महासमुन्द

थाने के सामने भाजपाईयों का धरना-प्रदर्शन
25-May-2021 5:42 PM
थाने के सामने भाजपाईयों का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मई।
टूलकिट मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता आक्रमक हो गए हैं। महासमुंद में आए दिन भाजपाई अपने शीर्ष नेताओं पर हुए एफआईआर दर्ज को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मांग कर रहे हैं कि एफआईआर शून्य करो या फिर हमारे ऊपर भी एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करो। इसे लेकर थाना परिसर में प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देने पहुंच रहे है, लेकिन जिला व पुलिस प्रशासन उन्हें नि:शर्त छोड़ दे रही है। 

सोमवार को जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक व मंडल में पांच भाजपा के पदाधिकारी थानों व चौकियों के सामने धरना प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देने पहुंचे। सभी जगह पुलिस ने नि:शर्त गिरफ्तारी देकर उन्हें छोड़ दिया। 

बताया जा रहा है कि जब तक शीर्ष नेताओं पर दर्ज हुए एफआईआर शून्य नहीं होता तब तक प्रदेश सरकार के खिलाफ चरणबद्घ आंदोलन जारी रहेगा। 
टूल किट मामले को लेकर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के आवाहन पर जिला मुख्यालय के प्रमुख थाना सिटी कोतवाली में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक भाजपा के नेताओंं ने धरना देकर सरकार के खिलाफ  नारेबाजी की फिर गिरफ्तारी देने पहुंचे। जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर के नेतृत्व में जिला उपाध्यक्ष व योगेश्वर राजू सिन्ह, जिला मंत्री पवन पटेल, जिला मीडिया प्रभारी एवं पार्षद महेंद्र जैन एवं भाजपा शहर के महामंत्री मनीष बंसल ने धरना देकर गिरफ्तारी दी। पुलिस ने धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया फिर रिहा कर दिया। धरने पर बैठे पदाधिकारियों ने कहा कि कि प्रदेश में जब से कांग्रेस के भूपेश मुख्यमंत्री बने हैं। तब से लेकर पूरे प्रदेश की जनता का हाल बेहाल है। जिले के सभी थाना चौकियों में भाजपाईयों ने इसी तरह धरना देकर गिरफ्तारी दी। 

भाजपाई गिरफ्तारी की नौटंकी कर रहे हैं-निखिल 
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष निखिल द्विवेदी ने भाजपा के प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुये कहा कि रमन सिंह भूल चुके हैं कि अब छत्तीसगढ़ में  भाजपा की नहीं कांग्रेस की सरकार है। उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल है। अब यहां जनता का राज है। कानून का शासन चलता है। जहांं पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज होने पर प्रकरण की पूरी विवेचना के बाद ही कार्रवाई करते हैं। लेकिन भाजपा नेता विवेचना में सहयोग करने के बजाए अपने आपराधिक कृत्य पर पर्दा डालने गिरफ्तारी के नाम पर राजनीतिक नौटंकी कर रहे हैं। मोदी सरकार द्वारा कोरोना की दूसरी लहर में आपदा कुप्रबंधन के चलते गंगा नदी में लाशें दफनाई जा रही हैं। गंगा नदी में लाशें तैर रही हैं। श्मशान में लाशों की लंबी लाइन लगी हैं। देश में ऑक्सीजन, दवाईयों और अस्पतालों में बेड की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है। इससे सबक लेकर व्यवस्था सुधारने के बजाय महामारी में पीडि़त लोगों की राहत के लिए केंद्र सरकार और भाजपा के पास कोई उपाय नहीं है। 

जब देश के लोगों को मेडिकल किट,  राशन किट और कोरोना रिलीफ  किट देने की बात आती है तो भाजपा नेता मोदी सरकार के गुनाहों पर पर्दा डालने के लिए फर्जी टूलकिट के माध्यम से जनता को गुमराह करने में लगी हुई हैं। फर्जी टूलकिट के खेल में भाजपा के नेता स्वयं बुरी तरह फंस गये हैं। 

फर्जी टूलकिट प्रकरण में आपराधिक षडयंत्र के मामले में फंस चुके पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित अन्य भाजपा नेता अपने अपराधों पर पर्दा डालने और जनता को गुमराह करने के लिए कथित गिरफ्तारी की नौटंकी कर रहे हैं। 
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news