जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 3 जुलाई। एक युवक की लाश मिलने की खबर से इलाके भर में सनसनी फैल गयी है। युवक सडक़ किनारे अपने मोटरसाइकिल के समीप मृत पड़ा था और उसके शरीर में कई जगह चोट के निशान थे।
घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के करूमहुआ पाखेतिकरा की है। सोमवार को सुबह आस-पास से गुजरने वालों की नजर मृतक पर पड़ी। शव के शरीर पर चोट के निशान के साथ-साथ बाईक में भी खून के धब्बे मौजूद थे। घटना की सूचना पाकर पत्थलगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुँची फिर शव की पहचान हुई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मेनचन्द सिदार (30) के रूप में हुई है। पत्थलगांव एसडीओपी हरिश पाटिल ने बताया कि इस पूरे मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी फरार है। आरोपी पिता पुत्र हैं।
आपको बता दें कि मृतक की बाईक पर लगे खून के छींटे और आस पास देखते ही पुलिस को शक हुआ कि मृतक की हत्या हुई है। हत्या कहीं और हुई और शव को यहाँ तक घसीट कर लाया गया है। घसीटे गए जमीन को फॉलो किया। पुलिस पड़ताल में शव को दीवानपुर की ओर से घसीट कर लाया गया था। पुलिस दीवानपुर पहुंची और गुड्डा सिंह को हिरासत में लिया, क्योंकि इसके घर में खून के निशान और कुछ मांस के टुकड़े पुलिस को मिले थे।
बहारहाल अभी तक ना तो हत्या का कारण पता चल पाया है ना ही यह पता चल पाया है कि हत्या में कितने लोग शामिल थे। पुलिस इस मामले में जाँच कर रही है। अनुमान है कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।