रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 सितंबर। प्रदेश में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। इसके साथ ही बारिश भी अब कम होगी। हालांकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ ही बिजली भी गिर सकती है। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के राजनांदगांव, बिलासपुर, बेमेतरा जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, कोरबा, कांकेर, बीजापुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान से तो दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई भी 25 सितंबर से शुरू होगी, वहां इसके लिए अनुकुल परिस्थितियां बन रही है। विभाग का कहना है कि अब धीरे-धीरे अन्य क्षेत्रों में भी मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू होगा। शुक्रवार को बादल छाने व बारिश के चलते रायपुर का अधिकतम तापमान भी पांच डिग्री गिर गया और रायपुर का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, कोटा, गुना, सतना, पुरुलिया, कृष्णा नगर और उसके बाद पूर्व की ओर मणिपुर तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम विहार और उसके आसपास 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से पश्चिम असम तक 0.9 किलोमीटर से 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में कल 24 सितंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है।