महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी मेंं बुधवार की रात दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट भी हुई और गांव में स्थिति खराब हो गई। सूचना मिलते ही पटेवा थाना सहित बागबाहरा और पिथौरा से भी पुलिस की टीम रात में गांव रवाना की गई। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने कुल 7 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है। साथ ही घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परसों बुधवार की रात पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में छोटे बच्चों को मारने और गाली देने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और घटना में एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पचरी निवासी सुभाष लहरे की शिकायत पर विक्रम लहरे, मारकंडेय, आकाश डोरा और अमित की खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से विक्रम लहरे की शिकायत पर देवराज, सुभाष और धनराज लहरे के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने कुल 7 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है। साथ ही घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
पटेवा थाना प्रभारी के अनुसार दोनों परिवार में बच्चों के बीच हुई लड़ाई ही इस खूनी संघर्ष का कारण बना। पटेवा थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया कि दोनों परिवार पचरी गांव में देवराज लहरे और सहदेव लहरे का परिवार आमने-सामने रहता है। दोनों परिवार के बच्चों के बीच रात में करीब 8.30 बजे किसी बात पर लड़ाई हो गई। बच्चों की लड़ाई के बाद दोनों परिवार के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है।