महासमुन्द
कहा-लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,9 अगस्त। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने जिला न्यायालय महासमुंद का कल शाम 5:15 बजे औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिवक्ता कक्ष, न्यायालय परिसर, न्यायालय कक्ष के निरीक्षण में संतोष जाहिर की। गार्डन के रख-रखाव में कमी पाए जाने पर उसे ठीक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ महासमुंद के अधिवक्ताओं से बैठक लेकर उनसे जानकारी ली। न्यायिक अधिकारियों से भी मिटिंग की। लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। जिला न्यायाधीश ने 13 हजार 997 प्रकरणों के लंबित होने की जानकारी उन्हें दी। परक्राम्य लिखत अधिनियम चेक बाऊंस के प्रकरणों की संख्या की जानकारी ली। समझौता योग्य मामलों के त्वरित गति से निराकरण करने के भी निर्देश दिए।
इसी प्रकार न्यायाधीश ने अधोसंरचना को आगे भी व्यवस्थित रखे जाने के लिए कहा। औचक निरीक्षण में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल अरविन्द कुमार वर्मा, मुख्य न्यायाधिपति के पीपीएस एडिशनल रजिस्ट्रार एम व्ही एल एम सुब्रमणियम निरीक्षण के समय उपस्थित थे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश भीष्म प्रसाद पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चित्रलेखा सोनवानी एवं मुख्यालय के न्यायाधीश इस अवसर पर उपस्थित थे।