राजनांदगांव
पार्रीनाला तिराहे पर आज सुबह की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मई। पार्रीनाला तिराहे पर शनिवार को स्ट्रीट लाईट सुधार कार्य में लगी नगर निगम के एक वाहन को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक लाईनमेन जख्मी हुआ है। वहीं निगम के वाहन चालक और एक अन्य लाइनमेन हादसे में बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम के सीमा पर स्थित पार्रीनाला तिराहे पर आज सुबह नगर निगम के विद्युत विभाग के कर्मी स्ट्रीट लाईट को सुधारने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक ने तिराहे पर खड़ी वाहन को ठोकर मार दी। जिसके चलते वाहन पलट गई। बताया जा रहा है कि सुधार कार्य के दौरान वाहन में चालक और दो लाईनमेन सवार थे। ट्रक चालक की संभवत: निगम के वाहन पर नजर नहीं पड़ी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि ट्रक चालक के विरूद्ध पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक लाईनमेन को चोंट लगने के बाद अस्पताल भेजा गया है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।