कांकेर

पं. दीनदयाल के एकात्म मानववाद के मार्ग पर चलकर सभी वर्ग का विकास कर रही प्रदेश सरकार-साव
24-Sep-2024 5:37 PM
पं. दीनदयाल के एकात्म मानववाद के मार्ग पर चलकर सभी वर्ग का विकास कर रही प्रदेश सरकार-साव

डिप्टी सीएम ने किया 35.56 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कांकेर, 24 सितंबर। सोमवार को उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने चारामा में बस स्टैंड के समीप आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों हेतु कुल 35 करोड़ 56 लाख 68 हजार रूपये की  लागत के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही उनके द्वारा यहां पर पं. दीनदयाय उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

इस अवसर पर श्री साव ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के किसान, जवान, महिलाओं सहित सभी वर्ग का सरकार सतत् विकास कर रही है।

नगर पंचायत चारामा के मुख्यमार्ग पर आयोजित मूर्ति अनावरण समारोह में नगरवासियों को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव ने आगे कहा कि आपका शहर स्वच्छ और सुंदर बने, इसके लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत चारामा के विकास के लिए विभाग द्वारा एक करोड़ रुपए का प्रावधान भी किया गया है और इसके लिए प्रदेश सरकार के पास संसाधन की कोई कमी नहीं है। इस दौरान कांकेर  सांसद भोजराज नाग और बस्तर विधायक  किरणदेव सिंह ने भी संबोधित किया।

इसके पहले, उप मुख्यमंत्री श्री साव और अन्य अतिथियों ने 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और  भूमिपूजन किया। इनमें 1584.40 लाख रूपये के 04 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और 19 करोड़ 72 लाख 28 हजार रूपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम में अंतागढ़ विधायक  विक्रमदेव उसेंडी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, कांकेर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद मोहन मंडावी, नगर पंचायत चारामा के अध्यक्ष  प्यारेलाल देवांगन, उपाध्यक्ष केशर नागवंशी, मत्स्य विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भरत मटियारा, स्थानीय पार्षदगण सहित कलेक्टर नीलेश महादेव क्षीरसागर, अपर कलेक्टर  एस. अहिरवार, जिला पंचायत के सीईओ सुमित अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और काफी संख्या में नगरवासी मौजूद थे।

       चारामा के बस स्टैंड के समीप आयोजित कार्यक्रम में भूमिपूजन एवं लोकार्पण में कांकेर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखण्ड नरहरपुर के कुम्हानखार से झूलनातेन्दु मार्ग पर झूलनातेन्दु नाला में 1/2 किलोमीटर के उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य के लिए 292.98 लाख रूपये के निर्माण कार्य शामिल हैं। इसी तरह ग्राम ऑखीहर्रा-कोचवाही मार्ग पर 3/6 किलोमीटर नागबेल नाला पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य हेतु 341.76 करोड़ रूपये, ग्राम बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग में 4/6 किलोमीटर टुरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य हेतु 488.59 लाख़ रूपये और बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग में 6/6 किलोमीटर टुरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य हेतु 461.07 लाख रूपये की लागत के चार विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसी प्रकार उप मुख्यमंत्री श्री साव द्वारा विकासखण्ड नरहरपुर के ग्राम मावलीपारा, मांडाभर्री, बांगाबारी मार्ग के 4/2 किलोमीटर में कुकरेल नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य हेतु 522.34 लाख रूपये, भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम मरदेल-ईरागांव से दुर्गगांव ईमलीपारा मार्ग का निर्माण पुल-पुलिया सहित लम्बाई 4.18 किलोमीटर हेतु 327.62 लाख रूपये, कांकेर विकासखण्ड के ग्राम नावडोबरी, हटकाचारामा से पलेवा मार्ग का निर्माण पुल-पुलिया सहित लम्बाई 5.30 किलोमीटर हेतु 183.55 लाख रूपये और ग्राम पथर्री नाला से कुरालठेमली मार्ग का निर्माण (पुल-पुलिया सहित) लम्बाई 3.70 किलोमीटर हेतु 157.81 लाख रूपये का लोकार्पण किया गया।

       इसके अलावा प्रभारी मंत्री द्वारा कांकेर विकासखण्ड में जल जीवन मिशन अंतर्गत सिंगल विलेज नलजल प्रदाय योजनांतर्गत कांकेर विकासखण्ड के ग्राम बोरगांव हेतु 72.56 लाख रूपये,  ग्राम पंचायत कोदागांव के ग्राम आंवराभाठ हेतु 63.75 लाख रूपये और ग्राम माकड़ी सिंगराय हेतु  132.35 लाख रूपये तथा चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बासनवाही के ग्राम भुईंगांव हेतु  87.04 लाख रूपये, ग्राम तेलगरा हेतु 118.72 लाख रूपये, ग्राम काटागांव हेतु 143.24 लाख रूपये, ग्राम भोथा के लिए 122.54 लाख रूपये और ग्राम पंचायत कुर्रूटोला के ग्राम रतेडीह हेतु 40.76 लाख रूपये की लागत से 12 विकास कार्यों के कुल 1972.28 लाख रूपये का लोकार्पण भी किया गया।

 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news