राजनांदगांव

मोदी सरकार के 7 साल पूरे होने पर भाजपा बांटेंगी मास्क और सेनेटाईजर
30-May-2021 1:06 PM
मोदी सरकार के 7 साल पूरे होने पर भाजपा बांटेंगी मास्क और सेनेटाईजर

रमन नांदगांव शहर में तो संतोष-अभिषेक और मधुसूदन समेत कई दिग्गज ग्रामीण मंडलों में होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मई।
कोरोनाकाल से सुस्त पड़ी राजनीति में लंबे समय बाद भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 7 साल पूरे होने के अवसर को सियासी रूप से भुनाने की तैयारी में है। वैश्विक महामारी कोरोना संकट से राजनीतिक गतिविधियां पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। भाजपा ने मोदी सरकार के कार्यकाल को एक बेहतर अवसर मानते हुए मास्क और सेनेटाईजर वितरित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। दरअसल पार्टी के रणनीतिककारों का मानना है कि इस आयोजन के बहाने कार्यकर्ताओं को आम जनता के सुख-दुख से जुडऩे का मौका मिलेगा। वहीं इसी बहाने मोदी सरकार के 7 वर्षीय कार्यकाल से भी लोग वाकिफ होंगे।

बताया जा रहा है कि राजनांदगांव जिले में राष्ट्रव्यापी इस अभियान के तहत दिग्गज नेताओं को अलग-अलग मंडलों में जाकर सेनेटाईजर और मास्क बांटने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जहां राजनांदगांव शहर में आम लोगों के बीच पहुंचकर मास्क और सेनेटाईजर का वितरण करेंगे। वहीं सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव समेत अन्य प्रमुख नेताओं को विभिन्न मंडलों में उपस्थिति दर्ज कराते इस अभियान को गति देने का निर्देश दिया गया है। 

बताया जा रहा है कि पूर्व सीएम डॉ. सिंह राजनांदगांव शहर में मास्क और सेनेटाईजर वितरित करते हुए लोगों को कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करने के गुण और दोष से मुखातिब कराएंगे। वह आशा नगर के बाशिंदों को कोरोना के प्रति जागरूक करेंगे। इसी तरह सांसद संतोष पांडेय छुईखदान और गंडई मंडल के अलावा कवर्धा में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर अभियान में शामिल होंगे। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ठेलकाडीह और मुडिय़ा मोहारा में पहुंचकर अभियान शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव अभियान को रफ्तार देने के लिए वनांचल कौड़ीकसा, अंबागढ़ चौकी और छुरिया मंडल में लोगों के बीच मौजूद रहेंगे। पार्टी ने खूबचंद पारख, अशोक शर्मा और लीलाराम भोजवानी को भी अलग-अलग शक्ति केंद्रों की जवाबदारी दी है। इसी तरह पूर्व मंत्री रजिंदरपाल सिंह भाटिया छुरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह खैरागढ़ मंडल, नीलू शर्मा लखोली, पवन मेश्राम पांडादाह मंडल में पहुंचकर ग्रामीणों को मास्क और सेनेटाईजर वितरित करेंगे।

 बताया जा रहा है कि पार्टी ने लगभग सभी प्रमुख नेताओं को अलग-अलग मंडलों में पहुंचकर अभियान को सार्थक रूप देने का निर्देश दिया है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष श्री यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि केंद्र सरकार के 7वें साल पूर्ण होने पर पार्टी आलाकमान के निर्देश पर कल मास्क और सेनेटाईजर वितरित किए जाएंगे। इस अभियान का मकसद यह है कि कोरोना संकटकाल में लोगों के बीच पहुंचकर पार्टी दुख-दर्द समझेगी। भाजपा दक्षिण मंडल अध्यक्ष तरूण लहरवानी शहर के अलग-अलग शक्ति केंद्रों की तैयारी और अभियान से जुड़े निर्देशों से पार्टी कार्यकर्ताओं को अवगत करा रहे हैं।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news