बेमेतरा

पेयजल, सफाई को लेकर भाजपाइयों ने किया प्रदर्शन
22-Jun-2024 4:29 PM
पेयजल, सफाई को लेकर भाजपाइयों ने किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 जून।  नगर में व्याप्त समस्याओं को लेकर भाजपा शहर मंडल ने पदयात्रा कर नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया गया। भाजपाईयों ने शहर में हुए अधूरे निर्माण, पेयजल संकट, साफ -सफाई में कोताही, नगर पालिका में भ्रष्टाचार को लेकर जमकर नारेबाजी की। घेराव के दौरान महिलाओं शुद्ध पानी के लिए नगर पालिका के गेट के सामने मटका भी फोड़ा। घेराव के पूर्व भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को कार्यालय पहुंचने से रोकने का प्रयास किया गया था। घेराव के दौरान भारी संख्या में पुलिस जवान के साथ ही महिला पुलिस की टीम भी मौजूद रही।

भ्रष्टाचार के कारण निर्माण कार्य अधूरा 

घेराव के दौरान अलग-अलग भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में बन रहे भद्रकाली माता कांम्पलेक्स, पालिका बाजार, महिला समृध्दि बाजार, बस स्टैंड काम्पेक्स का निर्माण पूरा नहीं होने के पीछे मुख्य कारण भ्रष्टाचार है।

घेराव के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार परमानंद बंजारे को सौंपे हैं। नगर पालिका की निष्क्रियता व शहरवासियों को हो रही परेशानियों व उनके समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की। भाजपाईयों ने नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला मंगत साहू पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी उदासीनता की वजह से शहर के लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबधित रोगों का सामना करना पड़ रहा है। बीते चार साल से शहर का विकास पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।

घेराव करने वालों में पार्षद प्रवीण नीलू राजपूत, नीतू कोठारी, देवराम साहू, महेश साहू, ललित साहू,सावित्री रजक, तरण राजपूत, धर्मेंद्र साहू, गोपी देवांगन, संदीप यादव, योगेश्वर वर्मा, सजनी यादव, हर्षवर्धन तिवारी, रीना साहू, राकेश मोहन शर्मा, विकास तंबोली, राजेंद्र दुबे, संतोष वर्मा काका, युगल देवांगन, कमलेश वर्मा, राधेलाल बघेल, तुषार साहू, दीनानाथ साहू, रामअवतार साहू, जंभेश्वर वर्मा, योगेश वर्मा, परमेश्वर गायकवाड़, नागेश साहू आदि कार्यकर्ता शामिल थे

भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटका देंगे - ओमप्रकाश

जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी ने कहा कि घोटाला व भ्रष्टाचार करने वालों को हम उल्टा लटका देंगे। अध्यक्ष ने नाम लेते हुए कहा कि पहले भतीजा का काम गया अब काका की बारी है। जोशी ने कहा कि आने वाले समय में हम एक-एक घोटाला का हिसाब लेंगे। चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण करे, लोगों को मीठा पानी दें। शहर अध्यक्ष मोंटी साहू ने कहा कि नगर की जनता परेशान हो चुकी है। चार साल में नगर पालिका में जनता की बातों को नही सुना गया है जिसे लेकर हम सब आज सामने आए है। नगर पालिका सीएमओ के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई।

15 दिन में सुधार नहीं तो कचरा पालिका के सामने फेंकेंगे 

अब भाजपा की सरकार है जनहित के कामों को दरकिनार करने का काम नहीं चलेगा । आने वाले 15 दिन में शहर की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो हम शहर का कचरा उठाकर पालिका के सामने रखेगें। पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि गलत तरीके से अध्यक्ष का पद पर बैठने वालों को पद पर बैठना नहीं चाहिए। बीते कई चुनावों में कांग्रेस शहर से पिछड़ती जा रही है जिसके पीछे नगर पालिका में बैठे कांग्रेसी अध्यक्ष व पार्षदों द्वारा शहर में विकास के कार्य नहीं करना है इसके कारण लोगों में अंसतोष है। पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि तकदीर का बादशाह लिखने से नहीं जनता के चाहने से होता है। बिते कार्यकाल में घोटाला कर नगर पालिका को खोखला कर दिया गया है। पूर्व विधायक ने एक-एक कर कांग्रेसियों के कारगुजारी को उजागर किया।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news