कोण्डागांव

छोटे भाई की बंदूक से हत्या, फरार आरोपी 2 हफ्ते बाद ओडिशा के जंगल से बंदी
19-Nov-2023 8:50 PM
छोटे भाई की बंदूक से हत्या, फरार आरोपी 2 हफ्ते बाद ओडिशा के जंगल से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव,19 नवंबर। हत्या के फरार आरोपी को 2 हफ्ते बाद माकड़ी पुलिस ने आज ओडिशा के जंगल से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। छ: नवंबर झाकरपारा गांव में भरमार बन्दूक से हत्या हुई थी। बड़े भाई ने ही छोटे भाई की हत्या की थी। हत्या के बाद से आरोपी भाई फरार था। आरोपी से भरमार बन्दूक, बारूद, लोहे के टुकड़े और पटाखा भी जब्त किया गया।

 पुलिस के अनुसार घटना दिनांक 6 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे आरोपी नंदकुमार नाग अपने पिता मंगलूराम नाग से समाज में मिलवाने की बात को लेकर गाली-गलौज झगड़ा विवाद कर रहा था। आरोपी नंदकुमार नाग की पत्नी पुनीता नाग अपने पति को समझा रही थी। उसी समय नंदकुमार नाग के छोटे भाई राजेन्द्र नाग की पत्नी रोहिणी नाग अपने पति राजेन्द्र नाग को फोन करके बुलाई।

 राजेन्द्र नाग घर पहुंचकर अपने बड़े भाई नंदकुमार नाग को झगड़ा नहीं करने और जो भी बात है कल सुबह करने के संबंध में समझा रहा था। तब आरोपी नंदकुमार नाग अत्याधिक गुस्से में आकर घर के अन्दर जाकर वहां रखे अपने अवैध भरमार बन्दूक को घर से निकाल कर आया और आँगन में खड़े अपने छोटे भाई राजेन्द्र नाग पर चला दिया। भरमार बन्दूक का छर्रा राजेन्द्र नाग के छाती पर जा लगा, जिससे घटना स्थल पर ही राजेन्द्र नाग की मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी नंदकुमार नाग  घर के बाड़ी तरफ से खेत जंगल की ओर फरार हो गया।

प्रार्थिया रोहिणी नाग की रिपोर्ट पर थाना माकड़ी में धारा 302 भादवि 25,27 आम्र्स एक्ट पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाय. अक्षय कुमार पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव के निर्देशानुसार एवं  दौलतराम पोर्ते अति. पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव व निमितेश सिंह पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोण्डागांव के मार्गदर्शन में आरोपी को पकडऩे हेतु निरीक्षक विनोद साहू के नेतृत्व में थाना माकड़ी एवं साईबर सेल कोण्डागांव की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं संयुक्त टीम के प्रयास से तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी नंदकुमार नाग  उम्र 37 वर्ष  निवासी झाकरपारा माकड़ी, थाना माकड़ी, जिला-कोण्डागांव को ग्राम जलंगपार जिला नबरंगपुर (ओडिशा) के जंगल से घेराबंदी कर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किया।

आरोपी नंदकुमार नाग के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक भरमार बन्दूक तथा भार बन्दूक में उपयोग होने वाले बारूद, लोहे के टुकड़े एवं पटाखा को जब्त किया गया। आरोपी नंदकुमार नाग को पर्याप्त साक्ष्य सबूत के आधार पर 19 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। जिसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमाण्ड पर केन्द्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news