राजनांदगांव

टूलकिट केस के विरोध में नांदगांव के हर थानों में 5 भाजपाईयों का धरना
24-May-2021 2:16 PM
टूलकिट केस के विरोध में नांदगांव के हर थानों में 5 भाजपाईयों का धरना

  रमन पर एफआईआर के खिलाफ एकजुट हुई भाजपा, अभिषेक समेत कई दिग्गज धरने पर  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई।
टूलकिट केस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने और पुलिस पूछताछ के खिलाफ सोमवार को प्रदेश समेत जिले में भी भाजपा नेताओं ने थानों में बैठकर प्रदर्शन किया। कोरोनाकाल में प्रदर्शन के लिए 5-5 नेताओं को ही थानों में धरना देने के लिए बाध्य होना पड़ा। राजनीतिक रूप से यह मामला काफी विवादित हो गया है। 

कोतवाली थाना में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह समेत भाजपा नेताओं ने धरना दिया। वहीं लालबाग थना में भी भाजपा के दलित नेता पवन मेश्राम और नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने धरना दिया। कोतवाली में प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा, रविन्द्र सिंह, मोनू बहादुर सिंह और तरूण लहरवानी समेत अन्य नेताओं ने धरना दिया। टूटकिट केस को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। डोंगरगांव में भी दो कुमर्दा और डोंगरगांव मंडल के भाजपा नताओं ने प्रदर्शन किया। छुरिया थाना में जनपद अध्यक्ष किरण वैष्णव और अन्य चार नेता धरने पर थे। 

इसी तरह जोब पुलिस चौकी में पूर्व मंत्री रजिंदरपाल सिंह भाटिया और गैंदाटोला में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू ने भी धरने में शामिल हुई। इसी तरह जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह जालबांधा पुलिस चौकी के सामने धरने पर खड़े थे। 

खैरागढ़ में भाजपा नेता विरेन्द्र जैन ने भी अन्य साथियों के साथ धरना दिया। इसी तरह डोंगरगढ़ थाना के सामने मंडल अध्यक्ष अमित जैन और अमित छाबड़ा, विजेन्द्र ठाकुर व रमन डोंगरे ने धरना दिया। अंबागढ़ चौकी थाना में पूर्व विधायक संजीव शाह और मंडल अध्यक्ष गुलाब गोस्वामी समेत अन्य नेताओं ने धरना दिया। 

भाजपा के धरना प्रदर्शन के चलते आज समूचे जिले के थानों में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। बताया जा रहा है कि थानेदारों को एहतियात बरतने के साथ-साथ किसी भी तनाव की स्थिति से निपटने के लिए आलाधिकारियों ने सख्त हिदायत दी थी। यही कारण है कि आज थानों में पुलिस मुस्तैद रही। 

सीएम बघेल घबराहट में-अभिषेक
टूलकिट केस को सियासी शस्त्र करार देते हुए पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि एफआईआर के जरिये कार्यकर्ताओं को डराने का काम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे हैं। दरअसल सीएम बघेल तिलमिला रहे हैं और वह घबराहट में है। पूर्व सांसद ने कहा कि  कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। टूलकिट केस के जरिये हमेशा एफआईआर को आधार बनाया जाता है। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता सरकार के इस हरकत से डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सरकार ढ़ाई साल में हर मोर्चे में फेल रही है और बचे हुए ढ़ाई साल में भाजपा डटकर सरकार के खिलाफ संघर्ष करेंगे। 

अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही भाजपा- छाबड़ा
राजनांदगांव शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने भाजपा के थानों में धरना दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि भाजपा की स्थिति खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी है। आज भाजपा अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। श्री छाबड़ा ने कहा कि रमन सिंह के खिलाफ पुलिस एफआईआर से भाजपा सहम गई है। पुलिस अपना काम कर रही है। जिसमें भाजपा को सहयोग करना चाहिए। 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news