राजनांदगांव

भाजपा की संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू
28-May-2021 6:51 PM
भाजपा की संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 28 मई। भाजपा के संगठन प्रभारी संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन में दक्षिण उत्तर एवं ग्रामीण मंडल की संयुक्त बैठक बुधवार को दोपहर 3 से 4 बजे तक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते डॉ. सिंह ने कहा कि 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 वर्ष पूर्ण होने पर कोई बड़ा आयोजन न कर, सेवा ही संगठन है का क्रियान्वयन करने हेतु देश के एक लाख गांव में भाजपा के नेता कार्यकर्ता सेवा प्रकल्प हेतु पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आह्वान पर प्रत्येक भाजपा का नेता एवं कार्यकर्ता 2 गांव जाकर सेवा कार्य निष्पादित करेंगे और टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक भी करेंगे। डॉ. सिंह ने बताया कि इस दिन कार्यकर्ता मास्क का वितरण, वैक्सीन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य, सूखा राशन बांटने का कार्य एवं युवा मोर्चा द्वारा ब्लड डोनेशन का महान कार्य करते आम लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराएंगे एवं 2 जून को भाजपा द्वारा बंगाल में हुई हिंसा के बारे में लोगों को सच्चाई से अवगत कराने हेतु वर्चुअल बेबिनोर आयोजित किया जाएगा तथा प्रदर्शन भी किया जाएगा। जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति का आव्हान किया गया।

मीडिया सेल के अनुसार बैठक की शुरूआत में जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने अपनी प्रस्तावना रखी। तत्पश्चात संगठन प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने तीनों मंडल अध्यक्षों से बूथ स्तर की जानकारी ली एवं शक्ति केंद्र को मजबूत करने संयोजक, सहसंयोजक एवं प्रभारी की नियुक्ति जल्द करने की बात कही।

श्री श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा एवं बूथ स्तर पर उसके क्रियान्वयन के लिए कार्यकर्ताओं को सदैव ही सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष सचिव एवं पालक बनाने के लिए शीघ्र प्रयास करने की बात कहीं। साथ ही संजय श्रीवास्तव ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि मेरा बूथ कोरोना मुक्त के लक्ष्य को लेकर भाजपा चल रही है। इस हेतु दीवार लेखन का कार्य भी करना है एवं टीकाकरण हेतु लोगों को प्रेरित करने का काम हमें करना होगा। मंडल स्तर पर सोशल मीडिया के लिए 6-6 नाम चयनित करने हेतु सूची बनाने का श्रीवास्तव ने दिशा-निर्देश दिए एवं विशेष रूप से कहा कि अब भाजपा शक्ति केंद्रों में 31 मई को सेवा प्रकल्प चलाएगी। जिसके तहत 5000 गांव की सहभागिता होगी, जहां पर भाजपा के कार्यकर्ता मास्क वितरण, सूखा राशन का वितरण भी करेंगे और टीकाकरण पर जनजागरण भी करेंगे। बैठक में दक्षिण मंडल अध्यक्ष तरूण लहरवानी, उत्तर मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते यथाशीघ्र ही पार्टी के संगठनात्मक निर्देशों को पालन करने की बात कही।

जिला भाजपा महामंत्री सचिन बघेल ने बताया कि बैठक में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, लीलाराम भोजवानी, अशोक शर्मा, संतोष अग्रवाल सहित तीनों मंडल के  पदाधिकारी शामिल हुए। वर्चुअल माध्यम से आईटी सेल के गिन्नी चावला एवं सूर्यकांत शर्मा ने बैठक की व्यवस्था की।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news