प्रियंका गांधी के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मंदिर भ्रमण किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं सांसद राहुल गांधी ने इस दौरान वहां बौद्ध विहार के समीप रहने वाले लेखराम पटेल सहित उनके परिवार के लोगों से मुलाकात की। लेखराम पटेल के घर उनके अनुज के विवाह के उपलक्ष्य में प्रीतिभोज आशीर्वाद समारोह का आयोजन हो रहा था। अत: उन्होंने श्री पटेल सहित उनके परिवार के लोगों और रिश्तेदारों को वैवाहिक समारोह के आयोजन के लिए बधाई दी।  

जानकारी के मुताबिक लेखराम पटेल सिरपुर के बौद्ध विहार में काम करते हैं। उनका परिवार बौद्ध विहार के समीप ही रहता है। इस अवसर पर प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चन्द्राकर एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी पटेल परिवार को वैवाहिक कार्यक्रम के शुभ अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी। इस दौरान राहुल, प्रियंका ने सुरंग टीला और तिवरदेव विहार का भी भ्रमण किया।

गौरतलब है कि सिरपुर महानदी के तट स्थित एक पुरातात्विक स्थल है। इस स्थान का प्राचीन नाम श्रीपुर है। यह एक विशाल नगर हुआ करता था। सिरपुर पांचवी से आठवीं शताब्दी के मध्य दक्षिण कोसल की राजधानी थी। सिरपुर में सांस्कृतिक एवं वास्तुकौशल की कला का अनुपम संग्रह हैं।

सोमवंशी नरेशों ने यहां पर राम मंदिर और लक्ष्मण मंदिर का निर्माण करवाया था। ईंटों से बना हुआ प्राचीन लक्ष्मण मंदिर विश्व प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल है। उत्खनन में यहां पर प्राचीन बौद्ध मठ भी पाये गये हैं। यह स्थल वैष्णव, शैव, जैन और बौद्ध संस्कृतियों का केन्द्र रहा है। इस अवसर सिरपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सतीश जग्गी,कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर सहित अन्य मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news